पुस्तक टिप्पणी: क्षितिज – आभा श्रीवास्तव

क्षितिज - आभा श्रीवास्तव | जेटीएस पब्लिकेशंस

‘क्षितिज’ लेखिका आभा श्रीवास्तव की 21 कहानियों का संग्रह है। संग्रह जेटीएस पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित किया गया है। इस कहानी संग्रह पर लेखिका शोभा शर्मा ने अपने विचार रखे हैं। आप भी पढ़ें:


क्षितिज - आभा श्रीवास्तव

कथा कहानी कहने की लम्बी और सम्पन्न परम्परा आदि काल से चली आयी है।

कहानी के जरिये एक जीवंत दृश्य चित्र निर्मित होता है तो कहानी पाठक को उस काल खंड, संस्कृति, मान्यताओं, रुढ़ियों को साकार कर देती है।

सुश्री आभा श्रीवास्तव जी के कहानी संग्रह ‘क्षितिज’ में शामिल कहानियों में जीवन, रिश्तों और उनके अंतर्द्वंदों को पूर्ण संवेदनशीलता से उकेरा गया है।

भाषा सहज, सरल, प्रवाहमय, बाँधने वाली, पठनीय और मर्म को स्पर्श करने वाली हैं। कहानियों के शीर्षक सुंदर, सटीक हैं।
लगभग सभी कहानियों में भाव प्रवणता, गहरा चिंतन है जिनमें सामाजिक ढांचे से अलग विश्वास गढ़ते हुए पात्र हैं।

कथानक जीवंत एवं कहानियों की भाषा में सरल सहज प्रवाह है।

कहानीकार ने अपनी कहानियों की प्रेरणा आसपास के जीवन से ली है। जो उनकी पैनी नजर का द्योतक है।

समाज की विसंगतियों से दो-चार होती, इन नायिका प्रधान कहानियों की नायिकाएँ कभी बोल्ड तो कभी परम्परा एवं संस्कारपूरित चरित्र रचती हैं।

वे अपने-अपने ढंग से निर्णय लेतीं हैं और सोच एवं व्यवस्था से परे, अनपेक्षित सुखद अंत पाठकों के समक्ष आता है। इस पुस्तक की कहानियों के कथानक, पात्र, भाषा-शैली सुंदर है।

सरल सहज प्रभावी संवाद और कहानियों के उद्देश्य जैसे तत्वों का भलीभाँति मूल्यांकन हुआ है।

किसी कहानी में स्त्री हृदय की वेदना उद्घाटित हुई है तो किसी में समाज की समस्या को लेकर उसका समाधान प्रस्तुत किया गया है।

रील

यह आज के दौर की कहानी है। मीडिया/रील बनाने के जादू से प्रभावित ऐसी नायिका को दर्शाती है जो पारिवारिक मूल्यों को भूल चुकी है।

क्षितिज

अनब्याही नायिका, बढ़ती हुई उम्र, माता पिता दीदी की जिम्मेदारियों में माहौल एवं होने वाले वर की असमंजस/ऊहापोह की स्थिति, अनकही उदासीनता से रूबरू होती, छटपटाती आहत होती है। क्या वे जीवन साथी बन पाते हैं?

ससुराल

इस कहानी में विवाहोपरांत जीवन मूल्यों को समझती समझदार/नासमझ दो सहेलियाँ हैं।

विवाह

माँ द्वारा बेटे से विवाहोपरांत की जाने वाली अपेक्षाएँ, जो पूरी हो पायी या नहीं, यह इस कहानी का विषय है। यह कहानी पढ़ी जानी चाहिए।

नेकी कर दरिया में डाल

शीर्षक से स्पष्ट है कि आजकल नेकी करने का ज़माना नहीं रहा। अनेक बार ऐसा होने के वाबजूद विश्वास प्रगाढ़ हुआ।

जाति

अस्पृश्यता की विसंगतियाँ को दर्शाती एक मार्मिक कहानी।

महत्ता

किसी वस्तु, कार्य, उत्तरदायित्व की महत्ता समयानुसार ही होती है बाद में वह निर्थक हो जाता है। कहा गया है कि ‘सावन गये भसावन’। यही यह कहानी दर्शाती है।

अखंडदीप

विवाहित जोड़े की एक दूसरे के प्रति आस्था दर्शाती पठनीय कहानी।

बंधक

मोबाईल में कैद जिंदगी की वास्तविक दुनिया से तुलना करती कहानी। आज के समाज पर गहरी टिप्पणी की गयी है।

पड़ाव

जीवनसाथी खो देने एवं एकाकीपन में जीवन के चौसठवें अध्याय में नयी कहानी लिखने की कोशिश । सफल हुई ता असफल?

पर्वत्यौहार

बचपन के मीठे संस्मरण से ओतप्रोत कहानी। समय किस तरह से बदला है यह भी दर्शाती है।

परदा मर्यादा का

अनमेल विवाह अनमेल विचार फिर भी परदा पड़ा रहे। बहुत सारे वाक्यांश उपमाएँ इतनी सुंदर हैं कि कथाकार का भाषा पर भलीभाँति अधिकार बताती हैं।

सुरक्षा

कहानी बेहद सतर्कता से, सधे हुए वाक्यविन्यास एवं कथानक के साथ लिखी गयी है। जिस ओर इशारा होना चाहिए वह पाठक भलीभाँति समझ सकता है।

यात्रा

कहानी ‘यात्रा’ में पुरुष सहयात्रियों के मन में कुछ ऐसा भी हो सकता है जिससे महिलाओं के साथ होने वाली दुर्घटनाओं,अश्लील हरकतों, हादसों से कैसे बचा जाए। अंदेशों से सतर्क रहना जरुरी। इसके लिए अवश्य पढ़ें यह कहानी।

संग्रह की अंतिम कहानी ‘कोयला भई न राख’ एक बेहद मार्मिक कहानी है। वर्ग कोई भी हो सामान्य या अभिजात्य, अपने लिए कुछ उसूल और दूसरों के लिए कुछ और रखे जाते हैं। स्त्री के वैधव्य पर अशुभ कदम पड़े हैं, ज़िंदगी भर वह कोयले की तरह सुलगने के लिए छोड़ दी जाती है, तो वहीं पुरुष के लिए चिता की राख ठंडी भी नहीं होने दी जाती। आपको सोचने के लिए काफी कुछ दे जाती है।

इस संग्रह में मौजूद सभी कहानियाँ ज़िंदगी के कुछ अनकहे प्रश्नों को उठाती हैं, कभी निरुत्तर करती हैं और कभी समस्याओं के समाधान भी करतीं हैं। आभा श्रीवास्तव की कलम से निकली यह कहानियाँ वर्तमान में प्रासंगिक हैं। इन कहानियों से समाज को कुछ न कुछ दिशा, मार्गदर्शन, शिक्षा अवश्य मिलती है।

जन्म मरण के बंधन, रिश्तों के तार उलझाती, सुलझाती कहानियाँ लिखने में माहिर लेखिका आभा श्रीवास्तव के इस संग्रह को निश्चित रूप से पाठक आत्मसात कर याद रखेंगे।

पुस्तक विवरण:

पुस्तक: क्षितिज | लेखिका: आभा श्रीवास्त्व | प्रकाशक: जेटीएस पब्लिकेशंस | पुस्तक लिंक: अमेज़न


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Author

  • शोभा शर्मा

    लेखिका शोभा शर्मा मूलतः टीकमगढ़ मध्य प्रदेश की हैं। टीकमगढ़ में ही रहकर उन्होंने अपनी शिक्षा दीक्षा ग्रहण करी। उन्होंने प्राणी शास्त्र में एम एस सी करने के बाद बी एड किया। इसके बाद उन्होंने काफी समय तक शिक्षिका के रूप में भी कार्य किया। विवाह के पश्चात उन्होंने परिवार के साथ समय बिताने हेतु शिक्षण से त्यागपत्र ले लिया और स्वतंत्र लेखन करने लगीं।

    उनकी साठ से अधिक कहानियाँ, अनेक लेख और कवितायें सरिता, मुक्ता, सरस सलिल, गृहशोभा, गृहलक्ष्मी, मेरी सहेली, वनिता, मनोरमा जैसी कई पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्होंने आकाशवाणी छतरपुर से अस्थाई उद्घोषिका का कार्य भी किया है और अब तक उनकी पचास से अधिक कहानियाँ, वार्ताएँ एवं झलकी (हाय रे! हिचिकी) का रेडियो प्रसारण हो चुका है।

    मुख्य कृतियाँ:

    एक थी मल्लिका (उपन्यास), तेरे मेरे दरमियाँ (कहानी संग्रह), देशज प्रेत कहानीयाँ भाग 1 (कहानी संग्रह), देशज प्रेत कहानीयाँ भाग 2 (कहानी संग्रह), देशज प्रेत कहानीयाँ भाग 3 (कहानी संग्रह)

    इंटरनेट पर उपलब्ध रचनाएँ - प्रतिलिपि, मातृभारती

    View all posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *