लेखक विनोद कुमार शुक्ल की नवीन पुस्तक हिंद युग्म प्रकाशन द्वारा प्रकाशित होकर आ गयी है। लेखक विनोद कुमार शुक्ल की यह नवीन पुस्तक ‘कहानियों का कहानियाँना‘ है जिसमें लेखक की अब तक अप्रकाशित रही 12 कहानियों को प्रकाशित किया गया है। पुस्तक का लोकार्पण हालिया समाप्त हुए हिंद युग्म उत्सव में हुआ था।

पुस्तक के ऑनलाइन उपलब्ध होने की खबर हिंद युग्म के संस्थापक शैलेश भारतवासी द्वारा अपने फेसबुक वॉल पर 25 सितंबर को दी गयी। उन्होंने लिखा:
हिंद युग्म उत्सव 2025 में विनोद कुमार शुक्ल का नया कहानी-संग्रह ‘कहानियों का कहानियाँना’ लोकार्पित हुआ। आज से यह संग्रह अमेज़न पर उपलब्ध है। इस संग्रह में विनोद कुमार शुक्ल द्वारा लिखित छोटी और बड़ी कहानियाँ संकलित हैं, जो अन्यत्र कहीं भी प्रकाशित नहीं हुई हैं। सीमित पाठकों के लिए विनोद कुमार शुक्ल के ऑटोग्राफ़ इसके पहले पृष्ठ पर दर्ज है।
बताते चलें प्रकाशक हिंद युग्म ने चौथे हिंद युग्म उत्सव में लेखक विनोद कुमार शुक्ल को 30 लाख की रॉयल्टी का चेक प्रदान करके चर्चा के केंद्र में खड़ा कर दिया है। ऐसे में नवीन पुस्तक का भी आना उनके प्रशंसकों के लिए एक सोने पर सुहागा है।
ज्ञात हो लेखक विनोद कुमार शुक्ल हिंदी के सशक्त हस्ताक्षर हैं जिन्होंने अपनी कविताओं और कथाओं से अपने पाठकों के बीच एक खास जगह बनायी है। उनके नौ कविता संग्रह, पाँच कहानी संग्रह और छह उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं। नौकर की कमीज़ और दीवार में खिड़की रहती थी उनकी चर्चित रचनाएँ हैं। अपने लेखन के लिए उन्हें ‘ज्ञानपीठ पुरस्कार’, ‘गजानन माधव मुक्तिबोध फेलोशिप’, ‘राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान’, ‘शिखर सम्मान’ (मध्य प्रदेश शासन), ‘हिंदी गौरव सम्मान’ (उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान), ‘रज़ा पुरस्कार’, ‘दयावती मोदी कवि शेखर सम्मान’, ‘रघुवीर सहाय स्मृति पुरस्कार’, ‘दीवार में खिड़की रहती है‘ के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार मिल चुका है। उनकी रचनाएँ कई भाषाओं में अनूदित हो चुकी हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय साहित्य में उपलब्धि के लिए वर्ष 2023 के प्रतिष्ठित पेन/नाबोकोव पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
पुस्तक लिंक: अमेज़न