‘अमरकांत: जीवन और साहित्य’ लेखक अमरकांत पर लिखे लेखों, संस्मरणों और उनके साक्षात्कारों का संकलन है। संकलन का सम्पादन सुनील श्रीवास्तव द्वारा किया गया है। पुस्तक साहित्य विमर्श प्रकाशन द्वारा प्रकाशित की गयी है। ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ लेखक अमरकांत का उपन्यास है। यह उपन्यास कैसे प्रकाशित हुआ इसे याद करते हुए सुनील श्रीवास्तव ने संस्मरण ‘ऐसी आयी सुन्नर पांडे की पतोह‘ लिखा था। आज एक बुक जर्नल पर ‘अमरकांत: जीवन और साहित्य‘ में संगृहीत सुनील श्रीवास्तव का यह संस्मरण ‘ऐसी आयी सुन्नर पांडे की पतोह‘ लेकर आये हैं। आप भी पढ़ें:
उस वक्त अमरकांत जी इलाहाबाद के करेली मोहल्ले में रहते थे। किसी मि. कपूर का मकान था। मैं जब इलाहाबाद आता, अमरकांत जी से अवश्य मिलता। उस दिन जब मैं पहुँचा, तो अमरकांत जी खाना खा रहे थे और दफ्तर जाने की तैयारी कर रहे थे। काफी समय से अमरकांत जी के पैर कमज़ोर हो चुके थे और आने-जाने में उन्हें परेशानी होती थी, लेकिन मित्र प्रकाशन के मालिक आलोक मित्र उन्हें छोड़ना नहीं चाहते थे। इसलिए उन्होंने यह सुविधा दे रखी थी कि एक कार अमरकांत जी को दफ्तर ले जाने के लिए आती और फिर शाम को काम खत्म हो जाने के बाद घर छोड़ जाती। अभी कार नहीं आयी थी और हम बैठकर बातें कर रहे थे। सहसा मुझे ध्यान आया कि वो एक उपन्यास ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ पर काम का रहे थे। उसके प्रकाशन के विषय में मैंने पूछा, तो उन्होंने कहा, “लिख ही नहीं पा रहा हूँ। उधर बीमार ही था, इधर लिखना शुरू किया है तो समय ही नहीं मिल पा रहा है।”
सत्तर के दशक में अमरकांत जी ने ही ‘मित्र प्रकाशन’ में मेरी नौकरी लगवायी थी। उस समय मित्र प्रकाशन से नहीं, ‘माया प्रेस’ के नाम से उस संस्थान को जाना जाता था। मैं अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद एक मित्र के कहने पर कुछ दिनों के लिए मुम्बई चला गया था। मेरा मित्र सुरेश (सुरेंद्र श्रीवास्तव) उन दिनों शंकर (शंकर-जयकिशन) का पीआरओ था, और टाइम्स ऑफ इंडिया में क्लर्की भी करता था। उसके भाई रवींद्र श्रीवास्तव ‘धर्मयुग’ में उपसम्पादक थे और फिल्म स्तम्भ देखते थे। उन्होंने ही सुरेश को शंकर जी के साथ फिट कर दिया था। उन दिनों शंकर और शारदा (गायिका, जिनका एक गाना— ‘तितली उड़ी, उड़ जो चली’ बड़ा फेमस हुआ था) के बीच प्रेम सम्बंधों की चर्चाएँ खूब उछली हुई थीं। मैंने भी पढ़ा था। सुरेश ने मुझे शारदा का पीआरओ बना दिया। पैसे तो मिलते थे, लेकिन दो महीने में ही फिल्मों का माहौल जो मैंने देखा, उससे मेरा मन उचट गया और मैं वापस अपने शहर इलाहाबाद चला आया।
यहाँ आकर सरकारी नौकरियों का फॉर्म भरता तो ज़रूर था लेकिन बेमन से, क्योंकि सरकारी नौकरी मुझे पसंद नहीं थी। मैं या तो पत्रकार बनना चाहता था या फिर अध्यापक। अध्यापक बनने की योग्यता मुझमें नहीं थी, लेकिन लिखने-पढ़ने में रूचि थी (तब तक मेरी कहानी ‘एक और अनुभव’ बनारस से प्रकाशित ‘आज’ समाचार पत्र में छप चुकी थी)। इसलिए कहीं सरकारी नौकरी की लिखित परीक्षा का पत्र मिलता, तो जीजा जी के कहने पर परीक्षा दे आता। पता नहीं कैसे पास भी हो जाता, लेकिन इंटरव्यू देने नहीं जाता था। उस समय एक ही धुन सवार थी कि मैं पत्रकार बनूँगा।
यह अवसर मुझे अमरकांत जी ने दिया। एक दिन किसी आयोजन से मैं और अमरकांत जी आ रहे थे (वे पैदल ही चलते थे, रिक्शे से बहुत कम), चूँकि हम एक ही मोहल्ले ‘करैलाबाग कॉलोनी’ में पास-पास रहते थे। इधर-उधर की बातें हो रही थीं कि अचानक उन्होंने पूछा, “नौकरी करोगे?” मैंने ‘हाँ’ में उत्तर दिया, तो उन्होंने कहा, “कल बारह बजे दफ्तर (यानी माया प्रेस) आ जाना।” मैंने ‘हाँ’ में सिर हिलाया और हम दूसरी बातें करते‑करते घर आ गये।
सच पूछिए तो वह रात खुशी के साथ-साथ उहापोह में भी बीती। खुशी इस बात की कि अगर नौकरी मिल गयी, तो पत्रकार बन जाऊँगा, और अगर नहीं मिली तो…? ईश्वर से मिन्नतें करते-करते रात बीत गयी। सुबह मैं अपने नियमित कार्यों से निवृत्त होकर कुछ लिखने बैठा था कि बहन की आवाज़ आयी, “अरे तुम्हें आज माया प्रेस जाना है न!” मैंने घड़ी देखी, दस बज चुके थे। जल्दी से मैं तैयार हुआ। खाना खाया और पैदल ही माया प्रेस चल पड़ा। रास्ते में माँ कल्याणी से भी कह दिया कि माँ मेरी हसरत पूरी कर देना।
खैर, वहाँ पहुँचा, तो देखा कि एक बड़ी सी टेबल थी, चार लोग बैठे थे। अमरकांत जी थे, उनके सामने ‘माया’ के तत्कालीन सम्पादक राजेश्वर प्रसाद सिंह, उनके बगल में सत्यव्रत जी (जिन्हें लोग ‘सम्पादक जी’ कहकर पुकारते थे। बाद में मालूम हुआ कि वे मित्र प्रकाशन से निकलने वाली पत्रिका ‘मनमोहन’ के सम्पादक होने के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानी भी रहे थे।)। उनके सामने सतीश चंद्र टंडन बैठते थे। अमरकांत जी और सतीश टंडन ‘मनोरमा’, सम्पादक जी ‘मनोहर कहानियाँ’ तथा राजेश्वर बाबू ‘माया’ का सम्पादन करते थे। उन दिनों ‘मनोहर कहानियाँ’ का अतिरिक्तांक हर तीन महीने पर ‘सत्यकथा’ के नाम से निकलता था। सीढ़ी से ऊपर चढ़ने पर ठीक सामने आलोक मित्र का कमरा था, उसके बगल में एक दरवाज़ा था, जो एक बड़े कमरे में खुलता, यही सम्पादकीय विभाग था। मैंने घुसते ही सबका अभिवादन किया और अमरकांत जी के बगल में खड़ा हो गया। उन्होंने बुधुआ (चपरासी) को आवाज़ लगायी और एक कुर्सी बगल में रखवाकर बैठने के लिए कहा। मैं बैठ गया और वहाँ की हर चीज़ को गौर से देखने लगा। हॉल में एक और दरवाज़ा था, जो आलोक बाबू के कमरे में खुलता था। आलोक बाबू किसी को बुलाते तो वो उसी दरवाज़े से जाता। वहाँ एक तरफ मलमल का कुर्ता और कम मोहरी वाला पैजामा पहने एक और व्यक्ति मौजूद थे, उस वक्त वे पाउचवाला सिगरेट बना रहे थे, ये व्यक्ति थे अपने समय के मशहूर इलस्ट्रेटर ‘एस. रज़ा’। बैठा-बैठा मैं कमरे का मुआयना करने के साथ अपने भविष्य की कल्पना भी कर रहा था। इतने में अमरकांत जी उठे और तेज़ी से आलोक बाबू के कमरे में चले गये। दो चार मिनट बमुश्किल से वहाँ रुके, फिर आकर मुझसे कहा कि जाकर आलोक बाबू से मिल लो।
मैं अंदर गया, तो आलोक बाबू कुछ पढ़ रहे थे, शायद कोई कहानी थी। मुझे देखते ही उन्होंने कहानी को दाहिनी तरफ करके उस पर पेपरवेट रखा और सामने कुर्सी पर बैठने का इशारा किया। मैं बैठ गया। उसके बाद उन्होंने मेरा पूरा इतिहास-भूगोल खंगाल डाला। फिर थोड़ा रुककर उन्होंने मुझसे कहा, “कल ग्यारह बजे आकर काम शुरू कर दीजिए।” मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा, मैं उठा और अमरकांत जी के पास आकर बैठ गया, उन्हें सारी बातें बतायी। उन्होंने कल से आने की हिदायत दी और यह भी कहा कि ग्यारह बजे मैं आता हूँ, मेरे साथ ही चले आना। तब से जब तक माया प्रेस में रहा, उन्हीं के साथ आता-जाता रहा।
विषयांतर के लिए अन्यथा न लें, क्योंकि जिस बात को मैं कहना चाहता हूँ, उसके लिए यह आवश्यक था। माया प्रेस में तरह-तरह की पुस्तकें और प्रकाशकों की पुस्तक सूची भी आती रहती थी। एक दिन यों ही बैठा था कि मेरी नज़र इलाहाबाद के एक प्रकाशन संस्था की उस पुस्तिका पर पड़ी, जिसमें यह छपा था कि किस-किस विषय पर किस लेखक की किताब छपी है। जो किताबें प्रेस में होती थीं, उनके आगे ब्रेकेट में शीघ्र प्रकाश्य लिखा होता था। शीघ्र प्रकाश्य उपन्यासों की सूची में अमरकांत जी के उपन्यास ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ का भी नाम था। अमरकांत जी सम्भवतः समयाभाव के कारण इस उपन्यास को नहीं लिख पा रहे थे (उस समय उनका कहानी संग्रह ‘मौत का नगर’ छपने की प्रक्रिया में था और रवींद्र कालिया उस पर केंद्रित ‘वर्ष’ निकालने की सम्भवतः पूरी तैयारी कर चुके थे)।
जितने वर्ष मैं माया प्रेस में रहा, जब-जब वह प्रकाशन सूची आती, मैं यों ही उसे पलटकर देखता। हर बार उसमें ‘सुन्नर पांडे की पतोह (शीघ्र प्रकाश्य)’ लिखा होता था। उस समय मैं गौर नहीं करता था। देखदाखकर एक तरफ रख देता था। समय बीतता गया। वेतन और स्वतंत्र लेखन से होने वाली आय से मैं खुश था लेकिन उससे घर चलाना मुमकिन नहीं था। तभी एल.टी. का विज्ञापन निकला और अमरकांत जी की सलाह पर मैंने उसका फॉर्म भर दिया। हालाँकि मैं अपनी सफलता को लेकर आशंकित था, क्योंकि इस परीक्षा में पूरे प्रदेश के छात्र बैठने वाले थे। अमरकांत जी ने कहा था, “भर दो। तुम आ जाओगे।” और मेरा सेलेक्शन हो भी गया। मैं माया प्रेस की नौकरी छोड़कर एल.टी. करने लगा। मैं हॉस्टल में रहता था। मेरा खर्च चलाने में अमरकांत जी और आलोक बाबू ने स्वतंत्र लेखन कराकर भरपूर मदद की।
एल.टी. समाप्त होते ही पूरे प्रदेश में आपातकाल लागू हो गया और सभी तरह की नौकरियों पर पाबंदी लग गयी। मुझे याद है कि जिस समय आपातकाल की खबर आयी उस समय मैं, अब्दुल बिस्मिल्लाह और ‘आज’ के छायाकार एस. अतिबल ‘आज’ कार्यालय के नीचे बैठकर कुल्हड़ में चाय पी रहे थे। योजना यह थी कि चाय पीकर हम और अब्दुल बिस्मिल्लाह कहानी लेखिका प्रतिभा वर्मा से मिलने जाएँगे। हम चाय पी ही रहे थे कि आपातकाल लगने का पता चला, साथ ही यह भी कि जयप्रकाश नारायण जी, चंद्रशेखर आदि अरेस्ट हो गये हैं। इतना सुनते ही अतिबल अपने कार्यालय भागे और हम लोग अपने-अपने घरों की ओर। तब पता ही नहीं था कि आपातकाल क्या होता है? मुझे आपातकाल नहीं अपने भविष्य की चिंता होने लगी थी। कर भी क्या सकता था?
कुछ महीने यों ही कट गये। फिर एकाएक सूचना मिली कि इलाहाबाद से एक अपराध पत्रिका प्रकाशित होने वाली है। सम्पादक थे कुणाल श्रीवास्तव। वे साहित्यकार भी थे और मुझसे उनकी पटती भी थी। वे मेरे काम से वाकिफ थे। उन्होंने मुझे इलाहाबाद बुला लिया। इसके बाद तो मैंने कई संस्थानों में नौकरी की, इस्तीफा दिया। लेकिन जहाँ भी रहा, जब भी इलाहाबाद आता तो अमरकांत जी से ज़रूर मिलता। बातें करता, चाय पीता और चला जाता। माया प्रेस में तब भी वह पुस्तिका आती रही, ‘सुन्नर पांडे की पतोह (शीघ्र प्रकाश्य)’ पढ़ता रहा। कब प्रकाशित होगा यह उपन्यास, यह जिज्ञासा हमेशा बनी रहती थी।
काफी दिनों बाद रांची से नागपुर चला गया। वहाँ से हिंदी में नया समाचार पत्र ‘लोकमत समाचार’ निकलने वाला था। वहीं काम करने लगा। लोकमत समाचार हर वर्ष दीपावली पर एक विशेषांक निकालता है, जिसमें कई उपन्यास, कहानियाँ, संस्मरण, कविताएँ, बहस आदि होती हैं। उस वक्त उसके सम्पादन का ज़िम्मा ‘प्रकाश चंद्रायन’ के कंधे पर था। इस अंक की योजना जून‑जुलाई से ही बननी शुरू हो जाती थी और दीपावली से कुछ दिन पूर्व ही यह अंक बाज़ार में उपलब्ध हो जाता था। सम्भवतः आज भी यही परम्परा है।
एक दिन प्रकाश जी हमारे केबिन में आये और लेखकों तथा अन्य विषय पर बातें होने लगीं। उपन्यास किसका लिया जाए, इस पर बात होने लगी तो मैंने प्रकाश जी से कहा, “अमरकांत जी का एक उपन्यास ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ अभी तक अप्रकाशित है। उनसे सहयोग के लिए कहूँ?”
मैंने पूछा, तो मुस्कुराते हुए प्रकाश जी ने कहा, “क्या यह सम्भव है कि आप कहें और वे सहयोग के लिए तैयार हो जाएँ।”
मैंने कहा, “मैं इलाहाबाद जा रहा हूँ, बात करके देखता हूँ इसके पहले के दीपावली विशेषांक तो आपने भिजवाये ही हैं और उन्होंने पढ़ा भले ही न हो, लेकिन देखा तो होगा ही! एक बार उन्होंने मुझसे कहा था कि बहुत अच्छा निकालते हो दीपावली अंक।”
“अमरकांत जी लिख दें, तो इससे अच्छी बात क्या होगी?” प्रकाश जी के चेहरे पर आशा की किरण दिखाई दे रही थी।
मैं इलाहाबाद आया, तो अमरकांत जी से मिलने उनके घर पहुँच गया। अमरकांत जी को लेने माया प्रेस की कार आ चुकी थी। वे ‘अम्मा’ (मैं हमेशा अमरकांत जी की पत्नी को अम्मा ही कहता था) की तरफ मुड़े और हिदायत दी कि इसे खाना खिलाकर ही भेजना, फिर मेरी तरफ मुखातिब होकर कहा, “तुम बातचीत करते रहो, मैं दफ्तर जा रहा हूँ।”
उनके जाने के बाद मैंने अम्मा के हाथ का स्वादिष्ट खाना खाया और घर चला गया। दूसरे दिन रविवार था। प्रेस की छुट्टी थी। मैं जल्दी ही उनके घर पहुँच गया। फिर वही बातचीत का सिलसिला। मेरे सामने समस्या यह थी कि इस सिलसिले को तोड़कर अपनी बात कहूँ तो कैसे कहूँ? बहरहाल मुझे यह मौका मिल गया। वो बड़े रिलैक्स मूड में थे।
मैंने तपाक से पूछ लिया, “क्या लिख रहे हैं आजकल… हाँ, ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ पूरी हुई कि नहीं?”
“नहीं… सोच रहा हूँ कि पूरा कर ही डालूँ,” उन्होंने बताया। मैंने मन ही मन जोड़ा, लगभग तेईस-चौबीस साल हो गये थे। मैंने तपाक से कहा, “सितम्बर तक पूरा कर डालिए। मैं लोकमत समाचार के दीपावली अंक में पूरा उपन्यास छापना चाहता हूँ। हम हर दीपावली में दो उपन्यास छापते हैं— एक बड़ा और एक छोटा।”
“’सुन्नर पांडे की पतोह’ थोड़ी बड़ी हो जाएगी,” उन्होंने कहा।
“कोई बात नहीं। हम ज़रूर छापेंगे,” मैंने दृढ़ता के साथ कहा।
“पैसा-वैसा देते हो न?” उन्होंने पूछा।
“हाँ, बारह-पंद्रह हज़ार तक दे देते हैं।” मैंने कहा, तो उन्होंने आश्चर्य के साथ पूछा, “इतना दे देते हो? क्या एक हिंदी का अखबार इतना पैसा देता है?”
“जी हाँ, कहानियों का तो पाँच सौ से एक हज़ार तक देते हैं।” मैंने उन्हें बताया तो वे खामोश हो गये!
“ऐसा है कि मैं भेजता जाऊँगा, तुम उसे कम्पोज़ कराते जाओ। प्रूफ आदि पढ़कर एकदम तैयार रखना, दीपावली के बीस-पच्चीस दिन पहले तुम्हें अंतिम किस्त भेज दूँगा।” उन्होंने मुझे आश्वस्त किया। इसके बाद अखबार आदि की बातें होने लगीं, ‘लोकमत ग्रुप’ आदि के बारे में पूछने लगे।
इसके दो-तीन दिन बाद मैं नागपुर वापस आ गया। मैंने सारी बातें प्रकाश जी को बतायीं, तो वे बहुत खुश हुए। लेकिन मैंने एक शंका जताई कि यदि उन्होंने छपते-छपते नहीं भेजा, तो गुड़-गोबर हो जाएगा। मैं इस बात को लेकर निश्चिंत था कि उनका सहयोग अवश्य मिलेगा, लेकिन इस बात से नहीं कि ‘डेड लाइन’ के अंदर वे भेज देंगे। प्रकाश जी ने भी शंका ज़ाहिर की। कुछ देर सोचने के बाद उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले दामोदर खड़से (मराठी लेखक) ने कहा था कि उनका एक उपन्यास तैयार है। मैंने तपाक से कहा, “खड़से जी से वह उपन्यास ले लेंगे, अगर दीपावली अंक में नहीं छप पाया, तो रविवारीय परिशिष्ट में धारावाहिक छाप देंगे।”
फिलहाल निश्चित हुआ कि खड़से जी का उपन्यास ले लेते हैं और अमरकांत जी का इंतज़ार करते हैं। लगभग एक महीने बाद अमरकांत जी का पत्र और उनके उपन्यास का अंश साथ आया। पत्र में उन्होंने इस बात का ज़िक्र करके लिखा था कि ‘अब मैं नियमित भेजता रहूँगा।’ वे नियमित भेजते तो रहे, लेकिन ‘डेड लाइन’ तक पूरा उपन्यास आने की सम्भावना कम दिखी तो ‘दामोदर खड़से’ का उपन्यास कम्पोज़ करने के लिए दे दिया गया। जहाँ तक मुझे याद है कि अमरकांत जी ने पूरा उपन्यास किस्तों में भेजा और अंतिम किस्त दीपावली से एक हफ्ते पहले या उसके बाद मिली।
हाँ, प्रकाश जी ने मन-ही-मन ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ को धारावाहिक छापने की योजना बना ली थी। एक चतुराई उन्होंने यह भी की थी कि दीपावली अंक के विज्ञापन में उसका जिक्र नहीं किया था। हाँ, अंतिम किस्त मिलने के बाद अमरकांत जी को एक पत्र अवश्य लिखा था कि समय पर पूरा उपन्यास न मिलने के कारण हम दीपावली अंक में उसे नहीं छाप रहे है। दीपावली अंक भिजवा रहा हूँ मिलने की सूचना दीजिएगा। उस पत्र में उन्होंने यह मंशा ज़रूर ज़ाहिर कर दी थी कि इसे हम साप्ताहिक परिशिष्ट में धारावाहिक छापने जा रहे है। इस पर अमरकांत जी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं ज़ाहिर की थी। हम इसे उनका मौन स्वीकृति लक्षण मान चुके थे।
बाद में हमने ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ का दो-तीन हफ्ते विज्ञापन दिया कि शीघ्र ही लोकमत समाचार के साप्ताहिक परिशिष्ट में अमरकांत का उपन्यास छपने जा रहा है। लोगों में उत्सुकता जगाते रहे। हमारे लिए यह गौरव की बात थी कि अमरकांत जी जैसे साहित्यकार का हमें सहयोग मिला था। उपन्यास धारावाहिक रूप में छपता रहा और उसकी प्रतियाँ अमरकांत जी को मिलती रहीं। पारिश्रमिक तो मिलता ही था, मिला भी, शायद उससे ज़्यादा ही जितना दीपावली अंक में छपने के बाद मिलता।
अमरकांत जी की मृत्यु के कुछ ही दिनों पहले जब मैं उनसे मिलने गया, तो वे बेहद खुश हुए, यह नाराज़गी व्यक्त करते हुए कि “कहाँ थे बच्चू, इतने दिन!” मैंने न मिल पाने की घरेलू परिस्थितियाँ बतायीं, तो उन्होंने कुछ नहीं कहा। बातचीत के दौरान पता चला कि ‘सुन्नर पांडे की पतोह’ का विदेश में अनुवाद हो रहा है और ‘गिरई’ (तालाब में पाये जाने वाली एक तरह की मछली) का अनुवाद विदेशी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बिंदु (अपने छोटे पुत्र) को बुलाकर कहा, “इन्हें बता दो, ये भेज देंगे।” फिर काफी देर तक कोशिश की गयी, लेकिन गिरई का अंग्रेज़ी अनुवाद नहीं समझ आया। तय हुआ कि ‘एक काइंड ऑफ फिश’ लिखकर भेज दिया जाए। इसके बाद उनके घर मेरा जाना नहीं हुआ और हुआ भी तो तब, जब वे अंतिम साँस ले चुके थे।
पुस्तक परिचय:

अमरकांत का लेखन पाठक के समक्ष ज़िंदगी का बेलौस चित्र प्रस्तुत करता है पर, हिंदी साहित्यिक समाज द्वारा अभी भी उनको ढंग से समझा नहीं गया है।
‘अमरकांत: जीवन और साहित्य’ के प्रकाशन के पीछे उद्देश्य यही रहा है कि अमरकांत को सलीके से समझा जा सके। यह समझना केवल उनके साहित्य तक ही सीमित न रहे बल्कि उनके व्यक्तित्व के उन पहलुओं का भी हो जो अमरकांत को अमरकांत बनाते थे। इसीलिये इस पुस्तक में आलोचकों, लेखकों के अमरकांत पर लिखे लेखों के अलावा उनसे समय-समय पर लिये गए कुछ महत्वपूर्ण साक्षात्कार, उनसे जुड़े कुछ व्यक्तिगत संस्मरण और उनकी कुछ चर्चित कहानियों तथा उपन्यासों की समीक्षाओं समावेश किया गया है।
उम्मीद है इससे जहाँ पाठकों को अमरकांत को सम्पूर्णता में समझने में मदद मिलेगी, वहीं उन पर शोध करने वाले छात्रों को भी सुविधा होगी।
पुस्तक लिंक: अमेज़न
