किसी इंसान की हत्या करने के बाद हत्यारे आमतौर पर लाश को छिपाने के लिए बेचैन हो उठते हैं। लेकिन बत्तीस वर्षीय फॉरेंसिक डॉक्टर अनिकेत ने आज रात बिलकुल उल्टा काम किया है; उसने बड़ी मशक्कत के बाद पोस्टमार्टम की मेज़ से एक अभी-अभी गला कटी हुई युवती की लाश चुराकर अपने ड्रॉइंगरूम के सोफे पर लाकर बैठा दी है। लड़की ने नीले रंग की बनारसी सिल्क साड़ी पहन रखी है, माथे पर लाल बिंदी है, लेकिन उसकी श्वासनली को किसी धारदार हथियार से इस तरह काटा गया है कि वहाँ से अब भी ताजा ख़ून की बूँदें टपक-टपककर अनिकेत के चमचमाते सफेद महंगे कालीन पर गिर रही हैं।
बाहर तब शांत शहर में रिमझिम बारिश शुरू हो गयी है; ऐसी बारिश, जिसमें भीगने पर लगता है जैसे पूरा शहर एक विशाल शव हो और रात का अँधेरा उसके ऊपर बिछाई गयी काली चादर। अनिकेत एकटक उस लाश को देख रहा है, क्योंकि उसे लग रहा है कि लड़की मरी नहीं है; वह किसी भी क्षण अपनी दोनों आँखें खोलकर अनिकेत की ओर देखेगी और फुसफुसाकर उससे बातें करने लगेगी।
अनिकेत ड्रॉइंगरूम से लगे अपने फ्लैट की बालकनी में आकर खड़ा हो गया। उसके हाथ में धुआँ उड़ाती हुई खास दार्जिलिंग टी का एक कप है। अनिकेत की एक अजीब आदत है—जब वह किसी बेहद जटिल मानसिक स्थिति में फँस जाता है, तब वह इसी तीखी, धुएँ जैसी खुशबू वाली चाय को पीता है। चाय के कप से एक घूँट लेकर वह सामने अँधेरी सड़क की ओर देखता रहा। साल्टलेक के एच ब्लॉक के आवासीय इलाके में स्थित यह चार मंज़िला फ्लैट कुछ ज्यादा ही सुनसान है।
सोफे पर बैठी लड़की का नाम पायल है। पायल हिल-डुल नहीं रही, उसकी दोनों आँखें बंद हैं, यहाँ तक कि उसकी छाती भी ऊपर-नीचे नहीं हो रही है। लेक गार्डंस की एक सुनसान पड़ी पानी की टंकी के भीतर से आज शाम चार बजे पुलिस ने उसका शव बरामद किया था।
अनिकेत का पूरा नाम अनिकेत मजूमदार है। वह कोलकाता के एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग में सहायक प्रोफेसर है। उम्र बत्तीस साल। चश्मा पहनता है और हमेशा करीने से इस्त्री की हुई साफ-सुथरी शर्ट पहनता है। उसे देखकर लगेगा कि वह बेहद मृदुभाषी, शर्मीला और सीधा-सादा इंसान है। मेडिकल हॉल के सामने से चलते समय अगर उसे एक चींटी भी दिखाई दे जाए, तो वह पैर बचाकर आगे बढ़ता है। लेकिन इंसान के भीतर का रूप क्या बाहर से कभी दिखाई देता है? इंसान का मन तो वास्तव में एक गहरा कुआँ है। ऊपर से शांत पानी दिखाई देता है, लेकिन उस पानी के नीचे क्या-क्या मरकर सड़ रहा है, यह कोई नहीं जानता।
अनिकेत को एक बीमारी है। चिकित्सा विज्ञान की भाषा में जिसे कहते हैं नेक्रोफिलिया (Necrophilia)। मृत शरीर के प्रति एक तीव्र, अदम्य, आदिम आकर्षण। किसी जीवित स्त्री ने अनिकेत को कभी आकर्षित नहीं किया। उनके शरीर की गंध, उनका बोलना, उनकी चंचलता—सब कुछ अनिकेत को परेशान करने वाला लगता है। लेकिन एक ठंडा, निश्चल, शांत शव? उसे लगता है, यही तो इस दुनिया की परम सुंदरता है।
पायल को अनिकेत ने पहली बार आज शाम छह बजे देखा, जब उसका शव मुर्दाघर में लाया गया। लड़की की उम्र बीस-बाईस वर्ष होगी। गोरा रंग, बड़ी-बड़ी लंबी आँखें। गले के ठीक सामने, थायरॉइड के पास एक गहरा घाव था। जब अनिकेत शव की प्राथमिक जाँच कर रहा था, तब उसके हाथ काँप रहे थे। उसी समय उसने फैसला कर लिया था कि वह पायल को मुर्दाघर के उस गंदे फ्रीजर में सड़ने नहीं देगा।
मुर्दाघर के डोम (मुर्दाघर में जो लाश को काटते है) मसूद अली के हाथ में पाँच हज़ार रुपये के नोट थमाते ही वह आँखें बंद करके दूसरी ओर मुड़कर खड़ा हो गया था। मसूद अली दुनिया की बहुत-सी चीज़ें समझता है, और फिर भी बहुत-सी चीज़ों को बिलकुल नहीं समझता। वह जानता है कि इन डॉक्टर लोगों को कुछ अजीब तरह के शौक होते हैं। अनिकेत एक पूरा शव गाड़ी के पीछे की डिक्की में रखकर ले जा रहा है—यह देखकर भी मसूद अली ने ऐसा दिखावा किया, जैसे उसने कुछ देखा ही न हो।
अनिकेत चाय का कप लेकर ड्रॉइंगरूम में वापस आ गया। उसने पायल को बहुत सुंदर नीले रंग की बनारसी सिल्क साड़ी पहना दी है। माथे पर लाल रंग की बिंदी लगायी है। होंठों पर हल्की-सी लिपस्टिक। पायल के बाल अब भी थोड़े गीले हैं। अनिकेत एक कंघी से बहुत सावधानी और प्यार से पायल के बाल सँवार रहा है।
शव की ओर देखने पर अब पहली नज़र में यह समझ पाना मुश्किल है कि वह मर चुकी है। लेकिन फॉरेंसिक का विद्यार्थी होने के कारण अनिकेत की नज़रों से कुछ चीजें छिप नहीं रही हैं। पायल की उँगलियाँ धीरे-धीरे अकड़ती जा रही हैं। विज्ञान की भाषा में इसे रिगर मॉर्टिस कहते हैं। मृत्यु के तीन से चार घंटे के भीतर शरीर की छोटी-छोटी मांसपेशियाँ अकड़ने लगती हैं।
“पायल,” अनिकेत ने बहुत धीमी आवाज में कहा, “क्या तुम चाय पियोगी? जानता हूँ, नहीं पियोगी। मुर्दे चाय नहीं पीते। वे सिर्फ खामोशी पीते हैं।”
अनिकेत ने पायल के बर्फ जैसे ठंडे गाल पर हाथ रखा। कोई गर्माहट नहीं थी। यही ठंडक अनिकेत के दिमाग में आनंद की एक तीव्र लहर पैदा कर रही थी। वह पायल की गोद में सिर रखकर सोफे पर लेट गया। कमरे का सीलिंग फैन बहुत धीमी गति से घूम रहा था।
अचानक अनिकेत का मोबाइल फोन काँप उठा। स्क्रीन पर एक नाम उभर आया— ‘इंस्पेक्टर मनोज’।
अनिकेत का दिल धक से रह गया। मनोज राय लेक थाने का सब-इंस्पेक्टर था। पायल मर्डर केस का इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर। इतनी रात को वह फोन क्यों कर रहा था? वह उठा और उसने फिर से चाय का कप उठा पिया। फिर अनिकेत ने हल्का-सा गला साफ किया और दूसरे हाथ से फोन रिसीव कर लिया।
“हैलो, मनोज साहब? इतनी रात को?”
दूसरी तरफ से मनोज की गम्भीर और कुछ थकी हुई आवाज सुनाई दी, “अरे डॉक्टर साहब, मैं कब से आपको फोन कर रहा हूँ, लेकिन आप तो फोन ही नहीं उठा रहे थे, एक ज़रूरी काम था। वो जो लेक-गार्डंस वाली लड़की थी, पायल। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आपने प्राइमरी कॉज़ ऑफ डेथ क्या लिखा था?”
“शार्प वेपन इंजरी टू द नेक। श्वासनली और कैरोटिड आर्टरी कट गयी थी। अत्यधिक रक्तस्राव या हाइपोवोलेमिक शॉक के कारण मृत्यु।” अनिकेत ने बेहद पेशेवर अंदाज़ में जवाब दिया।
“अच्छा। लड़की के मोबाइल रिकॉर्ड खंगालने पर हमें एक अजीब जानकारी मिली है। लड़की पिछले तीन महीने से एक साइकियाट्रिस्ट के पास जा रही थी। उसे कुछ मानसिक समस्याएँ थीं।”
“ओह, अच्छा। हो सकता है।”
“वो तो ठीक है। लेकिन मज़ेदार बात क्या है, जानते हैं अनिकेत साहब? साइकियाट्रिस्ट की प्रिस्क्रिप्शन में लड़की के एक अजीब सिंड्रोम का जिक्र है। उसका नाम है शायद ‘कैटाटोनिक स्टूपर’। इसमें इंसान कभी-कभी ज़िंदा लाश जैसा हो जाता है। नाड़ी चलती हुई महसूस नहीं होती, साँसों का भी पता नहीं चलता। शरीर के सारे रिफ्लेक्स बंद हो जाते हैं। जब आप डेड बॉडी की जाँच कर रहे थे, तब क्या आप सौ प्रतिशत निश्चित थे कि लड़की मर चुकी थी?”
अनिकेत के हाथ में पकड़ा चाय का कप हल्का-सा काँप गया।
“मनोज साहब, आप मज़ाक कर रहे हैं? उसकी गर्दन पर घाव की गहराई लगभग तीन इंच थी। वह ज़िंदा कैसे रह सकती थी?”
दूसरी तरफ से मनोज हल्का-सा हँसा।
“आपने बिलकुल सही कहा, लेकिन आप इस रात गये अचानक पायल की लाश लेकर कहाँ गायब हो गये?”
मनोज की बात सुनकर अनिकेत के पैरों तले जैसे ज़मीन खिसक गयी। वह हकलाते हुए बोला, “म…मतलब! आप क्या कहना चाह रहे हैं?”
“लड़की के उस अजीब सिंड्रोम के बारे में पता चलने के बाद मैं कुछ देर पहले शव की दोबारा जाँच करवाने के लिए मुर्दाघर गया था। वहाँ जाकर जब शव नहीं मिला, तो मैंने आप लोगों के डोम मसूद से पूछताछ की। तब उसने बताया कि आप शव को लेकर गये हैं। उसके बाद मैंने आपको दो बार फोन किया, लेकिन आपने फोन नहीं उठाया। इसलिए मजबूरन हमें अपने आईटी एक्सपर्ट की मदद लेनी पड़ी। हमारे आईटी एक्सपर्ट ने आपके मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करके बताया है कि आप इस वक्त अपने साल्ट लेक वाले फ्लैट के पास ही हैं। हम उसी तरफ आ रहे हैं। हम दस मिनट के अंदर आपके वहाँ पहुँच जाएँगे। बाकी बातें वहीं पहुँचकर होंगी। और हाँ, आप कृपया वहाँ से कहीं जाने की कोशिश मत कीजिएगा।”
फोन कटने के बाद अनिकेत के माथे से पसीना बहने लगा। लेकिन वह जो नहीं जानता था, वह था पायल की मौत के पीछे छिपा असली सच।
पायल कोई साधारण लड़की नहीं थी। वह बाँकुड़ा मेडिकल कॉलेज की अंतिम वर्ष की एक मेधावी छात्रा थी। अपराध विज्ञान और मानव तंत्रिका तंत्र पर शोध के सिलसिले में वह पिछले तीन महीने से कोलकाता के एक नामी न्यूरोलॉजिस्ट और साइकियाट्रिस्ट, डॉक्टर आलोक सान्याल की असिस्टेंट के रूप में काम कर रही थी।
डॉक्टर आलोक कोलकाता शहर के नामी और प्रभावशाली लोगों का इलाज करते थे। लेकिन उनके चैम्बर की आड़ में एक प्रतिबंधित ड्रग ट्रायल चल रहा था। उन्होंने ऐसा सिंथेटिक न्यूरोटॉक्सिन तैयार किया था, जिसे इंसान के शरीर में इंजेक्ट करने पर कुछ समय के लिए दिल की धड़कन और मस्तिष्क की तरंगें इतनी धीमी हो जाती थीं कि सामान्य ईसीजी मशीन पर भी व्यक्ति मृत दिखाई देता था। डॉक्टर आलोक इस ड्रग का इस्तेमाल करके अमीर परिवारों के मरणासन्न मरीजों से ‘लाइफ सपोर्ट’ के कारोबार के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठ रहे थे। पायल ने डॉक्टर आलोक के लैपटॉप से इस भयावह मेडिकल स्कैम के सारे सबूत चुरा लिये थे। और यही उसका अपराध था।
उस दिन दोपहर के दो बजे डॉक्टर आलोक ने खुद पायल को लेक-गार्डंस की उसी सुनसान पड़ी पानी की टंकी के पास बुलाया था, समझौता करने के बहाने। जब पायल उनकी शर्त मानने के लिए तैयार नहीं हुई, तब डॉक्टर आलोक ने अपनी जेब से उस न्यूरोटॉक्सिन का एक हाई-डोज इंजेक्शन निकाला और पायल की गर्दन में लगा दिया।
कुछ ही सेकंड में पायल का शरीर सुन्न पड़ गया। उसकी पल्स रेट घटकर प्रति मिनट 3-4 रह गयी, जिसे नंगे हाथों से या स्टेथोस्कोप की मदद से महसूस करना असम्भव था। डॉक्टर आलोक ने समझ लिया कि पायल मर चुकी है। सबूत मिटाने और इस घटना को किसी साइकोपैथ का काम साबित करने के लिए उन्होंने एक सर्जिकल स्कैलपेल निकाला और पायल की गर्दन पर एक वार कर दिया।
लेकिन जल्दबाजी और अँधेरे के कारण डॉक्टर आलोक से एक बहुत बड़ी गलती हो गयी। उन्हें लगा था कि पायल की मेन कैरोटिड आर्टरी कट गयी है। लेकिन वास्तव में केवल उसकी त्वचा, थायरॉइड का कुछ हिस्सा और श्वासनली का थोड़ा-सा हिस्सा ही कटा था। ड्रग के प्रभाव के कारण उस समय पायल का ब्लड प्रेशर लगभग शून्य के आसपास था, इसलिए गर्दन के घाव से लगभग कोई रक्तस्राव ही नहीं हुआ!
किसी तीव्र रक्तस्राव के बिना ही पायल एक गहरी, मरणासन्न कोमा जैसी अवस्था में चली गयी। और जब उसे मुर्दाघर में लाने के बाद अनिकेत उसकी सुंदरता में इस कदर अंधा हो गया कि उसने न तो कोई प्यूपिलरी रिफ्लेक्स जाँचा और न ही दिल की धड़कन की जाँच की, बल्कि सीधे शव को चुराकर अपने घर ले आया—तब वह वास्तव में एक ज़िंदा इंसान को अपने साथ ले आया था!
फ्लैट के ड्रॉइंगरूम में बैठा अनिकेत जब डर के मारे काँप रहा था, तभी कमरे के गर्म वातावरण और समय बीतने के साथ पायल के शरीर से डॉक्टर आलोक द्वारा दिए गए न्यूरोटॉक्सिन का असर धीरे-धीरे खत्म होने लगा। पायल का दिमाग फिर से सक्रिय होने लगा। चिकित्सा विज्ञान की भाषा में इसे लाजरूस फेनोमेनन कहते हैं; यानी मृत घोषित किए जाने के बाद अचानक हृदय का फिर से काम करने लगना।
अनिकेत ने पायल के चेहरे की ओर देखा। पायल की दोनों आँखें बंद थीं। लेकिन अब उसकी पलकों के बीच हल्की-सी दरार दिखाई दे रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे आँख के कोने से एक बूँद तरल पदार्थ बहकर नीचे आ रही हो। वह पानी था या खून?
अनिकेत को लगा कि उससे गलती हो रही है। यह सिर्फ एक भ्रम था। अत्यधिक डर के कारण उसे हैलुसिनेशन हो रहा था। मृत्यु के बाद मांसपेशियों के शिथिल होने या पोस्टमार्टम स्पैज़्म के कारण कई बार शव की आँखें या हाथ थोड़ा-बहुत हिल जाते हैं। यह एक वैज्ञानिक तथ्य है। अनिकेत ने खुद को समझाने की कोशिश की। उसने जेब से रूमाल निकाला और पायल की आँख पोंछने के लिए आगे बढ़ा। ठीक उसी क्षण पायल ने अपना दायाँ हाथ उठा दिया।
बहुत धीमी, यांत्रिक गति से पायल का ठंडा, अकड़ा हुआ हाथ ऊपर उठा और उसने अनिकेत की कलाई को कसकर पकड़ लिया। अनिकेत चीखना चाहता था, लेकिन उसके गले से कोई आवाज़ नहीं निकली। अत्यधिक भय के कारण इंसान के वोकल कॉर्ड तक सुन्न हो जाते हैं—आज उसे पहली बार इसका एहसास हुआ। पायल की उँगलियाँ बर्फ के टुकड़ों जैसी ठंडी थीं, लेकिन उसकी पकड़ लोहे की शिकंजे जैसी मज़बूत थी।
पायल का सिर धीरे-धीरे एक तरफ झुक गया। उसकी गर्दन का कटा हुआ घाव खुल गया और वहाँ से काला, जमा हुआ ख़ून फुहार की तरह फर्श पर गिरने लगा।
अनिकेत चीखना चाहता था, लेकिन उसके गले से कोई आवाज़ नहीं निकली। वह पूरी ताकत से पायल की पकड़ से अपनी कलाई छुड़ाने की कोशिश करने लगा। लेकिन वह कामयाब नहीं हो पा रहा था। यह किसी भूत का साया नहीं था। यह मौत के मुँह से वापस लौटी एक जीवित इंसान की जीने की आखिरी बेताब कोशिश थी!
पायल अनिकेत को कसकर पकड़े हुए मदद माँग रही थी। लेकिन उसकी श्वासनली कटी होने के कारण उसके मुँह से कोई आवाज़ नहीं निकल रही थी। सिर्फ उसके फेफड़ों की हवा जब गर्दन के घाव से बाहर निकल रही थी, तब एक अजीब-सी सिसकारी जैसी आवाज़ पैदा हो रही थी, जो अनिकेत को हैलुसिनेशन में किसी अलौकिक संदेश जैसी लग रही थी। ठीक उसी समय ड्रॉइंगरूम का दरवाज़ा एक झटके से खुल गया। बिना कोई दस्तक दिए इंस्पेक्टर मनोज कमरे में दाखिल हुए। उनके हाथ में एक रिवॉल्वर थी। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर मनोज एक कदम पीछे हट गये। सोफे पर नीली साड़ी पहने पायल अनिकेत का हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचे हुए थी।
“अनिकेत साहब! ये क्या हो रहा है!” मनोज चीख उठे।
उन्होंने रिवॉल्वर की बट से पायल के हाथ पर जोरदार वार किया। एक चटाक-सी आवाज हुई। पायल के हाथ की रेडियस और अल्ना, दोनों हड्डियाँ टूट गयीं, लेकिन उसने अनिकेत का हाथ नहीं छोड़ा।
दरअसल, इंस्पेक्टर मनोज कोई ईमानदार पुलिस अधिकारी नहीं थे। वह डॉक्टर आलोक के पेरोल पर रखा हुआ एक खरीदा हुआ गुलाम था। पायल के सिंड्रोम के बारे में पता चलने के बाद मनोज ने डॉक्टर आलोक को इसकी जानकारी दी। तब उन्होंने मनोज को पायल को हमेशा के लिए खत्म करने और सारे सबूत नष्ट करने के लिए भेजा था।
जब मनोज अनिकेत के कमरे में दाखिल हुए, तो उन्होंने तुरंत समझ लिया कि पायल वास्तव में ज़िंदा है और हिल-डुल रही है। मनोज जानते थे कि अगर पायल बचकर वापस आ गयी, तो डॉक्टर आलोक और उनका ड्रग सिंडिकेट बेनकाब हो जाएगा। इसलिए उन्होंने कोई जोखिम नहीं लिया।
“अनिकेत साहब, कहते हैं कि हादसे में मरने वाले लोगों की आत्माएँ मोह-माया में अटकी रहती हैं। इसलिए जब तक उनके शरीर को जला नहीं दिया जाता, तब तक उन्हें शांति नहीं मिलती।”
यह कहकर इंस्पेक्टर मनोज ने एक मनोवैज्ञानिक खेल खेला। फिर उन्होंने मेज़ पर रखी स्पिरिट की बोतल उठाई और उसमें मौजूद पूरी स्पिरिट पायल के शरीर पर उड़ेल दी। इसके बाद एक माचिस की तीली जलाकर पायल की नीली साड़ी पर फेंक दी। अगले ही पल पायल का शरीर धधकती आग की लपटों में घिर गया।
जब आग पायल के पूरे शरीर को अपनी चपेट में ले रही थी, तब भी पायल जीना चाहती थी। लेकिन आग की तपिश से उसकी नसें और टेंडन सिकुड़ने लगे। असहनीय दर्द और साँस लेने में तकलीफ़ के बीच सोफे पर छटपटाते-छटपटाते आखिरकार पायल सचमुच मर गयी।
आग की गर्मी से उसके हाथ की मांसपेशियाँ जलकर शिथिल हो गयीं और उसकी पकड़ ढीली पड़ते ही अनिकेत ने झटके से अपना हाथ छुड़ा लिया और फर्श पर गिर पड़ा। अनिकेत ने अपनी आँखों के सामने एक जीवित इंसान को जलकर राख होते देखा। और अपने नेक्रोफिलिक अपराध के तीव्र पश्चात्ताप में उसका दिमाग हमेशा के लिए विक्षिप्त हो गया।
इस घटना को लगभग तीन महीने बीत चुके हैं। इस दौरान बहुत कुछ घटित हो चुका था। इंस्पेक्टर मनोज ने अदालत में यह साबित कर दिया था कि पायल की मौत किसी साइकोपैथ के हमले का ही नतीजा थी। चूँकि डॉ. अनिकेत ने पायल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पहले ही लिख दिया था कि उसकी मौत श्वासनली और कैरोटिड आर्टरी कट जाने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव अथवा हाइपोवोलेमिक शॉक से हुई थी, इसलिए मनोज को यह साबित करने में कोई परेशानी नहीं हुई।
मनोज ने अदालत के सामने अपनी रिपोर्ट पेश की थी, जिसके अनुसार पायल किसी अज्ञात साइकोपैथ का शिकार हुई थी और उसके बाद उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाया गया था। वहाँ डॉ. अनिकेत ने पायल का पोस्टमॉर्टम किया, लेकिन नेक्रोफीलिया से पीड़ित अनिकेत पोस्टमॉर्टम के दौरान पायल के प्रति आकर्षित हो गया। नतीजतन, अपनी विकृत वासना को तृप्त करने के लिए वह पायल के शव को अपने फ्लैट पर ले आया। इंस्पेक्टर मनोज को जब अस्पताल के डोम मसूद से इस बात का पता चला, तो उसने फोन पर डॉ. अनिकेत से सम्पर्क किया और उसे फ्लैट से बाहर निकलने के लिए मना कर दिया। इधर, इंस्पेक्टर मनोज का फोन आने के बाद डॉ. अनिकेत पर मानसिक दबाव बहुत बढ़ गया। पकड़े जाने के भय से वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठा और सबूत मिटाने की नाकाम कोशिश में उसने पायल के शव को आग लगा दी।
जब तक मनोज अनिकेत के फ्लैट पर पहुँचा, तब तक पायल का शव काफी हद तक जल चुका था। जलते हुए मांस की असहनीय दुर्गंध पाकर उस सुनसान आवासीय परिसर के आसपास रहने वाले कुछ लोग फ्लैट तक पहुँच गये। वहाँ उन्होंने आग में झुलसे पायल के शव, मानसिक संतुलन खो चुके अनिकेत और आग बुझाने की कोशिश में जुटे इंस्पेक्टर मनोज को देखा। चूँकि आग लगाने के समय फ्लैट में अनिकेत, पायल और मनोज के अलावा कोई मौजूद नहीं था और मानसिक रूप से विक्षिप्त हो चुका अनिकेत इस झूठी कहानी का खंडन करने की स्थिति में भी नहीं था, इसलिए अदालत ने अस्पताल के डोम मसूद और फ्लैट के आसपास रहने वाले लोगों के बयानों के आधार पर मनोज की रिपोर्ट को आसानी से सही मान लिया। अदालत ने पुलिस को उस अज्ञात हत्यारे की तलाश करने और अनिकेत को मानसिक चिकित्सालय भेजने का आदेश दिया।
अनिकेत अब कोलकाता के एक मानसिक अस्पताल के केबिन में रहता है। वह दिनभर खिड़की के पास बैठा रहता है। उसका दाएँ हाथ, जिसे पायल ने पकड़ा था, के सारे टिश्यू मर चुके हैं। मेडिकल साइंस में इसे ड्राई गैंग्रीन कहते हैं। रक्त का संचार पूरी तरह बंद हो जाने के कारण उसका हाथ काला और लकड़ी की तरह सख्त हो गया है। डॉक्टरों ने कहा है कि हाथ काटकर अलग करना पड़ेगा, लेकिन अनिकेत इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
आज रात भी बाहर बारिश हो रही है। कोलकाता के उस मानसिक अस्पताल के चारों ओर घना अँधेरा है। अनिकेत खिड़की के शीशे में अपना प्रतिबिम्ब देख रहा था। हवा में अब भी जैसे उस जलते हुए जीवित इंसान के मांस की गंध तैर रही थी। उसे समझ में आ गया कि पायल की आत्मा उसे नहीं बुला रही थी; उसके भीतर का अपराधबोध और उसकी विकृत मानसिकता ही उसे हर दिन थोड़ा-थोड़ा करके मार रही थी।
अगली सुबह अस्पताल का वार्ड बॉय आया और उसने देखा कि अनिकेत अपने बिस्तर पर मृत पड़ा था। उसके चेहरे पर एक अजीब-सी मुस्कान थी। पोस्टमार्टम में डॉक्टरों को उसकी मौत का कोई ऑर्गेनिक कारण नहीं मिला। डॉक्टरों ने डेथ सर्टिफिकेट पर लिखा, ‘कार्डियोरेस्पिरेटरी फेल्यर‘।
इस बीच, पुलिस भी उस तथाकथित साइकोपैथ का पता लगाने में नाकाम रही। आखिरकार, इस अपराध को अनसुलझा मामला घोषित कर पुलिस ने उसकी फाइल बंद कर दी।
आखिर में अपराधी डॉक्टर आलोक और इंस्पेक्टर मनोज बच निकले, और एक निर्मम सच्चाई कोलकाता शहर की बारिश के पानी में धुलकर हमेशा के लिए कहीं खो गयी।
समाप्त
