राजकमल के सहयात्रा उत्सव में ‘भविष्य के स्वर’ विचार-पर्व आयोजित

राजकमल के सहयात्रा उत्सव में ‘भविष्य के स्वर’ विचार-पर्व आयोजित
  • राजकमल प्रकाशन के स्थापना दिवस पर हर साल होता है आयोजन
  • विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के युवा देते हैं व्याख्यान
  • समय की आहट सुनने की कोशिश है ‘भविष्य के स्वर’ विचार-पर्व

28 फ़रवरी, 2026 (शनिवार); नई दिल्ली।

राजकमल प्रकाशन के 81वें स्थापना दिवस पर शनिवार शाम आयोजित ‘सहयात्रा उत्सव’ में समकालीन साहित्य और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों पर विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर ‘भविष्य के स्वर’ विचार-पर्व के छठे अध्याय में पाँच युवा वक्ताओं—कलाकार उन्नति चौधरी, शोधार्थी-अध्येता पंकज कुमार, कवि पराग पावन, कथाकार-आलोचक शहनाज़ रहमान और पत्रकार सोनल पटेरिया ने व्याख्यान दिए।

इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने की ज़रूरत, उर्दू अदब की भूली-बिसरी महिला आवाज़ों की पुनर्पहचान, ‘डायन’ जैसी हिंसक और घातक अवधारणाओं की पड़ताल और बदलती तकनीक के दौर में कविता के रूपांतरण जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से केंद्र में रहे। वक्ताओं ने कहा कि साहित्य केवल सृजन नहीं, समाज से संवाद भी है; और संवाद तभी सार्थक होता है जब उसमें हाशिये की आवाज़ें, नई दृष्टि और महत्वपूर्ण प्रश्न शामिल हों।

उर्दू अदब में महिलाओं की आवाज़ को हाशिये पर रखा गया : शहनाज़ रहमान

‘भविष्य के स्वर’ में शहनाज़ रहमान ने ‘महिला उर्दू अदीबों की गुमशुदा आवाज़ें’ विषय पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हमारे समाज और अदब में औरत की आवाज़ को अक्सर सुना नहीं गया। उसके जज़्बात और उसकी रचनात्मकता को मर्दाना नज़रिए से आँका गया। इसी वजह से उर्दू की कई अहम महिला कलमकार इतिहास के हाशिये पर चली गईं। अब ज़रूरत है कि उन्हें सिर्फ़ ‘ख़वातीन अदब’ तक सीमित न रखा जाए। उन्हें उर्दू की मुख्य धारा और पूरी अदबी परम्परा का हिस्सा माना जाए।

कला समझ लेने से नहीं, करते रहने से बनती है : उन्नति चौधरी

उन्नति चौधरी ने ‘कहाँ से आती है मेरी कला’ विषय पर अपना वक्तव्य में कहा, मैं ठीक-ठीक नहीं बता सकती कि मेरी कला कहाँ से आती है। वह किसी एक क्षण में पैदा नहीं होती। जैसे ईंटें अचानक कमरा नहीं बन जातीं, वैसे ही एक रेखा अचानक चित्र नहीं बनती। बनने की इस प्रक्रिया में कुछ अधूरे पल होते हैं, कुछ ठहराव, कुछ दोहराव। मैं शब्दों से डरती थी, इसलिए हाथों ने रास्ता चुना। ड्रॉ करना मेरे लिए एक सुरक्षित जगह बन गई, जहाँ अर्थ तुरंत नहीं माँगा जाता। मैं संकेतों के सहारे आगे बढ़ती रही। और धीरे-धीरे समझा कि कला समझ लेने से नहीं, करते रहने से बनती है। यहीं से आती है मेरी कला।

‘डायन’ समाज द्वारा थोपी गई एक हिंसक पहचान है : सोनल पटेरिया

सोनल पटेरिया ने ‘डायन प्रथा : सूचना और सच्चाई’ विषय पर केन्द्रित अपने वक्तव्य में कहा, डायन कोई अलौकिक शक्ति नहीं है। यह समाज द्वारा थोपी गई एक हिंसक पहचान है। इसका शिकार अधिकतर गरीब, दलित और आदिवासी महिलाएँ होती हैं। बीमारी, शराब से हुई मौत या निजी झगड़े का दोष भी उन पर डाल दिया जाता है। ओझा और भीड़ के सामने उनकी आवाज़ दबा दी जाती है। यह एक ओर अन्धविश्वास और साजिश का, तो दूसरी ओर कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता का मसला हैं।

लोकतंत्र को समावेशी बनाने के लिए नीतियों पर पुनर्विचार ज़रूरी : पंकज कुमार

पंकज कुमार ने ‘वैश्वीकरण, सामाजिक न्याय और अतिपिछड़ा वर्ग’ विषय पर बोलते हुए कहा, 1990 के बाद देश में वैश्वीकरण और सामाजिक न्याय की राजनीति साथ-साथ चली। लेकिन इनका लाभ सभी पिछड़े समुदायों तक बराबर नहीं पहुँचा। कुछ प्रभावशाली जातियाँ आगे बढ़ीं, जबकि कारीगर और अतिपिछड़े समुदाय पीछे रह गए। आज ये समुदाय केवल प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि समान अवसर, सम्मानजनक जीवन और नीतिगत हिस्सेदारी की माँग कर रहे हैं। लोकतंत्र को वास्तविक अर्थों में समावेशी बनाना है तो नीतियों और राजनीतिक हिस्सेदारी पर नए सिरे से विचार करना होगा।

आज की कविता पढ़ने से ज्यादा सुने जाने की कविता है : पराग पावन

पराग पावन ने ‘कविता का कल’ विषय पर अपना वक्तव्य देते हुए कहा, इक्कीसवीं सदी की कविता पढ़े जाने से अधिक सुने जाने की कविता बनने जा रही है। तकनीक ने हमारी आँख और कान—दोनों को गहराई से प्रभावित किया है। कविता का रिश्ता इन दोनों से है, इसलिए उसकी भाषा और रूप बदलना तय है। सोशल मीडिया के शोर में सच्ची कविता की पहचान आसान नहीं होगी। कल की कविता वही होगी जो अनुभवों के एकदम बीच खड़ी होकर, जोखिम उठाते हुए, मनुष्य की जटिल सच्चाइयों का ईमानदार आख्यान रचे।

अपनी जिम्मेदारियों का अहसास कराता है सहयात्रा उत्सव

‘भविष्य के स्वर’ विचार-पर्व के छठे अध्याय की प्रस्तावना रखते हुए राजकमल प्रकाशन के प्रबन्ध निदेशक अशोक महेश्वरी ने कहा, 2019 से ‘भविष्य के स्वर’ के माध्यम से हम गंभीर और संभावनाशील युवा प्रतिभाओं को मंच दे रहे हैं। पिछले पाँच अध्यायों में इस मंच से हमने जिन 28 युवा प्रतिभाओं को सुना, उन्होंने समय के साथ अपनी क्षमता सिद्ध की है। आज पाँच और नई प्रतिभाएँ हमारे सामने हैं। हम यह दावा नहीं करते कि हमारे द्वारा चुने गए नाम ही पूरी युवा रचनात्मकता का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन इतना जरूर कहेंगे कि वे उन महत्वपूर्ण आवाज़ों में शामिल हैं जो अपने क्षेत्र में गंभीर और उल्लेखनीय काम कर रही हैं। यह देखकर व्यक्तिगत रूप से संतोष होता है कि इस मंच से जुड़े अधिकांश युवाओं ने आगे चलकर अपनी पहचान मजबूत की है।

अपने सम्बोधन में अशोक महेश्वरी ने कहा, राजकमल के 60वें स्थापना वर्ष पर सहयात्रा उत्सव की शुरुआत इसी सोच के साथ की गई थी कि इसे एक उत्सव की तरह मनाया जाए। यह ऐसा अवसर हो जहाँ अनौपचारिक माहौल में किताबों, हिन्दी समाज और साहित्य के भविष्य से जुड़े सवालों पर खुलकर बातचीत की जा सके। यह उत्सव हमें अपनी जिम्मेदारियों का अहसास कराता है और पाठकों-लेखकों का साथ हमारे संकल्पों को शक्ति देता है।

प्रकाशन केवल बाज़ार से तय नहीं होता

अपने संबोधन में आगे उन्होंने प्रकाशन की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा, हमारा विश्वास है कि प्रकाशन केवल बाजार से तय नहीं होता; ऐसी किताबों को भी जगह मिलनी चाहिए जिनका स्थायी साहित्यिक और सामाजिक महत्व हो। राजकमल की यात्रा एक समावेशी और प्रगतिशील समाज के सपने से जुड़ी है, और हम उसी दिशा में निरन्तर काम कर रहे हैं।

समय की आहट सुनने की कोशिश है ‘भविष्य के स्वर’ विचार-पर्व

राजकमल प्रकाशन ने 2019 में अपने स्थापना दिवस के अवसर पर ‘भविष्य के स्वर’ विचार-पर्व की शुरुआत की थी। इस शृंखला का उद्देश्य नई पीढ़ी की दृष्टि से समय की आहट को समझना और समकालीन समाज तथा साहित्य के ज्वलंत प्रश्नों पर संवाद का मंच तैयार करना रहा है। पिछले पाँच अध्यायों में 28 युवा वक्ता अपने विचार रख चुके हैं। 2026 का आयोजन इस शृंखला का छठा अध्याय है। इस विचार-पर्व के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से आने वाले उन युवाओं को आमंत्रित किया जाता है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में गंभीर और उल्लेखनीय संभावनाएँ जगाई है। ‘भविष्य के स्वर’ का उद्देश्य साहित्य, कला, संस्कृति और सामाजिक चिंतन के क्षेत्र में उभर रही नई दृष्टियों, अनुभवों और हस्तक्षेपों को व्यापक पाठक-समुदाय तक पहुँचाना है।


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Author

  • 'एक बुक जर्नल' साहित्य को समर्पित एक वेब पत्रिका है जिसका मकसद साहित्य की सभी विधाओं की रचनाओं का बिना किसी भेद भाव के प्रोत्साहन करना है।
    सन् 2012 से हम यह कार्य निरंतर रूप से कर रहे हैं। यह प्रोत्साहन रचनाओं के ऊपर पाठकीय टिप्पणी प्रकाशित करके, नयी साहित्यिक कृतियों की जानकारी साझा करके, साहित्य से जुड़ी खबरे साझा करके और लेखकों द्वारा भेजी गयी उनकी रचनाओं को प्रकाशित करके किया जाता है। हमारी कोशिश है एक वृहद पाठक वर्ग तक इन जानकारियों को पहुँचाया जाए।
    आप भी साहित्य और लेखन से सम्बंधित लेख, अपनी पुस्तक का अंश और अपनी रचनाएँ हमें भेज कर इस मुहिम में सहयोग दे सकते हैं।
    हमारा पता है: contactekbookjournal@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *