पुस्तक अंश: अघोरी मर्डर फाइल – नील कृष्ण

अघोरी मर्डर फाइल - नील कृष्ण | सूरज पॉकेट बुक्स

डार्क नाइट क्लब। शाम आठ बजे।

विकास ने केबिन में कदम रखा। जगमोहन उस घड़ी उसे ही देख रहा था। हाथ में लगभग खत्म हो चुकी सिगरेट का टोटा शेष था और ऐशट्रे टोटों से भरी पड़ी थी। यानी कि जगमोहन किसी खास सोच के हवाले था और लगातार स्मोक कर रहा था। सोचते हुए।

विकास धम्म से चेयर पर जा पसरा। जगमोहन तब भी पूर्ववत ही उसे देखता रहा।

“चिंता ना करो।” विकास चिंता जताने का जतन करते बोला, “एक गयी तो दूसरी आएगी। दूसरी गयी तो तीसरी आएगी। उसकी फिक्र में धुएँ के हवाले होवोगे तो नर्क में जा गिरोगे।”

जगमोहन ठिठका। टोटा ऐशट्रे में मसलते बोला वह, “क्या अबा तबा बक रहा है? कौन गयी?”

“तुम्हारी माशूक!”

“माइंयावा! मैं ब्रह्मचारी हूँ।”

“दाता! यानी लड़की का चक्कर नहीं है?”

“नहीं खासम। अघोरी का चक्कर है। और उसकी वजह से मैं पशेमान हूँ।”

“तभी!”

“क्या तभी?”

“अगर मामला जोरू का होता तो तुमको ग़म होता और शराब हाथ में होती।”

“ओये कहना क्या चाहता है?”

“आदमी का चक्कर भाप्पा जी। वो भी अघोरी का।”

जगमोहन ने बुरा सा मुँह बनाया। और खामोश रहा।

“अगर चक्कर जोरू का होता तो बहती गंगा में मैं भी हाथ धो लेता क्योंकि तब तुम्हारे हाथ में शराब होती मगर क्या किया जा सकता है! और धुआँ-धुआँ होने का मेरा मूड नहीं!”

“खोत्ते दा पुत्तर! साफ-साफ नहीं बोल सकता कि पैग-पैग होने का मूड है!”

“बोतल मँगाओ।” विकास ने बोल दिया साफ-साफ ।

जगमोहन ने फोन उठाकर जरूरी आदेश जारी किए। 5 मिनट के भीतर वेटर ब्लू लेबल की बोतल, दो गिलास और ड्राई फ्रूट के साथ हाज़िर हुआ। फिर जाम बनाकर दोनों को पेश कर रुखसत हुआ। दोनों ने जाम टकराकर घूँट भरे। तब विकास बोला, “अब बोलो। क्या मामला है?”

“कौन सा मामला?”

“जिसके सदके कश पर कश लिए जा रहे थे! अघोरी का चक्कर!”

“अच्छा वो!”

“वही।”

जगमोहन ने एक साँस में गिलास खाली किया और सिगरेट सुलगा कर कश लिया, तब कहा, “मामला अजीब है, पुराना भी है, और नया भी है,और देखा जाए तो मामला गम्भीर तो है ही। मामला लम्बा भी है। कहाँ से शुरू करूँ समझ नहीं आ रहा।”

“अपने पास वक्त ही वक्त है, जहाँ से मर्जी शुरू कर दो।” विकास ने भी सिगरेट सुलगा ली। जगमोहन ने राख ऐशट्रे में झाड़ी और कहना आरम्भ किया।

“कोई माने चाहे ना माने मगर ऊपरी शक्तियों का अस्तित्व होता है। उनका प्रकोप भी बराबर होता है। सब पर नहीं मगर कुछ पर उनकी कुदृृष्टि होती ही है ऐसे में जब-जब धंधा मंदा पड़ता है तो बुरी नज़र से बचने के लिए, आयी बला को टालने के लिए हमें ओझा अघोरियों की मदद हासिल करनी पड़ती है। आज से कई महीनों पहले जब मुझे ऐसी मदद की ज़रूरत महसूस हुई तब मैंनेे ऐसे लोगों की तलाश की जो ऊपरी बलाओं से इस क्लब को सुरक्षित कर पाते।”

विकास ने बुरा मुँह बनाया जो जगमोहन की नज़रों से छिप न सका।

“मुँह न बना। तेरी पैदाइश पर तेरी माँ ने भी तेरी कलाइयों में गंडे तबीजों के ढेर बंधे होंगे।”

“सभी माँएँ करती हैं यह सब। मेरी माँ ने भी किया। वह ईश्वर में आस्था रखने वाली महिला थी।”
“तो मुँह ना बना, ध्यान से सुन। मेरी आस्था भी तेरी माँ से जुदा नहीं है। हमारा आख़िरी केस ही ले ले। ऐन आख़िरी वक्त में ईश्वर ने हमारा साथ दिया वरना तेरा जो नाम जासूसी की दुनिया में मियां खलीफा बन चुका है वह लद्दाख में मिट्टी में…”

“बुर्ज खलीफा।” विकास को दखलंदाज होना पड़ा।

“उसका क्या!” जगमोहन बोला।

“मिसाल तो ठीक से दो!”

“और मैं क्या दिया! तेरा नाम यहाँ जासूसी के मामले में बुर्ज खलीफा जैसी बुलंदी हासिल कर चुका है, यही तो बोला मैंनेे!”

“ठीक-ठीक। आगे!”

“कहीं तूने मियां खलीफा तो नहीं समझ लिया!”

“नहीं भाप्पा जी!” विकास ने हाथ जोड़े।

“फिर टोक क्यों?”

“शामत आयी थी। अब पीछा छोड़ो और मुद्दे पर आओ। क्लब को ऊपरी बलाओं से बचाने के लिए क्या किया?”

सिगरेट में कश लेता स्वयं को गम्भीर बनता बोला वह, “मैंनेे किसी ऐसे की खोज शुरू की जो मेरी मदद कर पाता। इसमें अधिक समय ना लगा। मुझे उस तरह के बंदे की ख़बर मिल गयी। शीघ्र वह बंदा भी मिल गया। वह क्लब में आया। वह एक अघोरी था और कमाल की बात यह थी कि वह कॉलेज के जमाने का मेरा मित्र प्यारे निकला जो अपनी तांत्रिक रुचियों और हालात के हवाले हुआ एक खतरनाक अघोरी बन चुका था।”

“यानी समस्या खत्म। अघोरी मिल गया। उसने यहाँ आकर आबरा का डाबरा कर दिया!”

“किया, मगर समस्या ख़त्म नहीं हुई।”

“यानी तुम्हारा यार एक कारगर अघोरी न बन पाया था?”

जगमोहन एक पल ठिठका फिर तत्काल वह उसकी बात समझा।

“बेड़ा गर्क हो तेरा। कर्मजले—वो सफल अघोरी था उसने क्लब की नज़र उतार दी थी। और जिस समस्या का जिक्र मैंनेे किया वो बाद में सामने आयी।”

“कितनी बाद में?”

“आज सुबह।”

“और कैसी समस्या? क्या क्लब को फिर नज़र लग गयी?”

“नहीं। इस बार नज़र मेरे घोड़ी मित्र प्यारे को लगी। उसका क़त्ल हो गया।”

विकास ठिठका। जाम उसके हाथ से छूटते-छूटते बचा। वह एकाएक गम्भीर हो उठा।

“क्या कह रहे हो? कैसे हुआ क़त्ल और कब?”

जगमोहन ने साइड में रखा अखबार विकास के सामने पटका। फिर आगे झुक कर अख़बार के कोने में छपी एक न्यूज़ पर उँगली रखी, “इसे पढ़।”

विकास ने अख़बार काबू किया और ध्यान कोने में मौजूद उस ख़बर पर लगाया जो एक लेख के रूप में था जिसमें जनता का ध्यान महकमे की करतूत की तरफ आकर्षित करने की कोशिश की गयी थी। जिसके राज में शक्ति रखने वाले अघोरी तक सुरक्षित ना थे फिर आम जनता तो थी ही किस गिनती में! इसी के साथ एक अघोरी के कत्ल का खुलासा उसकी फोटो के साथ छापा था। जिसकी तरफ शायद पुलिस ने शायद इसलिए ध्यान ना दिया था क्योंकि उसकी पीठ पर किसी बड़ी सोर्स का वजूद मौजूद न था और इसीलिए वह फाइल ठंडे बस्ते में डाल दी गयी थी। विकास ने एक नज़र उस अघोरी की फोटो पर डाली और अख़बार किनारे सरका दिया। वह उसका अखबार ‘ब्लैक फॉन्ट’ ना था अन्यथा उसे उसे खबर के वहाँ छपने की जानकारी होती।

“अगर कभी सत्ता मेरे हाथ में आयी तो सबसे पहला काम मैं इस विभाग को बंद करने का करूँगा।” जगमोहन का आक्रोश फूटा।

“मैं उसे दिन का इंतज़ार करूँगा।” विकास में चुटकी ली।

“तू बाज आजा।”

“अरे मैं कार से आया हूँ।”

जगमोहन ने उसे घूरा। विकास ने जबरन दाँत फाड़े। जगमोहन ने सिगरेट सुलगायी।

“एक मेरे लिए भी।”

जगमोहन ने एक और सिगरेट सुलगा कर विकास की ओर बढ़ाई। विकास ने कश लिया फिर संजीदा होता बोला।

“क्या चाहते हो?”

माहौल एकाएक गम्भीर हो उठा।

“वह एक भला मानस था।” जगमोहन ने बताया, “उसने बचपन में मेरी बहुत मदद की थी। मुझे उस हमदर्दी है। जब वह यहाँ आया तब उसने मुझे अपनी दास्तान सुनाई थी जो बहुत गमगीन और संघर्ष भरी थी। लेकिन वह एक सफल अघोरी था। उसका कत्ल होना अजीब है। भला किसी अघोरी को कोई क्यों मारना चाहेगा!”

विकास को उसे बाबत सोचना पड़ा।

“किसी दूसरे अघोरी ने उसका कत्ल किया हो सकता है।”

“अगर ऐसा होता तो उसकी मिट्टी भी मिट गयी होती और किसी को कानो कान खबर भी न होती। जबकि उसे उसके आवास में क़त्ल किया गया।”

“उसका आवास!”

“घर। दबड़ा। बसेरा।” जगमोहन ने क्लियर किया।

“यहाँ दिल्ली में!”

“काशी में। वहाँ रविंद्रपुरी में अघोरियों का आश्रम है, वहाँ।”

वह न्यूज़ दिल्ली के अखबार का हिस्सा थी। कत्ल यूपी में हुआ और ख़बर दिल्ली के पेपर में छप रही थी। मामला सच में हैरानी का था। विकास सोचो से बाहर आया।

“कैसे पता चला कि कत्ल वहाँ हुआ?”

“अख़बार में खबर पढ़ते ही मैंनेे काशी फोन लगाया। तफ़सील तब मालूम पड़ी कि…।”

“कि…..।”

“कि कत्ल वहाँ हुआ था। आज से 10 महीने पहले हुआ था, और बड़े ही रहस्यमय तरीके से हुआ था।”

“कैसा रहस्यमई तरीका?”

जगमोहन ने गहरी सांस ली जैसे किसी भयावह दृश्य की कल्पना से काँपा हो। वह कुर्सी पर तनिक सीधा हुआ और आवाज़ को रहस्य में डुबाता बोला।

“बीती रात वह सही सलामत कमरे में गया और अगली सुबह उसकी लाश 11 टुकड़ों में कमरे में मिली।”

विकास ने पहलू बदला। वह सच में हैरान हुआ।

“यह तो किसी वहशी का कारनामा हुआ।”

“जिस दिन यह हत्यारा मेरे हाथ लगा इसके 22 टुकड़े करूँगा।” जगमोहन दाँत पीसता बोला।

“काबू रखो।”

“रखा ही हुआ है।”

वह खुद पर काबू पाता नज़र आया।

“तो फिर आगे पुलिस ने क्या किया?”

“माँ का सिर किया।”

“फिर भी क्या किया?”

“रूटीन तफ्तीश लाकर आश्रम के मत्थे मारी।” वह ज़हर उगलते बोला, “जरी होते के वर्क से एक फाइल सजाकर हेडक्वार्टर की लाइब्रेरी में जा सजाया जैसे सुरेंद्र मोहन पाठक का कोई कालजयी नॉवल हो और तोहमत का पिटारा मार दिया आश्रम पर कि उन्हीं के किसी चेले‑चपाटे ने बड़े करामाती ढंग से उस वारदात को अंजाम दिया जो कि इतना शातिर था कि भीतर उसने कहीं निशान तक ना छोड़े। अरे निशान को तो गोली मारो बकौल केस इंचार्ज हत्यारे ने पूरा काम इतनी एहतियात से किया कि कत्ल के दौरान उसने अपना पाद भी रोक कर रखा कि कहीं महकमा उसकी बदबू से उसका सुराग न पा ले।”

विकास ने जबरन हँसी रोकी। जगमोहन ने कहना जारी रखा।

“सालों ने केस से किनारा कर लिया,क्योंकि इस केस में सालों को मलाई जो नहीं मिल सकती थी!”

“वैसे यू पी की पुलिस है तो नहीं ऐसी!”

“माँ का सिर। अब पुलिस की तारीफ के कसीदे ना गाने लगियो।”

“ठीक है नहीं गाता।”

“यह तू अच्छा करेगा। अभी दोनों कान मेरी ओर कर और पूरा प्लान सुन कि हमने आगे क्या करना है!”

विकास बाकायदा कान आगे बढ़ा कर बैठ गया।

“हमने मेरे यार के हत्यारे को थामना है और उस माइयावे की दुम ठोकनी है।” इतना कह कर चुप हुआ वह।

विकास ने मुँह बिसूरा।

“यह था प्लान?”

“तो और क्या था ?”

“कुछ नहीं प्लान ही था।” विकास ने पीछा छुड़ाया।

“तो क्या सोचा! कब करेगा प्लान पर अमल!”

“आज के वक्त में क़त्ल एक आम बात हो गई है और अघोरी का कत्ल होना भी एक आम वारदात ही होती मगर उसकी बॉडी के 11 टुकड़े होना इसे खास बनाता है। ऊपर से मक़तूल तुम्हारा यार था…..।”

“बचपन का यार था।”

“वही। इसी वास्ते मेरी इसमें दिलचस्पी जाग गयी है।”

जगमोहन खुश हो उठा।

“वह प्लान जो तुमने इतनी मेहनत से बनाया उस पर हम अभी से अमल स्टार्ट करेंगे।”

“माँ सदके।” जगमोहन ने खाली हो चुके गिलास फिर भरे। फिर घूँट भरे गये।

“अब बता हमारा पहला कदम क्या होगा!”


आखिर किसने किया था अघोरी का कत्ल? क्या विकास कातिल का पता लगाने में कामयाब हुआ? उसने कातिल का पता लगाने के लिए क्या कदम उठाए?

इन सभी सवालों के उत्तर तो आपको इस उपन्यास को पढ़कर ही प्राप्त होंगे।

पुस्तक परिचय

अघोरी मर्डर फाइल - नील कृष्ण | सूरज पॉकेट बुक्स

अघोरी जब अघोरी नहीं था, तब वह जगमोहन का जिगरी यार था। लेकिन अघोरी बनने के बाद उसकी रहस्यमय तरीके से हत्या हो गयी। उसके शरीर के ग्यारह टुकड़े कर दिये गये और हैरत की बात यह थी कि मठ में किसी को भनक तक नहीं लगी कि एक कमरे के भीतर किसी को धारदार हथियार से बेरहमी से काटा जा रहा है।

पुलिस ने केस को ठंडे बस्ते में डाल दिया।

लेकिन कुछ समय बाद विकास को अघोरी की वार्डरोब से एक खोपड़ी, लाल कपड़ा और एक फटा हुआ अधूरा नक्शा मिला। सुरागों की तलाश में विकास ने जब ढोल की पोल खोली, तो उसके भीतर छिपा ऐसा राज़ सामने आया जिसने उसे उन मास्टरमाइंडों तक पहुँचा दिया, जिनका सम्बंध एक ऐसे केस से था जिसने पूरे देश के होश उड़ा रखे थे। एक अघोरी की हत्या… ग्यारह टुकड़े… एक रहस्यमय नक्शा… और ऐसा राज़, जो खोल देगा देश के सबसे सनसनीखेज केस की परतें।

प्रकाशक: सूरज पॉकेट बुक्स | पुस्तक लिंक: अमेज़न


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Author

  • 'एक बुक जर्नल' साहित्य को समर्पित एक वेब पत्रिका है जिसका मकसद साहित्य की सभी विधाओं की रचनाओं का बिना किसी भेद भाव के प्रोत्साहन करना है।
    सन् 2012 से हम यह कार्य निरंतर रूप से कर रहे हैं। यह प्रोत्साहन रचनाओं के ऊपर पाठकीय टिप्पणी प्रकाशित करके, नयी साहित्यिक कृतियों की जानकारी साझा करके, साहित्य से जुड़ी खबरे साझा करके और लेखकों द्वारा भेजी गयी उनकी रचनाओं को प्रकाशित करके किया जाता है। हमारी कोशिश है एक वृहद पाठक वर्ग तक इन जानकारियों को पहुँचाया जाए।
    आप भी साहित्य और लेखन से सम्बंधित लेख, अपनी पुस्तक का अंश और अपनी रचनाएँ हमें भेज कर इस मुहिम में सहयोग दे सकते हैं।
    हमारा पता है: contactekbookjournal@gmail.com

    View all posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *