लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रांगण में आयोजित गोमती पुस्तक महोत्सव के साहित्यिक मंच पर रविवार को लेखक गौरव कुमार निगम की पुस्तक ‘स्कैंडल इन लखनऊ’ का लोकार्पण सम्पन्न हुआ। यह एक अपराध कथा है जिसे लखनऊ की पृष्ठभूमि पर बुना गया है। पुस्तक को हिंदी जगत के प्रतिष्ठित प्रकाशन प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित किया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ लेखक गोविंद ने पुस्तक का विमोचन किया और लेखक को शुभकामनाएँ दीं।
अपने सम्बोधन में गोविन्द ने कहा कि किस्सागोई हिंदुस्तान की प्राचीन लोककलाओं में से एक है और रहस्यकथाएँ उसकी धड़कन रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘स्कैंडल इन लखनऊ’ उसी परम्परा को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाती है।
लेखक गौरव कुमार निगम ने बताया कि यह किताब सिर्फ़ रहस्यकथा नहीं बल्कि लखनऊ की पृष्ठभूमि पर रचा गया एक रोमांचक उपन्यास है, जिसमें शहर की तहज़ीब और संस्कृति को कहानी के ताने-बाने में पिरोया गया है।

लेखक अरविंद कुमार ने पुस्तक की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थानीय और आधुनिक भाषा का ऐसा दिलचस्प प्रयोग अब कम देखने को मिलता है।

इस मौके पर लेखक के प्रशंसकों भी मौजूद रहे जिन्होंने अपने शहर की पृष्ठभूमि में बसाये इस उपन्यास को हाथों हाथ लिया।
बताते चलें इससे पूर्व गौरव कुमार निगम की ‘कहानियों के दस्तख़त’, ‘ब्रांडसूत्र’ और ‘द ग्रेट सोशल मीडिया ट्रायल’ जैसी कृतियाँ पाठकों के बीच चर्चित रह चुकी हैं। पुस्तक ‘स्कैंडल इन लखनऊ’ अमेज़न और सभी ऑनलाइन प्लैटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।