वह रील बनाती है अब, झाड़ू-पोछा जैसे काम छोड़ दिये हैं अब। उसकी माँ और एक बहन है जो कुछ घरों में झाड़ू-पोछा, बर्तन साफ करने वाले काम कर रही हैं।
रुचि की सहेली ने यह भी बताया कि “रील बनाने में बारह पंद्रह सौ मिल ही जाते हैं। मैं भी उसके साथ जाने लगी हूँ, पूरा एक ग्रुप है हम सबका।”
रुचि की सहेली का नाम अबीरा है। अक्सर मुझे कहीं न कहीं मिल जाती है। उसके नाम का अकाउंट भी है। बहुत सारे फॉलोवर्स है उन दोनों के। रुचि ने सारे काम छोड़ दिये हैं। रील बनाने जाती है। रात बारह एक बजे तक लौट पाती है। रहन-सहन खान-पान एकदम बदल गया है।
अबीरा अभी दो घर में काम करती है और पढ़ाई भी। उसने बताया कि स्कूल व कॉलेज के बहुत से विद्यार्थी हैं, जो रील बना कर चर्चित हुए हैं। अबीरा कालेज स्टूडेंट है, रुचि ने पढ़ाई छोड़ दी है।
साथ में उसकी मौसी की बैटी जेवर भी रील बनाने में संलग्न है। जेवर का ब्याह हो गया है। लेकिन आजकल अपने पति का घर छोड़ दिया है।
एक दिन अबीरा कॉलेज से घर वापस आ रही थी। रास्ते में जेवर का पति मिल गया। और उससे जेवर का जिक्र करते हुए उसे कहा, “जेवर को मैंने बहुत समझाया है कि मेरे साथ ही रहे, आखिर उसका पति हूँ। दो वर्ष का एक बेटा है हमारा।”
अबीरा ने उसके पति को बताया, “जेवर कहती है, तुम कोई कमाई नहीं करते। वह अब तुम्हारे साथ नहीं रहना चाहती। तुम नशा भी करते हो, ऐसा उसने बताया है।”
“नशा तो मैंने छोड़ दिया है। जिनके यहाँ काम करता हूँ, वहाँ मालिक नाराज़ होते हैं। दाल-रोटी चल जाती है। जेवर के शौक बहुत मँहगे हैं। फिर भी जेवर को अच्छी तरह से रखने की कोशिश करूँगा। तुम मेरी बात उस तक पहुँचा देना।”
अबीरा ने यह बात मुझे बताई थी। अबीरा ने यह भी बताया कि एक से एक अमीर घराने के भी युवक-युवतियाँ हैं और मस्त रील बनाते हैं।
अबीरा अनुशासित और मर्यादित है इसलिए सकारात्मक रील में सहयोग करती है। रुचि, जेवर और अन्य युवक युवती हर तरह की रील से अत्यधिक फॉलोवर्स बनाते हैं और कमाई भी अच्छी है। इंस्टाग्राम पर रुचि के अकाउंट में अश्लील रील की लीला थी।
रुचि और जेवर की तो लाइफ स्टाइल ही बदल गयी है। जेवर को अपना पति पुरातनपंथी व उबाऊ लगने लगा है। किसी अन्य युवक के सम्पर्क में आ गयी है। लेकिन अपने पति से खर्चा माँगती रहती है। अन्यथा अन्य धमकियाँ देती रहती है।
कॉलेज स्टूडेंट भी रील बनाने के लिए कोई न कोई स्थान खोज ही लेते हैं।
अबीरा अपनी पढ़ाई में व्यस्त हो गयी है। परीक्षाएँ समीप हैं। इंस्टाग्राम पर रुचि किसी अजनबी के सम्पर्क में आ गयी है। उसके साथ भाग जाने का प्लान है। ऐसी कुछ भनक लगी तो अबीरा ने उन लोगों से थोड़ी दूरी बना ली है।
रुचि और जेवर किसी की बात नहीं मानती। उचित-अनुचित का ध्यान भी नहीं रखतीं थीं। रील की दीवानगी ऐसी कि एक ही छलाँग में बड़ी सफलता पाने की लालसा और महत्वाकांक्षा। वो दोनों अबीरा का मज़ाक भी बनाती हैं कभी-कभी।
