आसक्ति – निशांत मौर्य | कहानी

आसक्ति-निशांत मौर्य | कहानी

पाँच साल की मिन्नतों और दुनियाभर के इलाज के बाद जब विधान दीक्षित और सुशीला देवी के यहाँ पहली औलाद हुई तो पूरा गाँव उनके उत्सव में शरीक हुआ। पंडित जी गाँव के रसूखदार आदमी थे। धन-धान्य की कोई कमी न थी। गाँव में ही चार मकान और अच्छी खासी खेती-बाड़ी उनकी संपन्नता की कहानी कहती थी। लड़की होने पर भी भला कोई उत्सव करता है क्या? लोगों के मन में रह रहकर ये सवाल गूँज रहा था। सब बड़े लोगों के चोंचले हैं! सवाली मनों ने खुद ही जवाब तलाश लिया। नवजात को उस एक दिन में ही सैकड़ों दुआएँ मिल गयीं। दुआओं ने असर भी दिखाया। पड़ोसियों ने तो दाँतों तले ऊँगली दबा ली जब जन्म के आठवें महीने में ही आरती अपने पैरों पर खड़ी होकर चलने लगी। दूर के चार गाँवों तक इतना चंचल, स्वस्थ और मोहक बच्चा किसी का नहीं था। अपनी पत्नी को खो देने के भय से दीक्षित जी ने दूसरी संतान का मोह ना किया। हालाँकि पंडिताइन को एक लड़का हो जाने की बड़ी लालसा थी पर मर्द की जिद के आगे भला औरत की की कभी चली है!

आरती अपनी नाम के अनुरूप ही सात्विक और सरल बालिका थी। उसकी शिक्षा- दीक्षा का भार दीक्षित जी ने अपने कंधों पर ले लिया। समय का पंछी तेज गति से उड़ चला। चंचलता हया में और कविता पाठ गीता पाठ में परिवर्तित हो गए। बारह साल की आरती देखने में पंद्रह की लगती थी। गौर वर्ण, तीखे नेत्र और शारीरिक संकेतों से स्पष्ट था कि कन्या अब किशोरी हो चुकी थी। गाँव के मनचलों में आरती के चर्चे शुरू हो गए थे और इधर आरती का हृदय भी अब गुड्डो-गुड़ियों वाले खेल से भर चुका था। दरवाजे की ओट से अपनी माँ को श्रृंगार करते देखना उसे भाने लगा था।

दीक्षित जी दिन काम-धंधे के सिलसिले में बाहर रहते थे और आज सुशीला भी हाट को गयी थीं। आरती को मन माँगी मुराद मिल गयी। माँ के साजो सामान का खुद पर प्रयोग करने से इससे बेहतर अवसर नहीं था। प्रयोग सफल होता इससे पहले ही उसमे खलल पड़ गया। मजबूरन आरती को दरवाजा खोलना पड़ा। आधी सजी आरती हास्यास्पद से अधिक सुंदर लग रही थी। दरवाजे पर अनुरोध था। पंद्रह वर्षीय अनुरोध पड़ोस के गाँव का निवासी था। उसके पिता बृजेश्वर पांडे कपड़ों के व्यापारी थे। दीक्षित और पांडे की मित्रता हुए अरसा बीत गया था। बीस साल पहले जब पांडे परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था तो सबसे पहले दीक्षित परिवार ही मदद को आगे आया था। अनुरोध पहले आरती को देखकर हँसा फिर खुद को संभालते हुए बोला-

“विधान चाचा को ये कपड़े दे देना।”

आरती ने झट से उसके हाथ से कपड़े छीने और दरवाजा बंद करके अंदर भाग गयी। दोनों पहले भी कई बार मिले थे पर आज की मुलाक़ात कुछ खास थी। आरती का वह रूप अनुरोध के सामने बार- बार प्रकट हो रहा था। आकर्षण का पौधा अंकुरित हो गया था। आरती भी अनुरोध को पसंद करती थी क्योंकि वो उसे छिप -छिपकर इमली महुआ और दूसरी पसंदीदा चीजें लाकर देता था।

चार वर्ष बीत गए। किशोरी आरती अब एक नवयौवना दिखती थी। अनुरोध भी बाँका जवान हो गया था। आकर्षण का स्थान प्रेम ने और महुआ-इमली का स्थान श्रृंगार के सामान ने ले लिया। आग लगने पर निकलने वाला धुआँ और प्रेम प्रसंग छिपाना असंभव होता है। पंडित जी को इस विषय में पता चलते ही उनका क्रोध आरती पर फूट पड़ा। आरती भी कम हठी न थी। खाना-पीना त्याग दिया। इंसान अपनी संतान से ही हारता है। अनुरोध अच्छा लड़का है, पांडे जी तो देवता व्यक्ति हैं – ऐसा सोचकर विधान जी ने उनसे रिश्ते की बात चला दी। पांडे को भी रिश्ते से समस्या नहीं थी। उनकी समझ में समझौता कुल की बदनामी से बेहतर था। आखिर वो दिन भी आ गया जब दोनो एक हो गए। आरती अपने नए भगवान के मंदिर की ओर प्रस्थान कर चली।

कल तक अपनी माँ के आँचल से चिपटी रहनी वाली सुकुमारी आज स्वयं का आँचल संभाल रही थी। अनुरोध ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया तो आरती नजर चुराकर भागी। अनुरोध भी पीछे पीछे दौड़ा। दोनों की दौड़-भाग प्रणय पर जाकर समाप्त हुई। आरती ‘पूर्ण’ हो गयी। प्रेम ने व्यसन का रूप ले लिया। आरती ने खुद को एक कुशल गृहणी के रूप में स्थापित कर लिया। पंछी ने अपने पंख फैला लिए।

पांडे जी की राजयक्ष्मा सबसे भयावह रूप में पहुँच गयी। इस बार काल अपने इरादों में सफल रहा। अनुरोध अनाथ हो गया। व्यापार का सारा भार उसके कंधों पर आ गया। एक दिन आरती को अचानक से पता चला कि अनुरोध को व्यापार के सिलसिले में अज्ञात समय के लिए गाँव छोड़ना पड़ेगा। जी तो चाहे कि पीछे से जाकर अनुरोध को पकड़ ले पर पति के पैरों की बेड़ी नहीं बनना चाहती थी वो। अनुरोध से विरक्त आरती देहरी पर बैठ उसकी बाट जोह रही थी। कानों में तीव्र ध्वनि पड़ी- “अलख निरंजन।”

स्वर का स्वामी निकट ही था। आरती हड़बड़ाकर वापस होश में आयी।

“किन विचारों में मग्न हो पुत्री। तुम्हें घर-द्वार का कुछ भी भान नहीं है।”

इतने समय बाद किसी के मुख से ‘पुत्री’ शब्द सुनकर आरती अपने अंदर उमड़ते सागर को रोक ना सकी। नेत्रों के सीपी से उत्पन्न हुआ अश्रु मोती कपोलों के रास्ते गुजर गया। उसे साधु में पिता के दर्शन हो रहे थे। भावनाओं ने शब्दों का रूप ले लिया और आरती ने अपनी सारी व्यथा साधु को कह सुनायी।

“पुत्री तू आसक्त हो चुकी है। मोह का सबसे विकट रूप है यह। इस रोग से स्वयं को दूर करने का प्रयत्न कर।”

साधु आरती की दयनीय अवस्था समझ गए थे।

“बाबा यह रोग तो लाइलाज सा लग रहा है। मेरी मृत्यु के बाद ही जायेगा। कोई दवा बता दीजिये जिससे पीड़ा तनिक कम हो जाए।”

आरती गिड़गिड़ा उठी।

“तेरी पीड़ा का नाश तो तेरा पति ही कर सकता है। तेरे मन में तेरे पति की जो भी छवि है उसे एक मूर्ति का रूप दे और उसकी पूजा कर उसे प्रेम कर। ईश्वर ने चाहा तो पीड़ा से मुक्ति मिलेगी।
अलख निरंजन!”

आरती अचरज से भर उठी कि भला एक प्रतिरूप अनुरोध का स्थान कैसे ले सकता है! परंतु साधु के बताये उपाय के अलावा उसे कोई और रास्ता न दीख पड़ा। अगले दिन स्नानादि करने तुरंत बाद आरती अपने इष्ट को साकार रूप देने में जुट गयी। फुलवारी से अंजलि भर सूखी मिटटी लेकर उसने उसे बारीक छान लिया। प्रत्येक कण को आपस में जोड़ने के लिए जल देव की सहायता ली गयी। भावनाओं से मूर्ति का श्रृंगार हुआ। मानो साक्षात अनुरोध हो। आरती ने अपना सारा प्रेम उस बेजान मूरत पर न्योछावर कर दिया।

पंछी ने फिर से करवट ली, एक वर्ष और बीत गया। संध्या का समय था। आरती अपने देव को प्रेम प्रसाद चढ़ाने में मग्न थी। उसी समय द्वार पर दस्तक हुई। प्रेमालाप के मध्य एक अतिथि का यूँ दखल देना प्रियतमा को बिलकुल नागवार लगा। अधूरे मन ने द्वार खोला गया। आतिथेय की दृष्टि आगंतुक पर गयी। मूरत की सूरत सामने खड़ी थी। अनुरोध को अपने समक्ष पाकर आरती एक क्षण के लिए बेसुध हो गयी। किंकर्तव्यविमूढ़ होकर देखने से अधिक वह कुछ ना कर सकी।

अनुरोध स्वयं भीतर आ गया और चारपाई पर बैठ गया। इतने लंबे अंतराल के बाद घर वापसी पर जलपान की आशा बहुत बड़ी तो नहीं थी। आशा उस समय निराशा में बदल गयी जब आरती बिना एक शब्द कहे भीतर चली गयी। अनुरोध एक बार फिर पीछे गया। परंतु इस बार प्रणय के स्थान पर आश्चर्य था। आरती अपने इष्ट की वंदना में पुनः व्यस्त हो चुकी थी। ये सब अनुरोध के लिए अकल्पनीय था। दो दिनों तक तो उसे आरती की इस अवस्था के विषय में कुछ समझ ही नही आया। धीरे- धीरे पड़ोसियों के माध्यम से उसे पता चला कि उसके पलायन के पश्चात आरती किन परिस्थितियों से गुजरी।

अनुरोध ने आरती को संभालने का भरसक प्रयास किया। गाँव-शहर का कोई भी वैद्य, तांत्रिक पुजारी उसकी अवस्था में रत्ती भर सुधार न ला सका। किसी ने बताया कि प्रेम ही आरती का असली इलाज है पर आरती तो उसे अपने पास तक फटकने नहीं देती थी। इस संसार में प्रेम से भी बढ़कर एक चीज होती है – आसक्ति। आरती कहीं गहरे उस भँवर में फँस गयी थी। उसके लिए उसका इष्ट ही सब कुछ था। अनुरोध के सारे यत्न विफल रहे। चहुँओर विफलता हाथ लगने के पश्चात अब अनुरोध के पास एक ही मार्ग शेष था।

निद्रा ने नियत समय पर ही आरती का दामन छोड़ा। सोमवार का दिन सुहागिनों के लिए विशेष महत्व रखता है। आज के दिन वो अपने इष्ट का भोग विशेष पकवानों से लगाने वाली थी। दैनिक क्रियाएँ नियत समय पर संपन्न हो गयीं। अब मिलन का मुहूर्त था। आरती सारे भोग लेकर अपने इष्ट के पास पहुँची। पर इष्ट आज शायद आरती के साथ क्रीड़ा के इच्छुक थे तभी वह अपने स्थान पर नजर नहीं आ रहे थे। आरती उन्हें वहाँ न पाकर विचलित हो उठी और दौड़ कर दूसरे कक्ष में प्रवेश कर गयी जहाँ अनुरोध कुछ व्यापारिक कार्यों में व्यस्त था।

“मेरे अनुरोध कहाँ हैं? आपने उन्हें देखा कहीं?”

अनुरोध के वापस आने के बाद आरती का उसके साथ यह प्रथम संवाद था।

“तुम्हारा अनुरोध तुम्हारे सम्मुख है।”

“नहीं, वो अपने स्थान पर नही हैं।”

आरती और विचलित हो उठी।

“आरती वो मिट्टी की मूरत अनुरोध नहीं थी। वो मिट्टी का टुकड़ा हमारे मिलन में बाधक था इसलिये मैंने उसे गंगा मैया को अर्पित कर दिया। अब हमारे मध्य कोई बाधा शेष नहीं।”

अनुरोध के मुख पर लंबे समय के बाद संतोष के भाव थे। पर आरती उन शब्दों को सुनकर बदहवास सी हो उठी। उसके पैरों ने बिना मस्तिष्क से मंत्रणा किये बाहर की ओर दौड़ लगा दी।

अनुरोध एक बार फिर से पीछे भागा पर इस बार आरती को पकड़ना असंभव था। आरती ‘अनुरोध-अनुरोध’ चिल्ला रही थी और अनुरोध ‘आरती- आरती’। कुछ मिनटों की दौड़ के बाद आरती गंगा टीले पर खड़ी थी। उसने एक पल को ठिठक कर इष्ट का ध्यान किया फिर स्वयं को गंगा में अर्पित कर दिया। बारह वर्ष की वह बालिका पुनः अनुरोध के नेत्रों के सामने प्रकट हुई फिर ओझल हो गई। ‘छपाक’ की आवाज ने खुद को दोहराया। पंछी एक नये आशियाने की खोज में उड़ चला।

समाप्त

लेखक परिचय
nishant maurya
निशांत मौर्य

कानपुर में रहने वाले निशांत मौर्य का साहित्य के प्रति गहरा प्रेम उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के छोटे से कस्बे बिलग्राम में पले-बढ़े निशांत का बचपन सरल और आत्मीयता से भरा था। बचपन में पढ़ी गई कहानियों ने निशांत को कल्पनाओं की उड़ान भरने का अवसर दिया और साहित्य के प्रति उनका लगाव दिन-ब-दिन गहराता गया।

वर्तमान में वह एक वरिष्ठ ग्राफिक डिज़ाइनर के रूप में कार्यरत हैं। ग्राफिक डिज़ाइनर के रूप में, उन्होंने 150 से अधिक किताबों के कवर डिज़ाइन किए हैं।


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

About एक बुक जर्नल

एक बुक जर्नल साहित्य को समर्पित एक वेब पत्रिका है जिसका मकसद साहित्य की सभी विधाओं की रचनाओं का बिना किसी भेद भाव के प्रोत्साहन करना है। यह प्रोत्साहन उनके ऊपर पाठकीय टिप्पणी, उनकी जानकारी इत्यादि साझा कर किया जाता है। आप भी अपने लेख हमें भेज कर इसमें सहयोग दे सकते हैं।

View all posts by एक बुक जर्नल →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *