पुस्तक टिप्पणी: अश्वत्थामा- यातना का अमरत्व – अनघा जोगलेकर | डॉ. कुमारसम्भव जोशी

पुस्तक टिप्पणी: अश्वत्थामा- यातना का अमरत्व - अनघा जोगलेकर | डॉ. कुमारसम्भव जोशी

‘अश्वत्थामा: यातना का अमरत्व’ अनघा जोगलेकर का अश्वतथामा पर केंद्रित लघु-उपन्यास है। पढ़ें पुस्तक पर लिखी डॉ कुमारसम्भव जोशी की लिखी यह टिप्पणी।


“यदिहास्ति तदन्यत्र.. यन्नेहास्ति न तत् क्वचित् ||

अर्थात् जो यहाँ इस महाग्रंथ में है वह अन्यत्र मिल सकता है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं जो इसमें ना हो और अन्यत्र उपलब्ध हो।

श्लोक किसी दूसरे सन्दर्भ का है लेकिन ‘महाभारत’ के महाग्रंथ पर सटीक है.

निस्संदेह यह ‘महा’भारत है। इसमें प्रेम है, मोह है, राग है, द्वेष है, छल है, कुटिलता है, विवशता है, षड़यंत्र है, प्रतिशोध है, स्वार्थ है, धर्म भी है और अधर्म भी।

इस महान महाभारत का एक-एक प्रसंग शिक्षाप्रद है, एक-एक पात्र समझने योग्य है।

चाहे वह इस महासमर की नींव रखने वाले महाराज शांतनु हों या इस युद्ध को होते हुए देखने को विवश, प्रतिज्ञाबद्ध कुरूकुलश्रेष्ठ भीष्म। चाहे वह पुत्रमोह में अंधे धृतराष्ट्र हो या स्वार्थ की मिट्टी से जन्मा दुर्योधन।

एक ओर जहाँ सोलह कला पूर्ण श्रीकृष्ण का प्रत्येक घटना में व्याप्त दिव्य चरित्र है तो वहीं कुछ महत्वपूर्ण चरित्र ऐसे भी हैं, जिन्हें लोक में पर्याप्त महत्व नहीं मिला।

ऐसा ही एक रहस्यमयी गूढ़ चरित्र है चिरंजीवी ‘अश्वत्थामा’ का।

यह पात्र सर्वश्रेष्ठ शस्त्रास्त्र विशेषज्ञ गुरु का पुत्र था, शास्त्र मर्मज्ञ कृपाचार्य का भागिनेय था, ब्रह्मास्त्र का ज्ञाता था, मगर फिर भी पूरे महासमर में अल्पख्यात रहा। और जब पटल पर आया तो ऐसे कि आज भी उसके प्रति घृणा ही उपजती है।

अनघा जोगलेकर’ जी के लघु उपन्यास का मुख्य पात्र यही युगों युगों से चिरंजीवी ‘अश्वत्थामा’ है।

अश्वत्थामा के विषय में अनेक किंवदंतियाँ हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा प्रसिद्ध किंवदंती है उसके अमर होने के श्राप की।

जी हाँ, अमर होने का ‘श्राप’।

अनघा जोगलेकर जी ने ‘शारणदेव’ नामक सूत्रधार पात्र के माध्यम से इस रहस्यमयी पात्र के जीवन की घटनाओं व उनका उसके जीवन पर पड़े प्रभाव का विशद उद्घाटन करते हुए उस महानिन्दनीय भूल की वजह का आँकलन करने का प्रयास किया है जो उसके श्राप का कारण बनी थी।

उनका यह प्रयास बेहद सराहनीय बन पड़ा है। उपन्यास प्रारम्भ से ही रूचि उत्पन्न करने में सफल रहता है। संध्या होने पर जब शारणदेव घर लौटता है तो उसके साथ पाठक भी बेसब्री से सुबह होने का इन्तजार करने लगता है कि कब सुबह हो और कब आगे की कथा का तन्तु जुड़े। यह लेखिका की सफलता है कि वे पाठक को सतत साथ लिए जाती हैं।

कथा महायुद्ध के कई दशकों बाद की है, जब अपनी करनी के फलस्वरूप ‘यातना का अमरत्व’ भोगता अश्वत्थामा अकस्मात् शारणदेव से मिलता है। जिज्ञासु शारणदेव उसके जीवनवृत्त को सुनने की उत्सुकता दर्शाता है।

बीच-बीच में प्रसंगवश आयी महाभारत की विभिन्न घटनाओं पर मानवीय दृष्टिकोण रखा गया है, जो पाठक के लिए बोनस की तरह है।

इस लघु उपन्यास में शारणदेव व अश्वत्थामा के जरिए द्रोण के जन्म से लेकर अश्वत्थामा का निर्धन बालपन, दूध के अभाव में सत्तू घोलकर पिलाना, द्रुपद द्वारा हुए अपमान से गुजरकर द्रोण का महान हस्तिनापुर साम्राज्य के आचार्य बनना, दुर्योधन के दुष्ट स्वभाव को जानते हुए भी अश्वत्थामा की उससे मित्रता, कर्ण के प्रति सहानुभूति, द्यूतक्रीड़ा व द्रौपदी चीरहरण के समय कुछ न कर पाने की विवशता, अभिमन्यु के नियमविरूद्ध छलपूर्ण वध की ग्लानि के साथ-साथ अंतिम सोपानस्वरूप युद्ध समाप्ति के बाद धोखे से शिविर में सोते पांडवपुत्रों की हत्या व उत्तरा के अजन्मे गर्भ पर ब्रह्मास्त्र के प्रयोग जैसे अतिशय निकृष्ट कृत्य तथा उसके कारण श्रीकृष्ण से मिले यातना के अमरत्व के श्राप तक विविध घटनाओं का प्रभावी चित्रण किया गया है।

अंत में सम्भवतया ‘भ्रूणहत्या’ का दण्ड कहते हुए अमरत्व के श्राप का औचित्य स्पष्ट कर हम सभी को इस जघन्य अपराध के प्रति आगाह किया गया है।

अश्वत्थामा एक भ्रमित व निर्णायक दूरगामी दृष्टि न रखने वाला अल्पसत्व चरित्र था। वह ग़लत-सही जानता तो था, मगर कभी मार्ग तय नहीं कर पाया।

इस अल्पज्ञात चरित्र पर बेहतरीन जानकारी रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने में लेखिका अनघा जोगलेकर जी पूर्णतः सफल रही हैं।

कहीं-कहीं कुछ संक्षेप में कही घटनाओं को विस्तार देना चाहिए था तो कहीं विस्तृत कही गई घटनाओं को संक्षिप्त किया जा सकता था।

अश्वत्थामा के जीवन की कुछ और घटनाओं का समावेश भी किया जा सकता था।

शुरू-शुरू में कुछ पंक्तियों का दोहराव सा लगता है तथा मुद्रण व वर्तनी की त्रुटियाँ हैं। मगर जैसे-जैसे कथा आगे बढ़ती है, अध्याय दर अध्याय लेखन मजबूत होता स्पष्ट दिखता है।

शैली रोचक है, कथानक बाँधे रखने वाला व लयबद्ध है। पाठक, पुस्तक को एक ही बार में लगातार पढ़ने के लिए घटनाओं के साथ बहता चला जाता है।

बहरहाल यह उपन्यासिका पाँच में से 4+ स्टार वाली है, जरूर पढ़ी जाने वाली है। लेखिका के लेखन का वह मैजिक टच नज़र आता है।

‘अश्वत्थामा… यातना का अमरत्व’ की सफलता व आगामी लेखकीय प्रस्तुति की अग्रिम शुभकामना सहित अनघा जोगलेकर जी को बहुत बधाई।

– डॉ कुमारसम्भव जोशी

पुस्तक लिंक: अमेज़न

(यह समीक्षा साहिन्द में नवम्बर 28 2018 को प्रकाशित हुई थी।)


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

About एक बुक जर्नल

एक बुक जर्नल साहित्य को समर्पित एक वेब पत्रिका है जिसका मकसद साहित्य की सभी विधाओं की रचनाओं का बिना किसी भेद भाव के प्रोत्साहन करना है। यह प्रोत्साहन उनके ऊपर पाठकीय टिप्पणी, उनकी जानकारी इत्यादि साझा कर किया जाता है। आप भी अपने लेख हमें भेज कर इसमें सहयोग दे सकते हैं।

View all posts by एक बुक जर्नल →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *