अंग्रेजी में अनूदित सर्वश्रेष्ठ स्कैंडिनेवियाई अपराध साहित्य के लिए दिए जाने वाले वार्षिक पुरस्कार द पेट्रोना अवॉर्ड के लिए वर्ष 2025 की लॉन्ग लिस्ट जारी कर दी गयी है। इस सूची में फिनलैंड (2), आइसलैंड (3), नॉर्वे (5) और स्वीडन (2) की 12 पुस्तकों ने जगह बनाई है। घोषणा पुरस्कार के ब्लॉग पर पोस्ट के माध्यम से की गयी है।
जिन पुस्तकों ने लॉन्ग लिस्ट में जगह बनाई है वो निम्न हैं:

- डेड आइलैण्ड – सैमुएल ब्योर्क, अनुवाद: चार्लोट बार्सलुंड (नॉर्वे, बैंटम) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- मर्डर अंडर द मिडनाइट सन – स्टेला ब्लोम्क्विस्ट, अनुवाद: क्वेंटिन बेट्स (आइसलैंड, कोरिलस बुक्स) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- द विडोज़ – पास्कल एंगमन, अनुवाद: नील स्मिथ (स्वीडन, लेजेंड प्रेस) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- डिलिवर मी – मालिन पर्स्सोन गिओलिटो, अनुवाद: रेचेल विल्सन-ब्रॉयल्स (स्वीडन, साइमन ऐंड शूस्टर) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- द डांसर – ओस्कार गुडमुण्डसन, अनुवाद: क्वेंटिन बेट्स (आइसलैंड, कोरिलस बुक्स) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- विक्टिम – योर्न लियर हॉर्स्ट और थोमस एंगर, अनुवाद: मेगन ई. टर्नी (नॉर्वे, ओरेंडा बुक्स) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- ब्लड टाइज़ – जो नेस्बो, अनुवाद: रॉबर्ट फर्ग्यूसन (नॉर्वे, हारविल सेकर) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- द सी सेमेट्री – अस्लाक नोरे, अनुवाद: डेबोरा डॉकिन (नॉर्वे, मैक्लहोस प्रेस) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- श्राउडेड – सोल्वेग पॉल्सडॉत्तिर, अनुवाद: क्वेंटिन बेट्स (आइसलैंड, कोरिलस बुक्स) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- द क्लूज़ इन द फ्योर्ड – सातु रैम्यो, अनुवाद: क्रिस्टियन लन्दन (फिनलैंड, जैफ्रे) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- घोस्ट आइलैण्ड – मैक्स सीक, अनुवाद: क्रिस्टियन लन्दन (फिनलैंड, माउंटेन लेपर्ड प्रेस) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
- पर्स्यूड बाय डेथ – गुन्नार स्टालेसेन, अनुवाद: डॉन बार्टलेट (नॉर्वे, ओरेंडा बुक्स) | पुस्तक लिंक: अमेज़न
इस लॉन्ग लिस्ट में जहाँ नए लेखक मौजूद हैं तो वहीं अनुभवी और पूर्व पेट्रोना पुरस्कार विजेता (पास्कल एंगमन, मालिन पर्स्सोन गिओलिटो, योर्न लियर हॉर्स्ट, गुन्नार स्टालेसेन) मौजूद हैं। छोटे बड़े दोनों ही तरह के प्रकाशकों की पुस्तकों ने इस लिस्ट में जगह बनाई है।
पुरस्कार की शार्ट लिस्ट की घोषणा 18 सितंबर 2025 को की जायेगी।
द पेट्रोना अवॉर्ड

वर्ष 2013 से हर वर्ष द पेट्रोना पुरस्कार के माध्यम से स्कैंडिनेवियाई अपराध साहित्य के उपन्यासों में से सर्वश्रेष्ठ उपन्यास का चुनाव कर उसे पेट्रोना अवॉर्ड से सम्मानित किया जाता रहा है। पुरस्कार के विजेता को ट्रॉफी प्रदान की जाती है। वहीं लेखक और अनुवादक को सम्मान राशि भी प्रदान की जाती है।
इस पुरस्कार का नाम ब्रिटिश संपादक मैक्सीन क्लार्क, जिनका स्कैंडिनेवियाई अपराध साहित्य के प्रचार प्रसार में अभूतपूर्व योगदान रहा था, के ब्लॉग के नाम पर रखा गया है। मैक्सीन क्लार्क के गुजरने के बाद उनकी याद में इस पुरस्कार को दिया जाने लगा था। पुरस्कार के लिए यू के में पुरस्कार वितरण वर्ष से एक वर्ष पूर्व प्रकाशित अंग्रेजी में अनूदित हर वो अपराध उपन्यास मान्य होता है जिसे स्कैंडिनेवियाई लेखक द्वारा लिखा गया हो या उपन्यास स्कैंडिनेवियाई देश में बसाया गया हो।