लघु-कथा: आप भी बड़े ‘ओ’ हैं – जी. पी. श्रीवास्तव

लघु-कथा: आप भी बड़े 'ओ' हैं - जी. पी. श्रीवास्तव

अनाज की पैदावार बढ़ी या नहीं यह तो ईश्वर जाने या मंहगाई, मगर हाकिमों की पैदावार का क्या कहना है। कोई ए.ओ., बी.ओ., सी.ओ. हैं तो कोई ए.बी.ओ., बी.सी.ओ, सी.डी.ओ. और न जाने कितने ‘ओ’ हैं कि अंग्रेजी की वर्णमाला के भी होश गुम हैं कि अब ‘ओ’ के साथ कौन-कौन-से अक्षर जोड़े जाएँ। उस पर उसे यह भी परेशानी है कि सुनने वाले किस ‘ओ’ परिवार का कौन-सा मतलब निकालेंगे। जैसे एम.ओ. ही को ले लीजिए। इससे मेडिकल ऑफिसर भी हो सकता है और म्यूनिसिपल ऑफिसर, मलेरिया ऑफिसर, और मारकेटिंग ऑफिसर भी और घाते में मनीआर्डर भी समझना चाहें तो मजे में समझ सकते हैं।

खैर, समझने वाले जो चाहें समझा करें। इसकी फिक्र मिस्टर सी.एम गादुर को न थी जिन्हें लोग अपनी आसानी के मारे मिस्टर चिमगादर ही कहते थे।

वे थे तो वकील मगर जिस दिन से वे ‘ओथ ऑफिसर’ (शपथनामा अफसर) बना दिये गये, वे अपने नाम के आगे एक ‘ओ’ नहीं, डबल ‘ओ’ अर्थात ‘ओ.ओ.’ निहायत शान से लिखने लगे।

एक ‘ओ’ का नशा तो सँभालना मुश्किल होता है तब भला डबल ‘ओ’ का नशा, जिसके आगे ‘डबल एक्स’ भी पानी-पानी हो जाता है, भला कैसे सँभाला जा सकता है?

इसका नशा जो चढ़ा तो हजरत की आँखें ऐसी चढ़ गयीं कि वह दुनिया अछूत बनकर इनकी निगाह में रसातल से भी नीचे गिर गयी।

जब दुनिया ही नहीं तब मनुष्य कहाँ? इसलिए वे अब अपने को उस जाति का समझने लगे जो मनुष्यों से पृथक कभी देवताओं की थी और आकाश में रहती थी।

इनके लिए आकाश में रहना तो असम्भव था इसलिए वे अपने दिमाग को आसमान में पहुँचाकर अपनी उच्च जातीयता का परिचय देने लगे। इस उच्चता को बनाए रखने के लिए मनुष्यों के सारे गुणों से— जैसे संवेदना, सहानुभूति, आत्मीयता, मधुरता, कोमलता, मिलनसारी, हँसना-बोलना, सबसे बुरी तरह घृणा करने लगे ताकि ऐसा न हो कि भूल से भी इन्हें कोई मनुष्य समझ ले। सलाम करना तो एकदम भूल गए। मगर सलाम लेना नहीं। क्योंकि यह तो उनका जातीय अधिकार था। चेहरे पर गम्भीरता की इतनी मोटी पलस्तर चढ़ा ली कि कोशिश करने पर शायद जानवर भी हँस दें, मगर इनके मुँह पर हँसने के लिए सिकुड़न पड़ना बिलकुल असम्भव था।

इसकी ट्रेनिंग की ये सब तपस्याएँ झेल चुकने पर भी जिस किसी के पास अपनी बिरादरी का सदस्य समझकर वे बड़े उत्साह से लपकते थे वह इन्हें मुँह नहीं लगाता था। इस तरह वे न घर के रहे न घाट के। बस सचमुच चिमगादर ही बनकर रह गये।

इस साल एक नेताजी का लड़का वकालत पास किया था। नेताजी दुनिया को चराना खूब जानते थे। अपने लड़के को तुरंत ऊपर उछाल देने के लिए उन्होंने नगर के बड़े-बड़े लोगों की चाय-पार्टी कर दी जिसमें अधिकतर अफसरान ही थे।

मिस्टर सी.एम. गादुर अपने ‘ओ ओ’ के रक्षार्थ बिना बुलाए ही फटक पड़े और लगे नेताजी से शिकायत करने, “वाह नेताजी! जब आपने सब अफसरों को निमंत्रित किया तब आप मुझे कैसे भूल गये? शायद आप नहीं जानते कि मैं ही अकेला इस नगर का ‘ओ.ओ.’ हूँ।”

नेताजी रंग ताड़ते ही तपाक से बोले, “अरे! वाह साहब, वह कुर्सी देखिए, मैंने खास तौर से आप ही के लिए लगवा रखी है। यह और बात है कि निमंत्रण बाँटने वाले को आप न मिले हों।”

खैर, बात बन गयी। मान न मान मैं तेरा मेहमान बनकर वे अपनी बिरादरी में शामिल हो गये।

पार्टी में इनके साथी दो-चार वकील भी थे। मगर उन लोगों ने मेहमानों की खातिरदारी का भार ले रखा था। दौड़-दौड़कर सब मेजों पर सामग्री की कमी पूरी करते थे।

मिस्टर सी.एम. गादुर अपनी उच्चता का प्रदर्शन करने के लिए उन्हें ‘ए मिस्टर’ कह कर कोई तश्तरी लाने को कहते थे जैसे वे उन्हें पहचानते ही न थे।

चाय-पानी की समाप्ति पर नेताजी अपने लड़के को साथ लिए एक-एक से इस तरह मिलाने लगे, “देखो बेटा, आपका आशीर्वाद लो। आप एस.ओ. हैं — सप्लाई अफसर। आप ही की कृपा से दो सौ बोरी सीमेंट नसीब हुई थी। जिससे तुम्हारा वकालतखाना बना सका। आपका आशीर्वाद लो। आप एफ.ओ. हैं — फॉरेस्ट ऑफिसर। आप ही की कोशिशों से दस दरख्त शीशम के मिले थे जिनसे तुम्हारे फर्नीचर बनवाए हैं। आपका आशीर्वाद लो। आप सी.ओ. हैं — चकबंदी अफसर। आपका इजलास हर वक्त गर्म रहता है, आधी रात को भी चाहो मुकदमा करो…”

मिस्टर सी.एम गादुर बार-बार अपनी गर्दन उठा-उठाकर टाई ठीक करते हुए नेता जी को घूरते ही रहे। मगर सारे मेहमानों से मिलाने पर भी उनकी नज़र इन पर न पड़ सकी। तब तो इनसे न रहा गया। कुर्सी खड़बड़ाकर इस तरह उठ खड़े हुए मानो जाने की तैयारी कर रहे हैं।

नेताजी ने चौंककर उनकी तरफ देखा और वहीं से बोले, “अरे! आप कहाँ छिपे थे? मैं आप ही को ढूँढ रहा था। देखो बेटा, आप भी ‘ओ’ हैं।”

मिस्टर सी.एम. गादुर खड़े तो थे ही, जोरों से बोल उठे ताकि सब लोग सुन सकें, “मैं खाली ‘ओ’ नहीं, मैं ‘ओ.ओ.ओ.’ हूँ। इस नगर का ओनली ओथ ऑफिसर (एकमात्र शपथनामा हाकिम)।”

कहीं से आवाज आयी, “अख्खा आप तीन हर्फ वाले हैं।” इसी के साथ एक प्रश्न भी गूँज उठा, “तीन हर्फ कौन?”

जब तक कुछ स्कूली लड़के हाते के बाहर रुककर यह तमाशा देख रहे थे, एकाएक चिल्ला उठे, “अरे! वही चे गैन दाल — चुगद।”

पार्टी इतने जोरों से खिलखिलाकर हँस पड़ी कि मिस्टर गादुर को मुँह छिपाकर वहाँ से भागने ही में कुशलता दिखाई पड़ी।

समाप्त


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Author

  • जन्म: 1889 छपरा बिहार

    1889 में छपरा बिहार में जन्में लेखक गंगा प्रसाद श्रीवास्तव हिंदी में अपनी व्यंग्य और हास्य के लिए जाने जाते हैं। वह जी पी श्रीवास्तव के नाम से लिखा करते थे।

    मुख्य कृतियाँ:
    कहानी संग्रह: ‘लम्बी दाढ़ी’
    कविता संग्रह: ‘नोक-झोंक’
    उपन्यास: लतखोरी लाल
    नाटक: उलटफेर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *