22 नवंबर 2026: शनिवार, 21 नवंबर 2026 को कानपुर पुस्तक मेले में लेखक अंकुर मिश्रा के उपन्यास ‘तिमिर’ का लोकार्पण एवं पुस्तक चर्चा आयोजित की गयी।
इस अवसर पर साहित्यकार भगवंत अनमोल, पेंगुइन हिंदी के सम्पादक संजीव मिश्रा, अरुण मिश्रा, पल्लवी गर्ग, डॉक्टर आरती वर्मा, कुलदीप सिंह, अनिल कुमार पारीक और अरुणेंद्र सोनी सहित अनेक साहित्य प्रेमी एवं पाठक उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान सभी वक्ताओं ने उपन्यास के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखें।
‘तिमिर’ लेखक अंकुर मिश्रा की पाँचवी पुस्तक है जिसका प्रकाशन प्रभात प्रकाशन द्वारा किया गया है। उपन्यास की कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो एक मल्टीनेशनल कंपनी की नौकरी छोड़कर अपने गाँव लौट आता है और वहाँ की राजनीति तथा उससे जुड़ी चुनौतियों का सामना करता है।
उल्लेखनीय है कि कानपुर पुस्तक मेले का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में किया जा रहा है। 19 से 29 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न साहित्यिक गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बता दें कानपुर निवासी लेखक अंकुर मिश्रा मूलतः बैंकर हैं। लेखन के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश हिंदी अकादमी द्वारा बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ पुरस्कार व सर्व भाषा ट्रस्ट द्वारा सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ साहित्य सम्मान-2018 दिया जा चुका है।
