हिंदी बाल-साहित्य के लिए वार्षिक तौर पर दिए जाने वाले हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार की घोषणा की जा चुकी है। यह घोषणा हरिकृष्ण देवसरे न्यास की वेबसाइट और फेसबुक पृष्ट पर की गयी।
वर्ष 2026 का हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार लेखक ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ को उनके उपन्यास ‘चंद्रबस्ती का रहस्य’ के लिए प्रदान किया जाएगा। रतनगढ़ नीमच मध्यप्रदेश के लेखक ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ पेशे से शिक्षक हैं और बाल साहित्य और लघु-कथा के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ का यह बाल-उपन्यास ‘चंद्र बस्ती का रहस्य’ एक कौतूहल और कल्पना से भरी यह कृति है जो बच्चों को चाँद की एक अनोखी बस्ती की सैर कराती है और उनके मन में पढ़ने की ललक जगाती है। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा इस पुस्तक को प्रकाशित किया गया है। निर्णायक मंडल एवं कार्यकारिणी द्वारा सभी चयनित पुस्तकों के विस्तृत मूल्यांकन के उपरांत इस कृति को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। लेखक को जल्द ही होने वाले सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
बताते चलें वर्ष 2014 से हर वर्ष हरिकृष्ण देवसरे न्यास द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार के अंतर्गत ₹75,000 की सम्मान राशि रचनाकार को प्रदान की जाती है। न्यास का मुख्य उद्देश्य आज के लेखकों को ऐसा साहित्य लिखने के लिए प्रेरित करना है जो न केवल मानवीय मूल्यों को समाहित किये हुए हो वरन बच्चों को यथार्थ की पृष्ठभूमि पर आने वाले कल का सामना करने के लिए जागरूक बना, वैज्ञानिक सोच से आप्लावित कर कल्पनाशीलता से भर सके और बालमन को बाँधने में सक्षम हो। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर यह पुरस्कार दिया जाता है। पिछले वर्ष यह पुरस्कार दो लेखकों को प्रदान किया गया था। लेखक समीर गांगुली को उनकी पुस्तक ‘मिशन ग्रीन वॉर‘ और लेखिका मीनू त्रिपाठी को उनकी पुस्तक ‘हरियाली की ओर’ के लिए यह पुरस्कार दिया गया था।
