हिंदी बाल-साहित्य के लिए वार्षिक तौर पर दिए जाने वाले हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार की घोषणा की जा चुकी है। वर्ष 2025 में दो साहित्यकारों को यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। यह घोषणा हरिकृष्ण देवसरे न्यास की वेबसाइट पर की गयी।
वर्ष 2025 का हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार लेखिका मीनू त्रिपाठी को उनकी पुस्तक ‘हरियाली की ओर’ और लेखक समीर गांगुली को उनकी पुस्तक ‘मिशन ग्रीन वॉर‘ के लिए प्रदान किया जाएगा। दोनों पुस्तकें बाल पाठकों के मन में पर्यावरण के प्रति संवेदना जागृत करने का कार्य सफलता पूर्वक करती हैं।

दोनों साहित्यकारों को 20 दिसम्बर 2025 को साहित्य अकादमी सभागार में होने वाले एक कार्यक्रम में आयोजित होने वाले एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
बताते चलें वर्ष 2014 से हर वर्ष हरिकृष्ण देवसरे न्यास द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार दिया जाता है। न्यास का मुख्य उद्देश्य आज के लेखकों को ऐसा साहित्य लिखने के लिए प्रेरित करना है जो न केवल मानवीय मूल्यों को समाहित किये हुए हो वरन बच्चों को यथार्थ की पृष्ठभूमि पर आने वाले कल का सामना करने के लिए जागरूक बना, वैज्ञानिक सोच से आप्लावित कर कल्पनाशीलता से भर सके और बालमन को बाँधने में सक्षम हो। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर यह पुरस्कार दिया जाता है। पिछले वर्ष लेखक सुशील शुक्ल को उनकी पुस्तक ‘एक बटे बारह‘ के लिए यह पुरस्कार दिया गया था।
