2025 की तीसरी तिमाही की दैनिक जागरण बेस्ट सेलर सूची हुई जारी, इन पुस्तकों ने बनाई कथेतर श्रेणी में जगह

दैनिक जागरण बेस्ट सेलर लिस्ट हुई जारी; इन किताबों ने सूची में बनाई जगह

दैनिक जागरण द्वारा वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही यानी जुलाई से सितम्बर के बीच सबसे ज्यादा बिकने वाली किताबों की सूची जारी की जा चुकी है। कथा, कथेतर, अनुवाद और कविता श्रेणी में यह सूची जारी की गयी है। कथेतर श्रेणी में जिन पुस्तकों ने जगह बनाई है वह निम्न हैं:

मिथकों से विज्ञान तक – गौहर रज़ा
मिथकों से विज्ञान तक - गौहर रज़ा | पेंगविन रैंडम हाउस

पुस्तक विवरण:

मानव ने सवाल पूछना और जवाब ढूँढ़ना कब शुरू किया पता नहीं, पर एक बार शुरू किया तो सवालों और जवाबों का सिलसिला कभी नहीं रुका। इन्हीं सवालों और जवाबों की तलाश ने मानव ज्ञान की हर शाख़ को जन्म दिया। मिथक, कहानियाँ, धर्म, दर्शन, अध्यात्म, दर्शन, विज्ञान―प्रश्नों के उत्तर की तलाश का ही नतीजा हैं। सवालों की इस भीड़ में दो बड़े सवाल थे : ब्रह्मांड की उत्पत्ति और जीव-जंतु और मानव की उत्पत्ति कैसे और क्यों हुई। इतिहास हमें ये बताता है की कैसे और क्यों पूछने में एक बुनियादी अंतर है। कैसे से शुरू होने वाले सवाल हमें विज्ञान की तरफ ले जाते हैं और क्यों से शुरू होने वाले सवालों की तलाश हमें अध्यात्म और धर्म की तरफ। यह किताब ब्रह्मांड और जीवन के विकास की बदलती कहानी के उदाहरण को दर्शाती हुई ‘विज्ञान’ की परिभाषा चिह्नित करने की एक कोशिश है। इतिहास के पन्ने पलटते हुए यह किताब बताती है कि विज्ञान को, अध्यात्म और धार्मिक ज्ञान को छुए बिना, और इनके बीच लकीर खींचे बिना, पारभाषित नहीं किया जा सकता। विज्ञान और धार्मिक ज्ञान में कई बुनियादी तरह के फ़र्क़ में से एक अहम फ़र्क़ ये है कि विज्ञान में पुराने सच को ग़लत साबित करने पर जश्न मनाया जाता है और धर्म में हमेशा के सच पर उंगली उठाने से संकट पैदा हो जाता है।

प्रकाशक: पेंगुइन रैंडम हाउस | पुस्तक लिंक: अमेज़न

बहुत दूर कितना दूर होता है – मानव कौल
बहुत दूर कितना दूर होता है - मानव कौल | हिंद युग्म

पुस्तक विवरण:

एक संवाद लगातार बना रहता है अकेली यात्राओं में। मैंने हमेशा उन संवादों के पहले का या बाद का लिखा था… आज तक। ठीक उन संवादों को दर्ज करना हमेशा रह जाता था। इस बार जब यूरोप की लंबी यात्रा पर था तो सोचा, वो सारा कुछ दर्ज करूँगा जो असल में एक यात्री अपनी यात्रा में जीता है। जानकारी जैसा कुछ भी नहीं… कुछ अनुभव जैसा.. पर ठीक अनुभव भी नहीं। अपनी यात्रा पर बने रहने की एक काल्पनिक दुनिया। मानो आप पानी पर बने अपने प्रतिबिंब को देखकर ख़ुद के बारे में लिख रहे हों। वो ठीक मैं नहीं हूँ… उस प्रतिबिंब में पानी का बदलना, उसका खारा-मीठा होना, रंग, हवा, सघन, तरल, ख़ालीपन सब कुछ शामिल हैं। इस यात्रा-वृत्तांत को लिखने के बाद पता चला कि असल में मैं इस पूरी यात्रा में एक पहेली की तलाश में था… जिसका जवाब यह किताब है। —मानव कौल

प्रकाशक: हिंद युग्म | पुस्तक लिंक: अमेज़न

प्रोफेसर की डायरी- लक्ष्मण यादव
प्रोफेसर की डायरी - प्रो. लक्ष्मण यादव

पुस्तक विवरण:

यह किताब डायरी, नोट्स और टिप्पणियों की शैली में अपने समय की तफ्तीश करती है। इसमें समाज और राजनीति की बड़ी परिघटनाएं हैं तो इसके बीच बनते हुए एक प्रबुद्ध नौजवान की कहानी भी है। यह आज़मगढ़ के पिछड़े किसान परिवार में पैदा होता है। इलाहाबाद और दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ायी करता है। दशक भर से ज़्यादा दिल्ली के एक कॉलेज में अध्यापन करता है। उसके कंधों पर गरीब परिवार की अपेक्षाओं और अपने सपनों का वज़न है। वह अकेला है। वह असमंजस, असुरक्षा और अनिश्चितता से घिरा हुआ है। वह डरा हुआ है। मगर वह किताबों को नौकरी पाने का जरिया नहीं बनाता, उनसे अपने समाज को समझने का नज़रिया हासिल करता है। सत्ताएँ उसे डराती हैं तो वह डरने की बजाय दुस्साहसी होता जाता है। धीरे-धीरे उसकी समझ, दायित्वबोध और लोकप्रियता का दायरा बढ़ता जाता है। वह क्लास के छात्रों से सुदूर ग्रामीण लोगों तक का प्रोफ़ेसर बन जाता है। यह फिक्शनल है, क्योंकि इसमें संज्ञाएँ बदल दी गयी हैं. यह नॉनफ़िक्शन है, क्योंकि शैक्षणिक संस्थानों की स्थिति, सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियाँ रत्ती-रत्ती सही हैं। इसमें इसमें कथा, संवाद और सटायर है तो वक्तृता और विश्लेषण की चमक भी।

प्रकाशक: अनबाउंड स्क्रिप्ट | पुस्तक लिंक: अमेज़न

महाराणा: सहस्त्र वर्षों का धर्मयुद्ध – ओमेंद्र रत्नू
महाराणा: सहस्त्र वर्षों का धर्मयुद्ध - ओमेंद्र रत्नू

पुस्तक विवरण:

इस क्षणभंगुर अस्तित्व में यदि कोई तत्त्व स्थायी हैं तो वे हैं आत्मसम्मान तथा स्वतंत्रता। ये तत्त्व, बहुत मूल्य चुका कर प्राप्त होते हैं। मेवाड़ के महान सिसोदिया राजवंश ने अपने सुख, संपत्ति व जीवन का मूल्य चुकाकर ये तत्त्व हिंदू समाज को सहजता से दे दिए। एक सहस्त्र वर्षों तक अरावली में यायावरों का सा जीवन जीने वाले मेवाड़ के इन अवतारी पुरुषों के कारण ही भारत में आज केसरिया लहराता है।

यह पुस्तक उन महापुरुषों के प्रति हिंदू समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रयास है। लेखक ने निष्पक्ष प्रामाणिकता से भारत के इतिहास के साथ हुए व्यभिचार को उजागर किया है । यह पुस्तक स्थापित भ्रांतियों को भंग करने के अतिरिक्त नई मान्यताओं को भी स्थापित करती है।

प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न

काशी: सत्य, ज्ञान और मोक्ष का संगम स्थल – पी नवीन कुमार
काशी: सत्य, ज्ञान और मोक्ष का संगम स्थल - पी नवीन कुमार

पुस्तक विवरण:

काशी का नाम तो सुना होगा, ये नाम नहीं सुना तो बनारस या वाराणसी तो सुना ही होगा यह सब एक ही जगह के नाम है। ऐसा कहा जाता है ये नगरी स्वयं महादेव ने बसायी है और ये उनके त्रिशूल पर टिकी हुयी है यही कारण है कि जब कभी भविष्य में पूरी सृष्टि प्रलय के प्रहार को सह रही होगी तब भी काशी ऐसी ही स्थिर, दृढ़ और चिरकाल तक वैसी ही बनी रहेगी जैसी आज है, प्रलय से बिल्कुल अछूती।

प्रकाशक: राजकमल प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न

बेगमपुल से दरियागंज- यशवंत व्यास
बेगमपुल से दरियागंज - यशवंत व्यास | पेंगुइन रैंडम हाउस

पुस्तक विवरण:

हिंदी पल्प की दुनिया का एक ऐसा अध्ययन जिसमें अंतरराष्ट्रीय प्रेरणाओं और भारतीय भाषाओं के लोकप्रिय साहित्य का सही तरीके से लेखा-जोखा किया गया है। इसमें बातचीत, बैठकें, कहानियाँ, शोध और विश्लेषण शामिल हैं। बेगमपुल एक ऐसी जगह है जहाँ कई पल्प लेखक तब घूमते रहते थे जब मेरठ हिंदी पल्प का बाज़ार हुआ करता था। दिल्ली के दरीबा और खारी बावली से पहले मेरठ के शास्त्री नगर-ईश्वर नगर, वाराणसी और इलाहाबाद (अब प्रयागराज) का बोलबाला था। स्कूली किताबों में छिपकर इसे पढ़ने के लिए पागल पाठकों के लिए यह जादू कैसे पैदा हुआ? “बेगम पुल से दरियागंज―देसी पल्प की दिलचस्प दास्तान” हिंदी पल्प साहित्य के समृद्ध ताने-बाने की एक दिलचस्प खोज पेश करती है, इसकी जड़ों, विकास और इसे आकार देने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों की खोज करती है। यह उन चहल-पहल भरी सड़कों, जीवंत कवर और आकर्षक कहानियों के प्रति श्रद्धांजलि है, जिन्होंने लाखों लोगों को आकर्षित किया।

प्रकाशक: पेंगुइन रैंडम हाउस | पुस्तक लिंक: अमेज़न

मेवाड़ एवं मराठों की सहस्त्र वर्षों की शौर्य गाथा – रघु हरि डालमिया/विवेक मिश्र
मेवाड़ एवं मराठों की सहस्त्र वर्षों की शौर्य गाथा - रघु हरि डालमिया/विवेक मिश्र

पुस्तक विवरण:

तुष्टीकरण की राजनीति से प्रेरित सरकारों एवं दरबारी इतिहासकारों द्वारा तैयार किए गए पाठ्यक्रम में हमें मोहम्मद गोरी से लेकर मुगल शासकों तक का विस्तृत वर्णन तो मिलता है, किंतु हमें यह नहीं बताया जाता कि महाराणा प्रताप के पिता का क्या नाम था, हमें कभी बताया ही नहीं गया कि महाराणा हम्मीर सिंह ने मोहम्मद बिन तुगलक को, महाराणा कुम्भा ने मालवा के महमूद खिलजी को, महाराणा साँगा ने तथाकथित दिल्ली सल्तनत के शासक इब्राहिम लोधी को महीनों तक बंदी बनाकर रखा।

यह भी नहीं बताया गया कि मराठा स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज ने एक ही समय में पुर्तगाली, मुगल, अंग्रेज, सिद्दी तथा आदिलशाह आदि विदेशी आक्रांताओं के साथ युद्ध करके उन्हें परास्त किया था। पेशवा बालाजी विश्वनाथ और पेशवा बाजीराव प्रथम के बारे में भी नहीं बताया गया, जिन्होंने न केवल मुगल साम्राज्य को उखाड़ फेंका था, बल्कि दिल्ली के तख्त पर अब कौन सा मुगल बादशाह बैठेगा, यह भी मराठे तय करने लगे थे।

आइये! मेवाड़ एवं मराठा स्वराज्य की गौरवपूर्ण ऐतिहासिक यात्रा की ओर अग्रसर होते हैं, ताकि हम अपने महापुरुषों द्वारा किए गए पराक्रम का स्मरण कर अपने अस्तित्व को पहचानें और भारत को पुनः विश्वगुरु बनाएँ।

प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न

रूह – मानव कौल
रूह - मानव कौल | हिंद युग्म

पुस्तक विवरण:

मैं जब इस किताब को लिखने, अपनी पूरी नासमझी के साथ कश्मीर पहुँचा तो मुझे वहाँ सिर्फ़ सूखा पथरीला मैदान नज़र आया। जहाँ किसी भी तरह का लेखन सम्भव नहीं था। पर उन ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलते हुए मैंने जिस भी पत्थर को पलटाया उसके नीचे मुझे जीवन दिखा, नमी और प्रेम। मैं कहीं भी बचकर नहीं चला हूँ। जो जैसा है में, जैसा जीवन मैं देखना चाहता हूँ, उसे भी दर्ज करता चलता हूँ। कभी लगता है कि मैं पिता के बारे में लिखना चाहता था और कश्मीर लिख दिया और जब कश्मीर लिखने बैठा तो पिता दिखाई दिए। मेरी सारी यादें वहीं हैं जब हम चीज़ों को छू सकते थे। मैं छू सकता था, अपने पिता को, उनकी खुरदुरी दाढ़ी को, घर की खिड़की को, खिड़की से दिख रहे आसमान को, बुख़ारी को, काँगड़ी को। अब इस बदलती दुनिया में वो सारी पुरानी चीज़ें मेरे हाथों से छूटती जा रही हैं। उन छूटती चीज़ों के साथ-साथ मुझे लगता है मैं ख़ुद को भी खोता चला जा रहा हूँ। आजकल जो भी नयी चीज़ें छूता हूँ वो अपने परायेपन की धूल के साथ आती हैं। मैं जितनी भी धूल झाड़ूँ, मुझे अपनापन उन्हीं पुरानी चीज़ों में नज़र आता है। लेकिन जब उनके बारे में लिखने बैठता हूँ तो यक़ीन नहीं होता कि वो मेरे इसी जनम का हिस्सा थीं।

—किताब की भूमिका से

प्रकाशक: हिन्द युग्म | पुस्तक लिंक: अमेज़न

लोग जो मुझमें रह गए – अनुराधा बेनीवाल
लोग जो मुझमें रह गए -  अनुराधा बेनीवाल

पुस्तक विवरण:

एक लड़की जो अलग-अलग देशों में जाती है और अलग-अलग जींस और जज़्बात के लोगों से मिलती है। कहीं गे, कहीं लेस्बियन, कहीं सिंगल, कहीं तलाक़शुदा, कहीं भरे-पूरे परिवार, कहीं भारत से भी ‘बंद समाज’ के लोग। कहीं जनसंहार का—रोंगटे खड़े करने और सबक देने वाला—स्मारक भी वह देखती है जिसमें क्रूरता और यातना की छायाओं के पीछे ओझल बेशुमार चेहरे झलकते हैं।

उनसे मुख़ातिब होते हुए उसे लगता है, सब अलग हैं लेकिन सब ख़ास हैं। दुनिया इन सबके होने से ही सुंदर है। क्योंकि सबकी अपनी अलहदा कहानी है। इनमें से किसी के भी नहीं होने से दुनिया से कुछ चला जाएगा। अलग-अलग तरह के लोगों से कटकर रहना हमें बेहतर या श्रेष्ठ मनुष्य नहीं बनाता। उनसे जुड़ना, उनको जोड़ना ही हमें बेहतर मनुष्य बनाता है; हमारी आत्मा के पवित्र और श्रेष्ठ के पास हमें ले जाता है। ऐसे में उस लड़की को लगता है—मेरे भीतर अब सिर्फ़ मैं नहीं हूँ, लोग हैं।

लोग जो मुझमें रह गए—‘आज़ादी मेरा ब्रांड’ कहने और जीने वाली अनुराधा बेनीवाल की दूसरी किताब है। यह कई यात्राओं के बाद की एक वैचारिक और रूहानी यात्रा का आख्यान है जो यात्रा-वृत्तांत के तयशुदा फ्रेम से बाहर छिटकते शिल्प में तयशुदा परिभाषाओं और मानकों के साँचे तोड़ते जीवन का दर्शन है।

‘यायावरी आवारगी’ श्रृंखला की यह दूसरी किताब अपनी कंडीशनिंग से आज़ादी की एक भरोसेमंद पुकार है।

प्रकाशक: राजकमल प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न

भारतवर्ष के आक्रांताओं की कलंक कथाएँ – परशुराम गुप्त
भारतवर्ष के आक्रांताओं की कलंक कथाएँ - परशुराम गुप्त

पुस्तक विवरण

प्रस्तुत पुस्तक भारतीय इतिहास के कुछ ऐसे दुर्दांत आक्रांताओं के कुत्सित कुकृत्यों पर प्रकाश डालती है | महमूद गजनवी के आक्रमण से पहले भारत में सूफियों को छोड़कर इसलाम का शायद ही कोई अनुयायी रहा हो | लेकिन सैयद सालार मसूद गाजी के आक्रमण के समय, सलल्‍्तनत काल तथा मुगल काल में धर्म-परिवर्तन का नंगा नाच किया गया | धर्म-परिवर्तन न करने पर जजिया कर लादा गया, जो कि मुगल काल तक चलता रहा | इस कालखंड में भारतीय संस्कृति को पददलित करने का हरसंभव प्रयास किया गया। इसमें नालंदा विश्वविद्यालय का पुस्तकालय जलाने से लेकर अनेक मह्त्त्वपूर्ण मंदिरों व श्रद्धाकेंद्रों को ध्वस्त करना प्रमुख था। इन्हें न केवल ध्वस्त किया गया, बल्कि इन पर उन्होंने अपने उपासना-स्थलों का निर्माण भी किया | सिकंदर और उसके बाद 712 ई. से लेकर 1947 तक भारतवर्ष के लुठेरों की काली करतूतों के कारण भारत आअँधेरे के गिरफ्त में छटठपटाता रहा, लुठता रहा। इन्होंने भरतीय संस्कृति, परंपराओं और मान्यताओं को नष्ट किया, हमारी शिक्षा व्यवस्था, उद्योग, व्यापार, कलाओं और जीवनमूल्यों पर निरंतर प्रहार करके भारतवर्ष की समृद्धि और सामर्थ्य को खंडित किया | यह पुस्तक इन क्रूरों और आततायियों की नृशंसता और पाशविकता की झलक मात्र देती है, जो हर भारतीय को भीतर तक उद्वेलित कर देगी कि हमारे पूर्वजों ने इन नरपिशाचों के हाथों कितने दुःख और कष्ट सहे |

प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न

अन्य पुस्तकें जिन्होंने विस्तृत सूची में जगह बनायी:
  1. आक्रांता क्रूरता और षड्यंत्र – रघु हरि डालमिया | प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  2. जितनी मिट्टी उतना सोना – अशोक पांडे | प्रकाशक: हिंद युग्म | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  3. रॉ सीक्रेट एजेंट्स – हर्षा शर्मा | प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  4. तुम पहले क्यों नहीं आए – कैलाश सत्यार्थी | प्रकाशक: राजकमल प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  5. कतरने – मानव कौल | प्रकाशक: हिंद युग्म | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  6. गांधी मैदान – अनुरंजन झा | प्रकाशक: हिंद युग्म | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  7. डायनेमिक डी एम – डॉ हीरालाल एवं कुमुद वर्मा | प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  8. विभाजन की विभीषिका – मनोहर पुरी | प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  9. कांग्रेस प्रेसिडेंट्स फाइल – विष्णु शर्मा | प्रकाशक: प्रभात प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न
  10. यूँ गुजरी है अब तलक – सीमा कपूर | प्रकाशक: राजकमल प्रकाशन | पुस्तक लिंक: अमेज़न


FTC Disclosure: इस पोस्ट में एफिलिएट लिंक्स मौजूद हैं। अगर आप इन लिंक्स के माध्यम से खरीददारी करते हैं तो एक बुक जर्नल को उसके एवज में छोटा सा कमीशन मिलता है। आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। ये पैसा साइट के रखरखाव में काम आता है। This post may contain affiliate links. If you buy from these links Ek Book Journal receives a small percentage of your purchase as a commission. You are not charged extra for your purchase. This money is used in maintainence of the website.

Author

  • 'एक बुक जर्नल' साहित्य को समर्पित एक वेब पत्रिका है जिसका मकसद साहित्य की सभी विधाओं की रचनाओं का बिना किसी भेद भाव के प्रोत्साहन करना है।
    सन् 2012 से हम यह कार्य निरंतर रूप से कर रहे हैं। यह प्रोत्साहन रचनाओं के ऊपर पाठकीय टिप्पणी प्रकाशित करके, नयी साहित्यिक कृतियों की जानकारी साझा करके, साहित्य से जुड़ी खबरे साझा करके और लेखकों द्वारा भेजी गयी उनकी रचनाओं को प्रकाशित करके किया जाता है। हमारी कोशिश है एक वृहद पाठक वर्ग तक इन जानकारियों को पहुँचाया जाए।
    आप भी साहित्य और लेखन से सम्बंधित लेख, अपनी पुस्तक का अंश और अपनी रचनाएँ हमें भेज कर इस मुहिम में सहयोग दे सकते हैं।
    हमारा पता है: contactekbookjournal@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *