पुस्तक अंश: वह पुकारता है – एच पी लवक्राफ्ट | चंद्रप्रकाश पांडेय

पुस्तक अंश: वह पुकारता है - एच पी लवक्राफ्ट | चंद्रप्रकाश पांडेय

‘वह पुकारता है’ एच पी लवक्राफ्ट की कहानी ‘द कॉल ऑफ क्थूल्हू‘ का हिंदी अनुवाद है। अनुवाद लेखक चंद्रप्रकाश पांडेय द्वारा किया गया है। तीन अध्यायों में विभाजित इस कहानी का प्रथम अध्याय हम यहाँ प्रस्तुत कर रहे हैं। आप भी पढ़ें:


अध्याय 1

बिखरी हुई कड़ियाँ

कभी-कभी मुझे लगता है कि संसार के लिए ये अच्छा ही है कि इंसानी दिमाग हर चीज को आपस में जोड़कर उसकी विराट छवि को देख पाने में अक्षम है। हम अज्ञानता के एक छोटे से टापू पर रहते हैं, और ज्ञान हमारे चारों ओर अनंत विस्तार वाले एक महासागर के समान फैला हुआ है, जिसकी थाह हम कभी नहीं पा सकते। विधि ने भी ऐसा कभी नहीं चाहा कि हम मनुष्य ज्ञान के उस महासागर में दूर तक तैरें। हालाँकि विज्ञान ने ऐसी तमाम कोशिशें की हैं, मगर उन्होंने प्रकृति के जिन रहस्यों से पर्दा उठाया है, उनसे हमें कम ही नुकसान पहुँचा है, लेकिन जिस दिन मनुष्य ने ज्ञान के उस अनंत महासागर की थाह लगा ली और ज्ञान के बिखरे हुए टुकड़े आपस में जुड़ गये, उस दिन सच्चाई एक ऐसे भयानक रूप में हमारे सामने आयेगी कि या तो हम उस रहस्योद्घाटन से पागल हो जाएँगे या फिर ज्ञान के उस घातक प्रकाश से मुँह छिपाकर अज्ञान के अँधकार में ही दुबके रहने को सुरक्षित मान लेंगे।

थियोसिफिस्टों (जिनके दर्शन का आधार पूर्वी दर्शन है) ने इस विराट ब्रह्माण्ड की महानता का अनुमान लगाने का प्रयास किया है, जिसमें हमारी पृथ्वी और मानव जाति महज़ एक तिनके की मानिंद हैं। उन्होंने ऐसे विचित्र अस्तित्वों की ओर भी संकेत किया है, जिनका वर्णन अगर आशावादियों की चिकनी-चुपड़ी बातों से इतर वास्तविक स्वरूप में किया गया होता तो नि:संदेह खून जमा देने वाला सिद्ध होता, लेकिन भयानक और प्राचीन युग की वह एक झलक, जो आज भी मुझे सिहराती है और जिसके सपने आज भी मुझे पागल कर देते हैं, मुझे किसी थियोसोफिस्ट के जरिये नहीं दिखी थी, बल्कि संयोगवश दो बिखरी हुई कड़ियों को जोड़कर मैं खुद उस तक पहुँचा था। पहली कड़ी थी पुराने अखबारों की कतरनें और दुसरी कड़ी थी एक मृत प्रोफ़ेसर के दस्तावेज़।

मैं भगवान् से प्रार्थना करता हूँ कि कोई और उस दहशतनाक शृंखला की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश न करे, और अगर मैं ज़िंदा रहा तो मैं खुद भी इन कड़ियों को किसी को नहीं दूँगा, किसी भी सूरत में नहीं। मुझे यकीन है कि प्रोफ़ेसर भी इसे राज़ ही रखना चाहते थे, और अगर अचानक काल-कलवित न हुए होते तो अब तक इन दस्तावेजों को वे नष्ट भी कर चुके होते

सन् 1926-27 की सर्दियों में जब मेरे ग्रैंड अंकल जॉर्ज गैमेल एंजेल का निधन हुआ तो ये चीजें मेरे हाथ लगीं। वे ब्राउन यूनिवर्सिटी, प्रोविडेंस, रोड आइलैंड में सेमिटिक भाषाओं (प्राचीन पश्चिमी एशिया और उसके आसपास बोली जाने वाली भाषाएँ) के सेवानिवृत्त प्रोफ़ेसर थे। प्राचीन अभिलेखों पर उनके अधिकार की स्वीकार्यता व्यापक स्तर पर थी, और देश-विदेश के म्यूज़ियमों के निदेशक उनसे सलाह लेने आया करते थे, अतः 92 वर्ष की अवस्था में जब उनकी मृत्यु हुई, तो इसे अनेक अखबारों ने अपनी सुर्खियाँ बनायीं।

प्रोफ़ेसर की मौत में लोगों की दिलचस्पी इसलिए भी थी क्योंकि मौत का कारण रहस्यमय था। उन्हें किसी ने न्यूपोर्ट की नाव से लौटते समय अचानक गिरते देखा था। बाद में गवाहों से पता चला कि वे नाविक जैसे दिखने वाले एक नीग्रो से टकराकर गिरे थे। नीग्रो, विलियम्स स्ट्रीट, जहाँ प्रोफ़ेसर का घर था, की एक अँधेरी गली से निकला था। हालाँकि डॉक्टर, प्रोफ़ेसर की मौत की कोई जाहिर वजह नहीं ढूँढ सके थे, लेकिन लम्बे विचार-विमर्श के बाद वे इस नतीजे पर जरूर पहुँचे थे कि इतनी वृद्धावस्था में ऊँचाई चढ़ने से सम्भवत: उन्हें हृदयाघात हुआ होगा। उस समय तो मैं डॉक्टर के इस विचार से सहमत हो गया था, लेकिन अब मुझे यकीन हो चुका है कि डॉक्टर की राय गलत थी।

चूँकि मेरे ग्रैंड अंकल विधुर थे और उनकी कोई संतान भी नहीं थी, इसलिए जब उनकी सम्पत्ति के साथ-साथ उनकी समस्त फाइलों और संदूकों का उत्तराधिकार भी मुझे प्राप्त हुआ तो मैंने उन्हें गहराई से जाँचने-परखने के लिए बोस्टन स्थित अपने घर पर मँगवा लिया। प्रोफ़ेसर के दस्तावेजों के ज्यादातर हिस्से अमेरिकन आर्कियोलॉजिकल सोसाइटी द्वारा आगे चलकर प्रकाशित किये जाने वाले थे लेकिन एक संदूक़ ऐसा था, जो मुझे बेहद रहस्यमय लग रहा था और जिसे मैं दुनिया के सामने लाने में हिचकिचा रहा था।

संदूक़ बंद था, और उसकी चाबी मेरे पास नहीं थी, लेकिन जब मैंने प्रोफ़ेसर के निजी चाबियों के उस गुच्छे को देखा, जिसे वे सदैव अपनी जेब में रखते थे तो अभीष्ट संदूक की चाबी मुझे सहज ही बरामद हो गयी। मैंने संदूक़ खोला, और उसे खोलते ही मुझे एहसास हुआ कि मैंने प्रोफ़ेसर की मौत से भी ज्यादा रहस्यमयी और भयानक दुनिया का द्वार खोल दिया है।

संदूक की चीजों में एक मिट्टी की तख्ती थी, जिस पर किसी नामालूम जुबान के हर्फ़ और एक भयानक आकृति उभरी हुई थी। उसका क्या मतलब हो सकता था? क्या आख़िरी दिनों में मेरे ग्रैंड अंकल अँधविश्वासी होने लगे थे? मैंने निश्चय किया कि तख्ती पर उभरी उस भयानक आकृति के निर्माता, जो यकीनन कोई सनकी मूर्तिकार रहा होगा, को ढूँढकर उस गुत्थी को सुलझाऊँगा।

वह लगभग पाँच बाई छह इंच की मिट्टी की आयताकार पट्टिका थी। उसकी मोटाई एक इंच से भी कम थी। जाहिर तौर पर उसकी बनावट आधुनिक थी, मगर उसका डिज़ाइन आधुनिकता से कोसों दूर प्रतीत होता था। यद्यपि क्यूबिज़्म (कला की एक शैली, जिसमें वस्तुओं को इस प्रकार चित्रित किया जाता है कि वे खंडित और अमूर्त प्रतीत होती हैं) और फ्यूचरिज़्म (परम्परा को नकारने वाली एक आधुनिक विचारधारा) जैसी आधुनिक कलाएं भी विचित्रता से भरी होती हैं मगर उन कलात्मक शैलियों में नामालूम जुबान के हर्फ़ या कोई पैशाचिक आकृति नहीं होती है।

मुझे यकीन था कि उस पट्टिका पर खुदे चिन्ह किसी विशेष प्रकार की लेखन-कला के थे, मगर ये बात जुदा थी कि अपने ग्रैंड अंकल के पत्रों और संग्रहों से पर्याप्त परिचय के बावजूद मैंने किसी ज्ञात लिपि से उन चिह्नों की समानता नहीं पायी, दूर-दूर तक नहीं पायी।

उन चित्रलिपियों के ऊपर एक आकृति उकेरी गयी थी, जिसे देखते ही एहसास होता था कि वह कोई प्रतीकात्मक चित्र है, लेकिन वह आकृति इतनी बेढब और अस्पष्ट थी कि उसके बारे में कोई राय कायम करना लगभग असम्भव था। वह किसी ख़ास किस्म का दैत्य जान पड़ता था, या दैत्य से जुड़ा कोई प्रतीक, जिसकी कल्पना बीमार और डरी हुई मानसिकता का कोई व्यक्ति ही कर सकता था। यदि मैं अपनी कल्पनाशीलता का सहारा लेकर ये कहूँ कि वह आकृति एक ऑक्टोपस, एक ड्रैगन और एक विकृत-मानव का सम्मिलित रूप थी, तो ये कुछ हद तक सही होगा।

उसका सिर एक लिजलिजा और थुलथुला सा मांसपिंड था, जिसके नीचे एक विकृत और घिनौना शरीर था, जिसमें पंखों की केवल आरम्भिक रचना ही दिखाई दे रही थी। आकृति का समूचा रूप उसे अत्यंत विकट और भयावह बना रहा था। उसके पीछे किसी रहस्यमयी, अलौकिक और प्राचीन सभ्यता की वास्तुकला की अस्पष्ट सी छाप दिखाई दे रही थी।

अख़बारी कतरनों के अलावा उस भयानक चीज़ के साथ जो पांडुलिपि थी, वह प्रोफ़ेसर एंजेल की हैंडराइटिंग में थी, मगर वह किसी साहित्यिक शैली में नहीं लिखी गयी थी। फिर भी चीजों को समझने के लिहाज से वह सबसे अहम और सुव्यवस्थित दस्तावेज मालूम होती थी। उसका शीर्षक ‘क्थूल्हू पंथ’ था, जिसे इतनी सावधानीपूर्वक लिखा गया था कि पढ़ने वाला उस अनसुने शब्द का गलत उच्चारण न कर बैठे।

पांडुलिपि दो भागों में थी। पहले भाग का शीर्षक था—‘1925—एच. ए. विलकॉक्स, 7 थॉमस स्ट्रीट, प्रोविडेंस, आर.आई., के भयानक सपने और उन सपनों द्वारा कराये गये कार्य’ और दूसरे भाग का शीर्षक था—‘इंस्पेक्टर जॉन आर. लेग्रास, 121 बिएनविल स्ट्रीट, न्यू ऑरलियन्स, लुइज़ियाना, द्वारा 1908 में अमेरिकन आर्कियोलॉजिकल सोसाइटी की बैठक में प्रस्तुत विवरण, उस पर टिप्पणियाँ, और प्रोफ़ेसर वेब का विवरण’।

अन्य पांडुलिपियों में केवल संक्षिप्त टिप्पणियाँ थीं। कुछ में भिन्न-भिन्न व्यक्तियों के अजीबोगरीब सपनों के विवरण थे, कुछ में थियोसोफ़ी से सम्बन्धित पुस्तकों और पत्रिकाओं (विशेष रूप से डब्ल्यू. स्कॉट-एलियट की अटलांटिस और द लॉस्ट लेम्यूरिया) से उद्धरण थे, जबकि शेष में लम्बे समय से गुप्त रूप से अस्तित्व में रहे रहस्यमयी सम्प्रदायों और पंथों पर टिप्पणियाँ थी। उन टिप्पणियों का सन्दर्भ फ्रेज़र की ‘गोल्डन बॉ’ और मिस मुरे की ‘विच-कल्ट इन वेस्टर्न यूरोप’ जैसी पुस्तकें थीं।

अख़बारी कतरनें मुख्यतः उन मानसिक रोगों और सामूहिक पागलपन की घटनाओं से जुड़ीं थीं, जो सन 1925 की वसंत ऋतु में अनेक स्थानों पर देखी गयी थीं।

मुख्य पांडुलिपि के पहले भाग में बड़ी ही विचित्र बातें लिखी हुई थीं।


1 मार्च, 1925 को एक दुबला-पतला, साँवला और घबराया हुआ युवक, जिसकी मानसिक स्थिति विक्षिप्त मालूम होती थी, प्रोफ़ेसर एंजेल के पास आया। उसके साथ वही पट्टिका थी, जिसके विषय में मैंने ऊपर लिखा है, मगर उस समय वह पट्टिका अत्यंत नयी और नमीयुक्त प्रतीत हो रही थी। आदमी के परिचय-पत्र पर उसका नाम ‘हेनरी एंथनी विलकॉक्स’ लिखा हुआ था।

मेरे ग्रैंड अंकल ने उसे तुरंत पहचान लिया था। वह प्रोविडेंस के एक प्रतिष्ठित परिवार का सबसे छोटा लड़का था, जो कुछ समय से रोड आइलैंड के स्कूल ऑफ डिज़ाइन में मूर्तिकला की पढ़ाई कर रहा था और उस संस्थान के निकट ही स्थित फ्लेर-दे-लीस बिल्डिंग में अकेला रहता था।

विलकॉक्स एक विलक्षण प्रतिभा का धनी लेकिन बेहद सनकी स्वभाव का युवक था। बचपन से ही वह लोगों को अपने अजीबोग़रीब सपने और रहस्यमयी कहानियाँ सुनाया करता था। हालाँकि वह खुद को मनोविज्ञानिक रूप से अतिसंवेदनशील कहा करता था, लेकिन लोग उसे विचित्र प्राणी ही मानते थे।

अपने जैसे लोगों के साथ भी वह अधिक मेल-जोल नहीं रखता था, फिर धीरे-धीरे उसके जीवन में निजता का दखल होता गया और वह सामाजिक परिदृश्य से ओझल सा हो गया। अब वह केवल दुसरे शहर से आने वाले कुछ कला-प्रेमियों के बीच ही जाना-पहचाना जाता था। यहाँ तक कि प्रोविडेंस आर्ट क्लब, जो अपनी परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रयासरत था, ने भी उससे उम्मीदें छोड़ दी थीं।

जब वह प्रोफ़ेसर से मिला तो अचानक ही उनसे आग्रह करने लगा कि वे अपनी पुरातात्विक विद्वता का इस्तेमाल करते हुए उस पट्टिका पर उकेरे गये चित्रलिपियों की पहचान करने में उसकी मदद करें। उसकी बातें किसी स्वप्न के जैसी अजनबी और बनावटी थीं, इसलिए उसके आग्रह के जवाब में मेरे ग्रैंड अंकल ने उसे झिड़क दिया था। उस पट्टिका पर उसने जो कुछ उकेरा था, वह उसकी कल्पना की कोई ताज़ा उपज मालूम होती थी, न कि उसमें किसी पुरातत्वविद का ध्यान खींचने जैसी प्राचीनता थी।

जब मेरे ग्रैंड अंकल ने विलकॉक्स को मना कर दिया तो उसने काव्यात्मक सा जवाब दिया, “ये चीज नयी भले है, लेकिन कल रात जिन अजीबोगरीब सपनों को देखने के बाद मैंने इसे बनाया है, वे नये नहीं हैं। वे स्फिंक्स से भी पहले के हैं और बाग़ों से घिरे बेबीलोन शहर से भी पुराने हैं।”

उसके जवाब ने प्रोफ़ेसर को इतना प्रभावित किया कि वह उनके जेहन में छप सा गया और पांडुलिपि लिखते समय उन्होंने उसके उक्त जवाब को हूबहू लिख दिया था।

फिर विलकॉक्स ने नामुमकिन सी लगने वाली और स्तब्ध कर देने वाली वो घटनाएँ सुनाई थी, जिसने खोई हुई कहानियों को एक नया जीवन दे दिया था और मेरे ग्रैंड अंकल की जिज्ञासा को जैसे सातवें आसमान पर पहुँचा दिया था।

पिछली रात न्यू इंग्लैंड में भूकम्प का एक झटका महसूस किया गया था, जो हाल के वर्षों में सबसे तेज कहा जा सकता था। भूकंप के उस झटके से ही विलकॉक्स की कल्पना उद्वेलित हुई थी।

सोते समय उसने एक भयानक सपना देखा था, जिसमें दैत्याकार पत्थरों से निर्मित एक अलौकिक शहर था, जिसके गगनचुम्बी एकाश्म स्तम्भ (एक ही पत्थर से निर्मित स्तम्भ) आकाश की छाती चीरते हुए प्रतीत हो रहे थे। शहर की दीवारों और स्तम्भों पर हरी काई जमी हुई थी, जो मानों खौफ और दहशत की एक भयावह दास्ताँ बयाँ कर रही थी। दीवारों और स्तम्भों पर अज्ञात चित्रलिपियाँ भी खुदी हुई थीं और कहीं नीचे से, किसी अतल गहराई से एक ऐसी आवाज़ आ रही थी, जो आवाज़ होते हुए भी आवाज़ नहीं लगती थी। उसके बारे में अनुमान लगाकर बस यही कहा जा सकता था कि वह एक भयानक विलाप जैसा था, जिसका उच्चारण अस्पष्ट और लगभग अपठनीय था।

‘क्थुल्हू फ्तग्न’

अक्षरों के इसी गड्डमड्ड से समूह ने न केवल प्रोफ़ेसर एंजेल की चेतना को झकझोर दिया था, बल्कि उन्हें विचलित भी कर दिया था। वे उस मूर्तिकार से वैज्ञानिक और तार्किक गहराई लिए हुए अनेक सवाल पूछते रहे, और बड़ी ही तल्लीनता से मिट्टी की उस पट्टिका को निहारते रहे, जिस पर उभरी आकृतियों को विलकॉक्स ने आधी रात को नींद से जागकर, अर्धविक्षिप्त अवस्था में तराशा था।

बाद में जब मैं विलकॉक्स से मिला था तो उसने मुझे बताया कि मेरे ग्रैंड अंकल उन चित्रलिपियों और भयावह कलाकृतियों को पहचान नहीं पाये थे और इसका ज़िम्मेदार उन्होंने अपने वृद्धावस्था के स्मृतिलोप को ठहराया था। उनके कई सवाल विलकॉक्स को बेहद बेढंगे और अजीब मालूम हुए थे, विशेष रूप से वे सवाल, जो उन्होंने उन चीजों के सम्बन्ध में किसी गुप्त सम्प्रदाय या रहस्यमय संगठन से जोड़ने की कोशिश में पूछे थे। वह समझ नहीं पाया था कि प्रोफ़ेसर क्यों उसे किसी गोपनीय पंथ का सदस्य साबित करने पर तुले हुए थे।

जब प्रोफ़ेसर एंजेल इस निष्कर्ष पर पहुँच गये कि विलकॉक्स का वास्तव में किसी गोपनीय समुदाय से कोई नाता नहीं है तो उन्होंने उससे आग्रह किया कि वह भविष्य में भी उन्हें अपने सपनों की जानकारी लगातार देता रहे।

प्रोफ़ेसर का आग्रह बेकार नहीं गया था क्योंकि पांडुलिपि में उस पहली भेंट के बाद विलकॉक्स और प्रोफ़ेसर के प्रतिदिन की भेंटों का उल्लेख था। उन भेंटों के दौरान विलकॉक्स अपने सपनों की टूटी-फूटी मगर चौंका देने वाली बातें बताता था, मगर उसके सभी सपनों का सार एक ही था।

अंधकार और सीलन में डूबे एक विकराल शहर की भयावह झलक और अतल गहराइयों से उठकर गूँजने वाली एक ऐसी खौफनाक आवाज़, जिसका कोई मतलब नहीं था, सिवाय बदन में भय का संचार करने के।
विलकॉक्स के सपनों में दो ध्वनियाँ बार-बार प्रकट होती थीं; पहली क्थुल्हू और दूसरी र’लेह।

पांडुलिपि में आगे लिखा था कि विलकॉक्स 23 मार्च को नहीं आया था। उसके आवास पर पूछने से पता चला था कि उसे कोई रहस्यमयी बुखार हो गया था, जिसके कारण उसे वॉटरमैन स्ट्रीट स्थित उसके परिवार के पास भेज दिया गया था। दरअसल हुआ ये था कि 22-23 मार्च की रात वह ज़ोर-ज़ोर से चीखने लगा था, जिससे बिल्डिंग में रहने वाले बाकी विद्यार्थी और कलाकार जाग गये थे। वह ऊलजुलूल बातें करते हुए बार-बार मूर्च्छित हो जा रहा था।

मेरे ग्रैंड अंकल ने तुरंत उसके परिवार को फ़ोन किया और साथ ही साथ उसकी बीमारी पर भी गहरी नज़र बनाये रखी। वे अक्सर थेयर स्ट्रीट स्थित डॉक्टर टोबी के क्लिनिक जाते थे, जहाँ विलकॉक्स का इलाज हो रहा था।

ऐसा लग रहा था कि विलकॉक्स के बीमार जेहन में अजीबो-गरीब बातें चलती रहती थीं। डॉक्टर जब भी प्रोफ़ेसर से उन बातों का ज़िक्र करते तो उनकी आवाज़ में सिहरन सी भर जाती। विलकॉक्स की बातों में अब केवल उसके पुराने सपनों की ही बातें नहीं होती थीं, बल्कि मीलों ऊँचे एक दैत्याकार प्राणी का भी ज़िक्र होता था। हालाँकि उसने उस प्राणी का पूरा विवरण नहीं दिया था, लेकिन डॉक्टर टोबी द्वारा बतायी गयी बातों से प्रोफ़ेसर एंजेल ने ये नतीजा जरूर निकाल लिया था कि विलकॉक्स उसी राक्षसी आकृति की बात कर रहा था, जिसका संकेत वह अपने सपनों में पाता था और जिसे उसने उस पट्टिका पर उकेरने का प्रयास किया था।

डॉक्टर के अनुसार विलकॉक्स उस रहस्यमय प्राणी का उल्लेख पूरी तरह नींद के हवाले होने से पहले करता था, यानी तब, जब वह सुप्त और जागृत अवस्था के ठीक बीच में होता था। हैरतअंगेज बात ये थी कि उसके शरीर का तापमान लगभग सामान्य ही होता था, लेकिन उसके शारीरिक और मानसिक व्यवहार से ऐसा प्रतीत होता था, जैसे वह केवल बुखार ही नहीं बल्कि किसी मानसिक विक्षोभ का भी शिकार हो।

फिर 2 अप्रैल की दोपहर को लगभग तीन बजे विलकॉक्स की बीमारी के सारे लक्षण एकाएक समाप्त हो गये। वह बिस्तर से उठ बैठा और इस बात पर हैरान रह गया कि वह घर पर है। उसे ये याद ही नहीं था कि 22 मार्च की रात से लेकर अब तक क्या कुछ हुआ। अंतत: डॉक्टर ने उसे पूरी तरह ठीक घोषित कर दिया, और वह तीन दिन में अपने निवास पर लौट आया, लेकिन अब वह प्रोफ़ेसर एंजेल के किसी काम का नहीं था क्योंकि उसके ठीक होते ही उसके सारे डरावने सपने भी ख़त्म हो चुके थे।

पांडुलिपि का पहला भाग यहीं पर ख़त्म हो गया था, लेकिन उनमें जिन बिखरे हुए नोट्स का उल्लेख था, उन्होंने मुझे लम्बे समय तक उलझाये रखा, इतना अधिक उलझाये रखा कि केवल अपनी संदेहवादी प्रवृत्ति, जो उस समय मेरे जीवन-दर्शन की बुनियाद बन रही थी, के कारण ही मैं उस कलाकार विलकॉक्स पर विश्वास करने से बचा रहा अन्यथा पांडुलिपि की टिप्पणियों ने तो उसी की अजीबोगरीब बातों का मजबूती से समर्थन किया था। उन टिप्पणियों में वे नोट्स भी शामिल थे, जो विलकॉक्स की रहस्यमयी दशा के दरम्यान भिन्न‑भिन्न व्यक्तियों द्वारा देखे गये सपनों का वर्णन करते थे।

ऐसा मालूम होता है कि मेरे ग्रैंड अंकल ने जल्द ही गहन जाँच-पड़ताल शुरू कर दी थी। उन्होंने अपने हर उन परिचितों से सम्पर्क किया था, जिनसे वे खुलकर सवाल-जवाब कर सकते थे। उन्होंने उन सभी से उनके हालिया स्वप्नों की तिथिवार जानकारी माँगी थी।

हालाँकि ज्यादातर लोग जानकारी देने में असमर्थ रहे थे, फिर भी इस मुहीम में प्रोफ़ेसर को इतने ख़त मिले थे कि साधारण आदमी के लिए बिना किसी सहायक के उन्हें सँभालना मुश्किल था। उन खतों की मूल प्रतियाँ तो अब उपलब्ध नहीं थीं, मगर प्रोफ़ेसर द्वारा बनाए गये नोट्स उन खतों की बातों को समझने के लिहाज से पर्याप्त थे।

न्यू इंग्लैंड के आम मेहनतकश लोगों और व्यापारिक वर्ग से आयी प्रतिक्रियाएँ नकारात्मक थीं, फिर भी कुछ छिटपुट उदाहरणों में अस्पष्ट और बेचैन कर देने वाले सपनों का उल्लेख ज़रूर था और वे सभी सपने 23 मार्च से 2 अप्रैल के बीच देखे गये थे, यानी उसी अवधि में जब विलकॉक्स मानसिक विक्षोभ से गुजर रहा था।

वैज्ञानिक वर्ग ने भी ऐसे सपने नहीं देखे थे, बावजूद इसके उनकी ओर से चार ऐसे ख़त प्राप्त हुए थे, जिनमें कुछ अस्पष्ट विवरण थे और असामान्य व भयावह दृश्यों की झलक मिलने की बात लिखी गयी थी। एक ख़त में तो किसी ‘अज्ञात भय’ की भी बात की गयी थी, लेकिन जिन खतों में ध्यान आकर्षित करने योग्य जरूरी बातें थीं, वे कलाकार और कवि जैसे रचानात्मक लोगों की ओर से आये थे। और मुझे विश्वास है कि यदि वे रचनाशील लोग किसी तरह एक-दुसरे के सम्पर्क में होते और अपने स्वप्नों की तुलना एक-दूसरे से करके उनका विश्लेषण कर पाते तो नि:संदेह घबराहट और पागलपन का शिकार हो जाते।

जैसा कि मैंने ऊपर लिखा है, मूल ख़त अनुपलब्ध थे और इसीलिए मुझे मेरे ग्रैंड अंकल द्वारा बनाये गये नोट्स पर संदेह था क्योंकि बहुत हद तक सम्भावना थी कि उन्होंने प्राप्त हुए खतों के कथ्य को अपने पूर्वाग्रह के समर्थन में सम्पादित किया रहा हो। यही वजह थी कि विलकॉक्स की बातों पर मुझे अब भी यकीन नहीं था। मुझे अब भी यही लग रहा था कि वह किसी तरह से मेरे ग्रैंड अंकल के पुराने संग्रहों और उनके रिसर्च से परिचित हो गया था और फिर एक पट्टिका पर काल्पनिक और ऊलजुलूल चीजें उकेरकर उन्हें ठगने का प्रयास किया था। फिर भी रचनात्मक लोगों के भेजे हुए खतों की बातें व्याकुल कर देने वाली थीं क्योंकि उन्होंने जो अजीबोगरीब सपने देखे थे, वे 28 फ़रवरी से 2 अप्रैल के बीच देखे थे, यानी उसी अवधि में, जिस अवधि में विलकॉक्स पर विक्षिप्तता हावी थी।

जो लोग कुछ बता पाने में सक्षम थे, उनमें से एक-चौथाई ने ऐसे दृश्य और अस्पष्ट ध्वनियों की बात की थी, जो विलकॉक्स की बातों से मिलती-जुलती थीं; और कुछ ने तो ये भी स्वीकार किया था कि वे एक विशाल और बेनाम जीव की झलक देखकर बुरी तरह भयभीत हो गये थे।

मेरे ग्रैंड अंकल ने अपने नोट्स में एक विशेष किंतु आहत कर देने वाले वाकये का भी जिक्र किया था। एक व्यक्ति, जो प्रसिद्ध वास्तुकार था और जिसकी थियोसोफी व् प्राच्य विद्या में बेहद रूचि थी; विलकॉक्स की विक्षिप्तता के दिनों में ही पागल हो गया था और कुछ महीनों बाद बड़ी भयावह स्थिति में मारा गया था। आख़िरी दिनों में उसके हलक से ऐसी प्राणान्तक चीखें ख़ारिज होती थीं, जैसे वह खुद को किसी भयानक प्राणी से बचाने की गुहार लगा रहा हो।

काश मेरे ग्रैंड अंकल ने इन मामलों को क्रमवार लिपिबद्ध करने के साथ-साथ इनमें भुक्तभोगियों के नाम-पते भी दिये होते तो मैं स्वयं छानबीन करके कुछ मामलों की पुष्टि कर पाता। फिर भी अपनी यथाशक्ति से मैं कुछेक मामलों तक पहुँचा और जब उनकी पड़ताल की तो ग्रैंड अंकल के नोट्स को पूरी तरह से सही पाया।

मैं अक्सर सोचता था कि क्या प्रोफ़ेसर के जीवनपर्यंत किये गये शोध कार्यों का हर पहलू उतना ही पेचीदा था, जितना कि उसके एक छोटे से हिस्से के रूप में ये मामला था? अगर था तो ये अच्छा ही हुआ, जो उन चीजों की कोई व्याख्या न की जा सकी, वरना दहशत और उन्माद का एक गहरा धुँधलका इस संसार को अपनी चपेट में ले लेता

जैसा कि मैंने बताया, अख़बार की कतरनों में एक विशेष अवधि के दरम्यान फैले आतंक, पागलपन और विचित्र हरकतों के कई मामलों का उल्लेख था और जाहिर था कि प्रोफ़ेसर एंजेल ने किसी अख़बार एजेंसी की सेवा ली होगी, क्योंकि उन कतरनों की संख्या बहुत ज्यादा थी और वे दुनिया के हर हिस्से से जुड़ी हुई थीं।

लंदन में आत्महत्या की एक घटना घटी थी। एक व्यक्ति, जो अकेला सो रहा था, अचानक एक भयावह चीख के बाद खिड़की से कूद गया था। वहीं दक्षिण अमेरिका के एक न्यूज़पेपर में एक अजीब-सी चिट्ठी प्रकाशित हुई थी, जो एक महत्वाकांक्षी लेखक द्वारा सम्पादक को भेजी गयी थी और जिसमें उसने अपने देखे हुए सपनों के आधार पर भयंकर भविष्यवाणी की थी।

कैलिफ़ोर्निया से आयी एक रिपोर्ट में कहा गया था कि वहाँ एक थियोसोफिस्ट कॉलोनी के लोग सफ़ेद कपड़े पहनकर सड़कों पर आ गये थे और किसी ‘परम आगमन’ की प्रतीक्षा करने लगे थे, जो कि पूरी न हो सकी थी। भारत से आयी ख़बरों में मार्च के अंतिम दिनों में पैदा हुए एक गम्भीर जन असंतोष से आगाह किया गया था।

हेती में वूडू अनुष्ठानों की संख्या में इजाफा हो गया था, और अफ्रीका के सीमांत क्षेत्रों से भी कई अशुभ समाचार थे। फिलीपींस में तैनात अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार कुछ आदिवासी जातियाँ इन दिनों असामान्य रूप से आक्रामक और असहिष्णु हो रही थीं, तो वहीं न्यूयॉर्क में 22–23 मार्च की रात, लेवांत क्षेत्र से आये कुछ प्रवासी नागरिकों ने, जिन पर एक भयानक उन्माद छाया हुआ था, पुलिस को घेर लिया था।

आयरलैंड के पश्चिमी भाग की आबो-हवा में भी अनगिनत अफ़वाहें और किंवदंतियाँ तैरने लगी थीं। और इसी अवधि में पागल जान पड़ने वाले एक चित्रकार आर्दुआ-बॉनों ने 1926 में पेरिस की वार्षिक चित्रकला प्रदर्शनी में एक ईशनिंदक पेंटिंग प्रदर्शित की थी, जिसे उसने ‘ड्रीम लैंडस्केप’ नाम दिया था।

पागलखानों में तो उन्माद की इतनी अधिक घटनाएँ दर्ज थीं कि चिकित्सा जगत का इस पैटर्न पर ध्यान न जाना एक चमत्कार ही कहा जाएगा, अन्यथा वे इस पैटर्न का अध्ययन करके जरूर कोई रहस्यमय मगर महत्वपूर्ण निष्कर्ष निकालते।

कुल मिलाकर अख़बार के उन कतरनों में ऐसी अजीबोगरीब और झकझोर देने वाली खबरें थीं कि आज जब मैं अपनी उस तार्किक सोच को याद करता हूँ, जिसके हवाले से मैंने उन कतरनों को सिरे से नकारते हुए एक तरफ रख दिया था तो मुझे स्वयं पर हैरानी होती है। हालाँकि उस समय मैं पूरी तरह से इस यकीन के हवाले भी था कि विलकॉक्स किसी न किसी तरह प्रोफ़ेसर के कार्य-क्षेत्र से परिचित था और उसी बिना पर उन्हें ठगने की कोशिश कर रहा था।


पुस्तक विवरण

वह पुकारता है - एच पी लवक्राफ्ट | चंद्रप्रकाश पांडेय

एक प्राचीन मूर्ति।

एक प्रोफ़ेसर के दस्तावेज।

एक समुद्री तूफ़ान में फँसा जहाज़।

और कुछ भयावह सपने, जो कई लोगों को एक अदृश्य सूत्र में बाँध देते हैं।

पुस्तक लिंक: अमेज़न


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Author

  • 'एक बुक जर्नल' साहित्य को समर्पित एक वेब पत्रिका है जिसका मकसद साहित्य की सभी विधाओं की रचनाओं का बिना किसी भेद भाव के प्रोत्साहन करना है।
    सन् 2012 से हम यह कार्य निरंतर रूप से कर रहे हैं। यह प्रोत्साहन रचनाओं के ऊपर पाठकीय टिप्पणी प्रकाशित करके, नयी साहित्यिक कृतियों की जानकारी साझा करके, साहित्य से जुड़ी खबरे साझा करके और लेखकों द्वारा भेजी गयी उनकी रचनाओं को प्रकाशित करके किया जाता है। हमारी कोशिश है एक वृहद पाठक वर्ग तक इन जानकारियों को पहुँचाया जाए।
    आप भी साहित्य और लेखन से सम्बंधित लेख, अपनी पुस्तक का अंश और अपनी रचनाएँ हमें भेज कर इस मुहिम में सहयोग दे सकते हैं।
    हमारा पता है: contactekbookjournal@gmail.com

    View all posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *