कहानी: ककड़ी की कीमत – आचार्य चतुरसेन शास्त्री

कहानी: ककड़ी की कीमत - आचार्य चतुरसेन शास्त्री

आज तो दिल्ली का सब रंग-ढंग ही बिगड़ गया है। बाजार में, मकानों में, चाल-ढाल में, सड़कों में, सबमें विलायतीपन आ गया है। जब से दिल्ली भारत की राजधानी बनी है और नई दिल्ली की चकाबू को मात करनेवाली विचित्र नगरी बसी है, तब से दिल्ली यद्यपि पंजाब से पृथक अलग सूबा बन गया है, फिर भी उसमें बुरी तरह से पंजाबीपन भर गया है। नई दिल्ली जब बस रही थी, तब ढेर के ढेर पंजाबी सिख और सभी उत्साही लोग, जिन्होंने पंजाब के गेहूँ और उर्द एवं चने खाकर अपने शरीर-बल को खूब वृद्धि दी है, नई दिल्ली पर चढ़ दौड़े। ठेकेदार से लेकर साधारण मजदूर तक पंजाब के साहसी पुरुष भर गये। उन्होंने नई दिल्ली में प्रारम्भ में कौड़ियों के मोल ज़मीन ली और बस गये। अब नई दिल्ली में वे सरदारजी होकर मोटर में दौड़ते हैं; वीरभोग्या वसुंधरा। दिल्ली के महीन आदमी न जाने कहाँ खो गये। अब जगह-जगह होटल खुल गये। लाइन की लाइन खालसा होटलों की दुकानें आप दिल्ली के बाज़ारों में देख सकते हैं, जहाँ झटका पकने का साइनबोर्ड लगा होगा। और वहाँ अनगिनत सरदारगण बड़े-बड़े साफे बाँधे, लम्बी दाढ़ी फटकारे, कोट, पैंट, बूट डाटे, खाट या टेबुल पर बैठे रोटियाँ खाते दीख पड़ते हैं। छुआछूत को तो इन्होंने डंडे मारकर दिल्ली से नज़ाकत के साथ दूर ही कर दिया है। शाम को आप ज़रा चांदनीचौक में एक चक्कर लगाइए। पंजाबी युवतियाँ और प्रौढ़ाएँ बारीक दुपट्टा माथे पर डाले, सलवार डाटे, मुँह खोले बेफिक्री से कचालू वाले के इर्द-गिर्द बैठकर कचालू-आलू खाती नज़र आएँगी।

कभी-कभी ब्याह-शादी के जलूसों में जौहरियों की वह देहलवी नुक्केदार पगड़ियाँ कुछ पुराने सिरों पर नज़र आ जाती थीं। परंतु वह नीमास्तीन अंग-रखे, वसली के जूते, दुपल्ली दो माशे की टोपी, बगल में महीन शर्बती का दुपट्टा तो बिलकुल हवा हो गये हैं। सरदे के दामन और सफेद शर्बती की चादरें लपेटे अब दिल्ली की ललनाएँ नहीं दीख पड़तीं। न अब वे जड़ाऊ ज़ेवर ही उनके बदन पर दीख पड़ते हैं जिनकी बदौलत दो हजार जड़िए और पाँच हजार सुनार दिल्ली से अपनी रोज़ी चलाते थे। अब तो बारीक क्रेप की फैशनेविल साड़ियाँ, उनपर नफासत से कढ़ी हुई बेलें, बिना आस्तीन के जम्पर, जिनमें से आधी छाती और समूची मृणाल‑भुजाएँ खुला खेल खेलती हैं, साथ में ऊँची एड़ी के रंग-बिरंगे सैंडिल-जूते, चांदनीचौक में देखते-देखते आँखें थक जाती हैं। देश की इन पर्दाफाश बहिनों में सुशिक्षिताएँ तो बहुत ही कम हैं। ज्यादातर मोर का पंख खोंसकर मोर बनने-वाले कौए जैसी हैं। इसका पता उनके चेहरे पर पुते हुए फूहड़ ढंग के पाउडर से, होंठों में खूब गहरे लगे गुलाबी रंग से, तीव्र सेंट से, तराबोर चटकीले रेशमी रुमाल से, बालों में चमचमाते नकली जड़ाऊ पिनों से अनायास ही लग जाता है। कभी-कभी तो इन अधकचरी मेमसाहिबा की कोमल कलाइयों में दिल्ली फैशन के सोने के दस्तबंदों और अनगिनत चूड़ियों के बीच फैंसी रिस्टवाच तथा पैरों के जेवरों पर ऊँची एड़ी का सैंडिल शू मन में अजब हास्यरस उत्पन्न करता है; खासकर उस हालत में जबकि उनके पालतू पति महाशय पतलून पर लापरवाही से स्वेटर पर कोट डाले उनके पीछे-पीछे उनकी खरीदी चीजों का बंडल लिए बड़े उल्लास से चलते-फिरते और मुसाहिबी करते नजर आते हैं।

३८ वर्ष हुए। उस समय दिल्ली के चांदनीचौक में, अब जहाँ अगल-बगल पैदल चलनेवालों के लिए पटरियाँ बनी हैं, वहाँ सड़कें थीं। सड़कें कंकड़ की थीं। उनमें बहली, मझोलियाँ, इक्के सरपट दौड़ा करते थे। दोनों समय उन सड़कों पर छिड़काव हुआ करता था। बीचोंबीच अब जहाँ चमचमाती सीमेंट की पुख्ता सड़क है, नहर पर पटरी बनी थी। उसके दोनों ओर खूब घने वृक्षों की छाया थी। ज्येष्ठ-बैसाख की दोपहरी में भी वहाँ शीतल वायु के झोंके आया करते थे। उस पटरी पर बड़ी‑बड़ी भीमकाय बेतों की छतरियाँ लगाए खोंचेवाले अपनी-अपनी छोटी- छोटी दुकानें लिए बैठे रहते थे। उनमें बिसाती टोपीवाले, टुकड़ीवाले, घी के सौदेवाले, दहीबड़ेवाले, चने की चाटवाले, कचालूवाले, मेवाफरोश तथा फल-वाले सभी होते थे। उनसे भी छोटे दुकानदार अपनी छोटी-सी दुकान को किसी टोकरी में सजाए गले में लटकाए घूम-फिरकर सौदा बेचा करते थे। सैकड़ों आदमी उन वृक्षों की घनी छाया में पड़े हुए थकान उतारा करते थे। घंटाघर के सामने कमेटी की संगीन इमारत के आगे अब जहाँ महारानी विक्टोरिया की मूर्ति रखी हुई है, वहाँ काले पत्थर का एक विशालकाय हाथी खड़ा था, जिसे जयमल फत्ते का हाथी कहकर बूढ़े आदमी उस पटरी पर वृक्षों की ठंडी छाया में लेटे उनींदी आँखों में खमीरी तम्बाखू का मद भरे भाँति-भाँति के किस्से-कहानी कहा करते थे। दिल्ली के निवासियों की बोली में एक अजीब लोच था। खोंचेवालों की आवाज़ें भी एक से एक बढ़कर होती थीं। सब्ज़ी-तरकारियों में जो पहले चलती, वही दिल्ली के रईस खाते थे। भिंडी और करेले जब तक रुपये सेर बिकते थे, कच्ची आम की कैरियाँ जब तक बारह आने सेर बिकती थीं, तभी तक वे दिल्लीवालों के खाने की चीज़ समझी जाती थीं। सस्ती होने पर उन्हें कोई नहीं पूछता था। बेर के मौसम में लोग बेरों को चाकू से छीलकर उनपर चांदी का वर्क लपेटकर खाते थे। लताफत और नज़ाकत हर एक बात में थी। जैसे वे महीन आदमी थे, वैसे ही उनका रहन-सहन भी था।

फागुन लग गया था। वसंत पुज चुका था। सर्दी कम हो गयी थी। वासंती हवा मन को हरा कर रही थी। बाजार में नर्म-नर्म पतली ककड़ियों के कूजे बिकने आने लगे थे। पर उनके दाम काफी महंगे थे इसलिए यह रईसों का ककड़ी खाने का मौसम था। एक जवान कुंजड़ा सिर पर नारंगी साफा बेपरवाही से बाँध, बदन पर तंजेब का ढीला कुरता पहने, गले में सोने की छोटी-सी ताबीज़ काले डोरे में लटकाए, आँखों में सुरमा और मुँह में पानों की गिलौरियाँ दबाये कमर में चौखाने का तहमत और पैर में फूलदार सलेमशाही आधी छटाँक का जूता पहने ककड़ियाँ बेचता पटरी पर मस्तानी अदा से घूम रहा था। उसके हाथ में झाऊँ की एक सूफियानी चौड़ी टोकरी थी। उसपर केले के हरे पत्तों पर गुलाब के फूलों के बीच ककड़ी के दो रवे रखे थे। टोकरी उसके दाहिने हाथ में अधर धरी थी। वह अपनी मस्त आँखों से इधर-उधर घूरता झूमती-झूमती ललकती भाषा में आवाज़ लगाता था, नाजुक ये ककड़ियाँ ले लो… लैला की उंगलियाँ ले लो… मजनूं की पसलियाँ ले लो। नाज़ुक ये ककड़ियाँ ले लो। पीछे से आवाज़ आयी, “ककड़ीवाले, जरा वरे को आना।” उसी भाँति मस्तानी अदा से पुकारता हुआ ककड़ीवाला पीछे को फिरा। पुकारनेवाला कहार था। वह एक बुढ्डा आदमी था। उसकी सफेद-सफेद बड़ी मूँछें, पक्का रंग, लट्ठे की मिर्ज़ई, दुपल्ली टोपी और चौखाने का अंगोछा कंधे पर पड़ा हुआ था।

ककड़ियों को देखकर उसने कहा, “सिर्फ दो ही रवे हैं?”

“अभी ककड़ियाँ कहाँ? वह तो कहो, मैं चार रवे लाया था। दो बिक गये, दो ये हैं। लेना हो तो लो, मोलभाव का काम नहीं, चवन्नी लूँगा।”

बूढ़ा कहार अभी नहीं बोला था। एक युवक ने तीव्र आवाज़ में कहा, “अठन्नी लो जी, ककड़ियाँ हमें दो।”

पहलवान युवक भी कहार था। उसकी मसें अभी भीगी थीं। भुजदंडों में मछलियाँ उभर रही थीं। उसने हेरती हुई आँखों से बूढ़े कहार की ओर देखा और अठन्नी ठन से झाबे में फेंक दी। “सौदा हमसे हुआ है जी, ककड़ियाँ हम लेंगे। यह लो एक रुपया। ककड़ियाँहमें दो।”

कुंजड़ा क्षण-भर स्तम्भित रहा। उसने प्रश्नवाचक दृष्टि से युवक की ओर देखा। युवक ने कहा, “कुछ परवाह नहीं, हम दो रुपये देंगे।”

“हम पाँच रुपए देते हैं।”

“हम दस देते हैं।”

“यह लो बीस रुपये। ककड़ी तो हम खरीद चुके।”

“पच्चीस हैं यह, ककड़ी हमने ले ली।”

“हमने तीस दिए।” युवक के माथे पर बल पड़ गये। उसने कहा, “हम पचास में खरीदते हैं। लाओ ककड़ियाँ इधर दो।” बूढ़े कहार ने हँस दिया और आज्ञा की दृष्टि से युवक की ओर देखकर ज़रा सीधा खड़ा होकर उसने तेज़ स्वर में कहा, “मैंने सौ रुपये में दोनों ककड़ियाँ खरीद लीं।”

युवक कहार क्षण-भर घबराई दृष्टि से बूढ़े की ओर देखता रहा। बूढ़े ने विजय-गर्वित दृष्टि से उसे घूरते हुए कहा, “दम हो तो बढ़ो आगे। ककड़ियाँ पाँच हजार तक मेरे यहाँ जाएँगी।”

सैकड़ों आदमी इकट्ठे हो गये थे। युवक लज्जा और क्रोध से भरकर चुपचाप चल दिया। सैकड़ों कंठों से नारा बुलंद हुआ, “वाह भाई, महरा, क्यों न हो? आखिर तू है किस घराने का नौकर, जो इस समय दिल्ली की नाक है। शाबाश!”

बूढ़े ने कमर से रुपये खोलकर गिन दिए। ककड़ियाँ लीं और इस भाँति अपने मालिक के घर को चला, जैसे वह एक राज्य विजय कर लाया हो।

बूढ़े ने अपने मालिक लाला जगतनारायणजी के सामने जाकर फूलों और केले के पत्तों में लिपटी हुई ककड़ियाँ रख दीं। शाम हो चली थी।
लालाजी ने पूछा, “क्या दो ही मिलीं?”

“जी हाँ, बाज़ार-भर में सिर्फ दो ही ककड़ियाँ थीं। जिन्हें आपका सेवक सौ रुपये में खरीद लाया है।”

इसके बाद कहार ने जो घटना बाज़ार में घटी थी, सब कह सुनाई। लाला ने सब सुना। क्षण-भर वे स्तम्भित रहे। क्षण-भर बाद उन्होंने अपने गले से सोने का तोड़ा उतारकर बूढ़े के गले में डाल दिया और उसके बदन को दुशाले में लपेटकर स्वयं भी उससे लिपट गये। उनकी आँखों से आँसुओं की धारा बह निकली। उन्होंने गद्गद कंठ से कहा, “शाबाश मेरे प्यारे रामदीन, तुमने बाज़ार में मेरी प्रतिष्ठा बचा ली।” इसके बाद उन्होंने चाँदी की तश्तरी में ककड़ियों को उन्हीं गुलाब के फूलों में रखकर ऊपर कमख्वाब का एक रुमाल ढाँककर कहा, “जाओ, लाला शिवप्रसादजी से मेरा जयगोपाल कहना, और कहना कि आपके सेवक ने यह प्रेम की सौगात भेजी है और हाथ जोड़कर अर्ज की है कि स्वीकार करके इज़्ज़त अफजाई करें।”

युवक से सब घटना सुनकर शिवप्रसादजी चुपचाप मसनद पर लुढ़क गये। मुँह की गिलौरी उन्होंने थूक दी। नौकर-चाकर चिंतित हुए। पर कोई कुछ नहीं कह सकता था। थोड़ी ही देर में बूढ़े रामदीन ने आकर अदब से आगे बढ़कर तश्तरी लाला शिवप्रसादजी के सामने रख दी और हाथ जोड़कर अपने मालिक का संदेश भी निवेदन कर दिया। लाला शिवप्रसादजी चुपचाप एकटक तश्तरी में रखी दोनों ककड़ियों को देखते रहे। कुछ देर बाद उन्होंने ककड़ियाँ भीतर भिजवा दी और तश्तरी अशर्फियों से भरकर कहा, “यह तुम्हारा इनाम है। लाला जगतनारायणजी से हमारा जयगोपाल कहना।”

बूढ़े रामदीन ने झुककर सलाम किया और चला आया।

समाप्त


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *