लेखक आनंद कुमार सिंह की नवीन पुस्तक रिलीज़ हो चुकी है। उनका नवीन उपन्यास ‘टिक टॉक टिक टॉक’ साहित्य विमर्श प्रकाशन द्वारा प्रकाशित किया गया है। पुस्तक के रिलीज़ होने की घोषणा प्रकाशन द्वारा अपने फेसबुक पृष्ठ पर की गयी।
इस बार अपने पाठकों के लिए आनंद कुमार सिंह एक ऐसी रोमांचकथा लेकर आये हैं जिसमें विज्ञान गल्प की कल्पना के साथ-साथ प्रेम में डूबे ऐसे व्यक्ति की वेदना भी है जिसके प्रेम को नियति ने बड़ी क्रूरता से उससे छीन लिया था। आनंद कुमार सिंह का यह नवीन उपन्यास आशुतोष रोहिल्ला नामक शख्स की कहानी कहता है। अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद उसके कातिल का पता लगाने के लिए उसे जब भूतकाल में जाने का मौका मिलता है तो वो क्या निर्णय लेता है और उसके इस निर्णय का उसके जीवन में क्या असर पड़ता है यह पुस्तक इसकी कहानी बयान करती है।
पुस्तक के शीर्षक के विषय में बताने को जब लेखक को कहा गया तो उन्होंने एक बुक जर्नल को बताया, “पुस्तक का शीर्षक ‘टिक टॉक टिक टॉक’ नायक की समय के साथ लगी दौड़ को इंगित करता है। और यह दौड़ कैसे लगती है और इसका क्या परिणाम होता है ये तो पाठकों को पुस्तक पढ़कर ही पता चलेगा?”

बताते चलें आनंद कुमार सिंह पेशे से पत्रकार हैं। करीब दो दशक के अपने पत्रकारिता कैरियर में उन्होंने कई राष्ट्रीय टीवी चैनल व समाचार पत्रों में कार्य किया है। आनंद कुमार सिंह की यह तीसरी पुस्तक है। इससे पूर्व वह एक रोमकॉम उपन्यास ‘रुक जा ओ जाने वाली‘और एक रहस्यकथा ‘हीरोइन की हत्या‘ लिख चुके हैं जिन्हें पाठकों द्वारा काफी पसंद किया गया था।
टिक टॉक टिक टॉक साहित्य विमर्श प्रकाशन की वेबसाइट और सभी ऑनलाइन पोर्टल्स से क्रय की जा सकती है।
