21 नवंबर 2026: साहित्यकार घमंडीलाल अग्रवाल को उनकी साहित्यिक सेवाओं और हिंदी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किए जाने की घोषणा की गयी है।
दैनिक जागरण में प्रकाशित एक खबर के अनुसार यह बदायूं जिले के बिसौली स्थित के बी हिंदी सेवा न्यास की ओर से 22 नवम्बर को आयोजित होने वाली एक समारोह में उन्हें सम्मानित किया जायेगा। उन्हें प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और पाँच हजार रुपए की सम्मान राशि देकर यह सम्मान दिया जाएगा।
ज्ञात हो 25 अक्टूबर 1954 को हरियाणा के रेवाड़ी में जन्में घमंडीलाल अग्रवाल 1970 से लेखन क्षेत्र में सक्रिय हैं। बाल साहित्य के क्षेत्र में वह जाने-माने नाम हैं और अब तक विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उनकी 176 से ऊपर पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। कई विधाओं में लिखी इन पुस्तकों को पाठकों का भरपूर प्यार मिला है। ‘दिया बाती कुर्र’, ‘एक डाल के पंछी’, ‘सुन री सोन चिरैया’, ‘गीतों भरी पहेलियाँ’, ‘बगिया के फूल’, ‘शैतानी वाला बचपन’, ‘बाल कवितांजली’, ‘बाल शिशु गीत’, ‘बाल गीतांजली’, ‘बाल दोहागीत’, ‘101 शिशु गीत’, ‘गीत ज्ञान विज्ञान के’, ’51 नन्हीं कहानियाँ’ आदि कई संकलन बच्चों के लिए लिखे हैं। उन्होंने अनेक बाल कथा संग्रहों का सम्पादन भी किया है। उनकी रचनाओं को शैक्षणिक क्षेत्र में भी स्थान मिला है। कई प्रदेशों के प्राथमिक शिक्षा पाठ्यक्रम में उनकी रचनाएँ शामिल की गयी हैं।
