संस्करण विवरण:
फॉर्मैट: ई-बुक | पृष्ठ संख्या: 45 | प्रकाशक: अमेज़न ओरिजनल स्टोरीज़ | शृंखला: द शिवर्स #1
पुस्तक लिंक: अमेज़न

कहानी
डेनिस लैंग एक प्रोफेसर था जिसकी एक प्यार करने वाली बीवी थी और कॉलेज में उसकी काफी इज्जत थी। वह छात्रों के बीच काफी प्रसिद्ध भी था।
पर फिर उससे एक ऐसी गलती हो गई कि पत्नी ने उसे घर से निकाल दिया और अब उसकी नौकरी जानी तय है।
ऐसे में डेनिस लैंग एक किराए के घर में रह रहा है और अपने दुखों को शराब में बहा रहा है।
ऐसे ही एक दिन उसकी नजर घर के पास मौजूद साइकमोर (गूलर) पेड़ पर पड़ी। वह एक विशालकाय पेड़ जो इस तरह से जमीन से उठा हुआ था जैसे कोई जानवर चीख रहा हो और उस पेड़ पर उसे एक जैक नाइफ (फल वाला चाकू) गढ़ा हुआ मिला। इस पेड़ का अपना इतिहास रहा है जिसके विषय में जानकर डेनिस को लगता है की वो एक रोचक कहानी सुना सकता है और अपने बर्बाद होते जीवन में कुछ पा सकता है।
आखिर क्या था पेड़ का इतिहास? क्या डेनिस अपने मकसद में कामयाब हो पाया? पेड़ में धँसे जैकनाइफ का क्या रहस्य था?
टिप्पणी
जो हिल (Joe Hill) द्वारा लिखित ‘जैकनाइफ’ किंडल में अमेज़न ओरिजनल स्टोरीज़ (Amazon Original Stories) द्वारा प्रकाशित ‘द शिवर्स कलेक्शन’ (The Shivers Collection) का भाग है। इसमें 5 अलग अलग लेखकों की कहानियाँ हैं जिन्हें अलग अलग प्रकाशित किया गया है। यह सब कहानियाँ एक थीम पर लिखी गयी हैं। इस संग्रह के थीम है ऐसी कहानी लिखना जिसमें किरदार अपने आस-पास फैली पारलौकिक ताकतों को उजागर करते हैं। फिर उसका उनके जीवन उनके द्वारा उजागर की गयी ताकत से जिस तरह प्रभावित होता है वह कहानी बनती है।
उपन्यासिका का मुख्य किरदार डेनिस लैंग (dennis lange) नाम का प्रोफेसर है जिसकी एक नासमझी के कारण उसकी शादी टूटने और नौकरी जाने के कगार पर है। उसकी पत्नी से उसे घर से निकाल दिया है और वो एयरबीएनबी के माध्यम से एक घर किराए पर लेता है।
इस घर के आसपास उसे एक पेड़ मिलता। पर ये आम पेड़ नहीं है। इसका अपना इतिहास रहा है। डेनिस की एक गलती से वो पेड़ जागृत हो जाता है और अँधेरे में विचरण करने लगता है। आगे क्या होता है यही कहानी बनती है।
कहानी रोचक है। डेनिस के किरदार और किस तरह उसकी एक नासमझी उसके पूरे जीवन को बर्बाद कर देती है यह इसमें दर्शाया है। किस तरह इस कारण वो नशे में डूबता है और मानसिक संतुलन खोने की कगार पर पहुँच जाता है वह भी दिखता है। ऐसे में यह शैतानी पेड़ कहानी में रोमांच का तड़का लगाता है। लेखक ने अधिक समय पेड़ और डेनिस के इतिहास को दर्शाने में लगाया है और इन हिस्सों में हॉरर ना के बराबर है। केवल एक शराबी किरदार का प्रसंग है और उसमें भी कुछ होता दिखता नहीं है। एक अंदाजा ही पाठक को लगाना होता है।
पेड़ और उससे जुड़ा इतिहास भी लेखक दर्शाते हैं और कहानी को ऐसे बिंदु पर खत्म करते हैं जो पाठकों पर ये सोचने की जिम्मेदारी छोड़ देता है कि कहानी में आगे क्या हुआ होगा।
कहानी पठनीय है पर मुझे लगता है कि कथानक में भय के तत्वों को थोड़ा और उभारा जा सकता था। अभी इस मामले में थोड़ा कमी लगती है। एक परिस्थिति भी आई थी जिसमें एक किरदार तब डेनिस के इस नये घर में आता/आती है जब तो वहाँ नहीं होता है। पर लेखक इस परिस्थिति को ऐसे ही जाने देते हैं और जल्दी से अंत तक कहानी ले आते हैं। अगर इसका प्रयोग करते तो कहानी में हॉरर के तत्व और बढ़ सकते थे। हाँ, डेनिस की मुसीबतें तो बढ़ती ही तो पढ़ते हुए ऐसा लगा जैसे यहाँ तक पहुँचकर लेखक को डेनिस से सहानुभूति हो गई और उसकी मुसीबत बढ़ाने के बजाए उन्होंने कहानी अंत करना बेहतर समझा।
कहानी अभी जल्दबाजी में अंत में लायी गयी लगती है। अंत भयावह जरूर है लेकिन लेखक उसमें भी एक संशय छोड़ देते हैं।
अंत में यही कहूँगा की ‘द शिवर्स कलेक्शन’ (The Shivers Collection) की पहली प्रस्तुति ‘जैकनाइफ’ एक पठनीय रचना है। अगर हॉरर की अपेक्षा न रखें तो आप कहानी का अधिक लुत्फ़ ले पाएँगे।
संग्रह की अन्य रचनाएँ भी पढ़ी जाएँगी।
पुस्तक लिंक: अमेज़न