लेकिन मर्यादित सीमित रील में भी अबीरा को अच्छे व्यूज़ मिलते हैं। अबीरा कोई सा भी कार्य सोच-विचार कर करती है। सद्भावना व सकारात्मक सोच और ऊर्जा के विस्तार को समझने का प्रयास करती है। पता चला कि रुचि उस लड़के के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी है।
अब तो जेवर भी पति को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर पीट देती है, गालियाँ देती है। पति उसकी अनाप-शनाप धमकियों से भयभीत हो उसे दूसरे के साथ रहने की अनुमति भी दे दी है कि अब उससे उसका वास्ता नहीं। लेकिन जेवर उससे जीवन भत्ता माँगती है।
रुचि और उसका प्रेमी रंजन के मध्य विवाद की स्थिति बनने लगी है। क्योंकि रील बनाने के लिए बाहर से रंजन की परिचित गर्लफ्रेंड आती है तो रंजन और रुचि के ही रूम में ठहरती है। रुचि के साथ अश्लील रील, अन्य के साथ भी। अतः बवाल हुआ। रुचि और रंजन का विवाद बढ़ना स्वाभाविक था।
उस दिन दूर बस्ती में गोली चलती है और पता चलता है कि रील के दौरान हादसा हुआ। रुचि का प्रेमी हादसे को अंजाम देकर भाग जाता है, घायल रुचि के प्राण पखेरू उड़ जाते हैं।
इस रील हादसे की गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि दूसरी घटना घटित हुई।
जेवर किसी मंदिर में अश्लील नृत्य की रील के कारण चर्चाओं में आ जाती है। जहाँ उसका पहला पति क्षमायाचना कर उसे बचाता है। क्योंकि दूसरा पति तो उसे भीड़ में ही छोड़ कर भाग गया था, हंगामा बहुत बढ़ गया था।
कल कॉलेज में हुई स्नातकोत्तर परीक्षाओं का परिणाम घोषित हुआ है।
किसी ने दरवाजे में दस्तक दी, उस समय प्रातः आठ बजे स्नान आदि के पश्चात चाय पीकर अखबार पढ़ रही थी। कपाट आधे खुले थे, मैंने उस ओर देखा, “आ जाओ अबीरा! बहुत दिनों बाद आई हो।”
मैंने कहा तो अबीरा कमरे में आ गयी उसके हाथ में मिठाई का डब्बा था। उसने उसे खोलकर मेरी ओर बढ़ाया। मैंने एक लड्डू उठा कर आधा उसे खिलाया, आधा स्वयं खाया।
“रिजल्ट अच्छा आया है शायद,” मैं मुस्कुरायी।
“प्रथम श्रेणी है, और—और—”
“और क्या”
वह रिजल्ट की खुशी के कारण कुछ बोल नहीं पा रही थी।
“टॉप किया है।” वह एक झटके में बोली। उसकी आँखों में आँसू भी आ गये थे। मोबाइल उठा कर उसने अपनी कुछ रील दिखाई, जिसमें पढ़ाई सम्बंधित ज्ञानवर्धक रील बनाई हुई थी। इन्हें देखकर शिक्षा से सम्बंधित विद्यार्थी पढ़ाई भी कर सकते थे। नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण जैसे अन्य सकारात्मक विषयों पर बनी रीलें कोई न कोई संदेश दे रही थीं। मन उसके प्रति स्नेहिल हो उठा।
“खुशी में भी कोई रोता है क्या?” कहकर मैंने उसके कंधे पर हाथ रखा। जिसे उसने मज़बूती से थाम लिया था। रीयल लाइफ के लिए यही तो चाहिए।
(कथा संग्रह क्षितिज में संकलित यह कहानी रील लेखिका आभा श्रीवास्तव की अनुमति से यहाँ प्रकाशित की जा रही है।)
पुस्तक विवरण:

क्षितिज’ लेखिका आभा श्रीवास्तव की 21 कहानियों का संग्रह है। संग्रह जेटीएस पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित किया गया है।
पुस्तक: क्षितिज | लेखिका: आभा श्रीवास्त्व | प्रकाशक: जेटीएस पब्लिकेशंस | पुस्तक लिंक: अमेज़न
